श्रावस्ती जनपद के सिरसिया विकासखंड की ग्राम पंचायत दुर्गापुर के जोखवा बाजार में एक हैंडपंप पिछले एक वर्ष से खराब पड़ा है। सिरसिया मार्ग पर पुलिस चौकी के पास स्थित इस हैंडपंप के बंद होने से स्थानीय निवासियों और राहगीरों को शुद्ध पेयजल के लिए भटकना पड़ रहा है। बाजार क्षेत्र होने के कारण यहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोगों का आवागमन होता है। पेयजल सुविधा ठप होने से लोग या तो दूर से पानी लाने को मजबूर हैं या बाजार से खरीदकर अपनी जरूरत पूरी कर रहे हैं। स्थानीय निवासियों राजन तिवारी, राम धीरज विश्वकर्मा, खुर्शीद अली, जितेंद्र कुमार, लाल बहादुर लाल और उस्मान सहित अन्य लोगों ने बताया कि हैंडपंप की मरम्मत के लिए कई बार संबंधित अधिकारियों और ग्राम पंचायत से शिकायत की गई है। हालांकि, अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीणों का आरोप है कि यह हैंडपंप आसपास के लोगों और राहगीरों के लिए पेयजल का मुख्य स्रोत था। शिकायतों के बावजूद केवल आश्वासन दिए गए, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ, जिससे उन्हें भारी असुविधा हो रही है। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द से जल्द खराब हैंडपंप की मरम्मत कराने या वैकल्पिक पेयजल व्यवस्था करने की मांग की है, ताकि लोगों को शुद्ध पानी के लिए भटकना न पड़े। इस संबंध में ग्राम प्रधान प्रतिनिधि उदय भान वर्मा ने बताया कि हैंडपंप के पास से 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन गुजरती है और वहीं एक ट्रांसफार्मर भी लगा है। इससे करंट उतरने का खतरा बना रहता है। उन्होंने बताया कि संबंधित विभाग को हैंडपंप को सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित करने के लिए रिपोर्ट भेजी गई है। विभागीय अनुमति मिलने के बाद हैंडपंप को दूसरी जगह स्थापित किया जाएगा, जिससे स्थानीय लोगों और राहगीरों को सुरक्षित पेयजल मिल सकेगा। ग्रामीणों को उम्मीद है कि उनकी यह समस्या जल्द ही हल हो जाएगी।
जोखवा बाजार में एक साल से हैंडपंप खराब:लोग पानी को भटक रहे, प्रशासन से समाधान की मांग
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












