HomeHealth & Fitnessडीजीपी राजीव कृष्ण ने प्रशिक्षु PCS अधिकारियों को दिए सुशासन व पुलिस-प्रशासन...

डीजीपी राजीव कृष्ण ने प्रशिक्षु PCS अधिकारियों को दिए सुशासन व पुलिस-प्रशासन समन्वय के मंत्र

लखनऊ। पुलिस मुख्यालय में बुधवार को प्रान्तीय सिविल सेवा (PCS) के 90वें आधारभूत प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत 41 प्रशिक्षु अधिकारियों ने उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक (DGP) राजीव कृष्ण से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान डीजीपी ने प्रशिक्षु अधिकारियों को प्रशासनिक दायित्वों, जनसमस्याओं के समाधान और पुलिस-प्रशासन के बेहतर समन्वय के महत्व के बारे में मार्गदर्शन दिया।

पुलिस महानिदेशक ने प्रशिक्षु PCS अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रशिक्षण पूरा करने के बाद वे विभिन्न महत्वपूर्ण प्रशासनिक जिम्मेदारियों का निर्वहन करेंगे, जिसमें उपजिलाधिकारी (SDM) का पद जनसरोकारों से सीधे जुड़ा हुआ अत्यंत महत्वपूर्ण दायित्व है। उन्होंने कहा कि एक सक्षम और संवेदनशील प्रशासनिक अधिकारी के रूप में पुलिस समेत अन्य विभागों के साथ प्रभावी समन्वय स्थापित कर जनसमस्याओं का त्वरित, निष्पक्ष और पारदर्शी समाधान सुनिश्चित करना उनकी प्रमुख जिम्मेदारी होगी।

डीजीपी ने कहा कि प्रशासन और पुलिस के बीच बेहतर तालमेल ही सुशासन, प्रभावी कानून-व्यवस्था और जनता के विश्वास की आधारशिला है। उन्होंने बताया कि तहसील स्तर पर उपजिलाधिकारी कार्यालय आम जनता की समस्याओं और शिकायतों के निस्तारण का प्रमुख केंद्र होता है।

उन्होंने भूमि विवाद और भू-स्वामित्व से जुड़े मामलों को संवेदनशील बताते हुए कहा कि आम नागरिक के लिए उसकी जमीन केवल संपत्ति नहीं बल्कि उसके जीवनयापन, सम्मान और भविष्य का आधार होती है। इसलिए ऐसे मामलों में निष्पक्षता, संवेदनशीलता और समयबद्ध कार्रवाई बेहद जरूरी है।

पुलिस महानिदेशक ने प्रशिक्षु अधिकारियों को जनशिकायतों के प्रभावी निस्तारण पर जोर देते हुए कहा कि शिकायत समाधान एक निरंतर प्रक्रिया है, जिसके लिए नियमित समीक्षा और निगरानी आवश्यक है। उन्होंने खाद, बीज, बिजली, सिंचाई और पेयजल जैसी मूलभूत समस्याओं के समाधान में एसडीएम की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।

उन्होंने प्रशिक्षु अधिकारियों से कहा कि वे अपनी प्रतिभा और क्षमता का उपयोग पूरी निष्ठा, ईमानदारी और दक्षता के साथ शासकीय दायित्वों को निभाने में करें तथा जनहित को हमेशा सर्वोच्च प्राथमिकता दें।

भेंटवार्ता के दौरान प्रशिक्षु अधिकारियों ने डीजीपी से विभिन्न विषयों पर सवाल पूछे, जिनका उन्होंने जवाब दिया और सभी के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर प्रशिक्षु अधिकारी सुश्री सोनाली सिंह ने उत्तर प्रदेश पुलिस का आभार व्यक्त करते हुए डीजीपी को स्मृति चिन्ह भेंट किया। वहीं डीजीपी की ओर से भी प्रशिक्षु अधिकारियों को स्मृति चिन्ह प्रदान किया गया।

कार्यक्रम के दौरान प्रशिक्षु PCS अधिकारियों ने पुलिस मुख्यालय स्थित सोशल मीडिया सेंटर, कंट्रोल रूम, साइबर क्राइम मुख्यालय, जीआरपी मुख्यालय और यूपी-112 मुख्यालय का भ्रमण किया तथा वहां की कार्यप्रणाली और आधुनिक तकनीकी व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments