HomeHealth & Fitnessपुलिस कस्टडी में पति ने दी पत्नी और बच्चों को मुखाग्नि, घटना...

पुलिस कस्टडी में पति ने दी पत्नी और बच्चों को मुखाग्नि, घटना से दिल दहला

देवरिया। जिले के मेहड़ा पुरवा मोहल्ले में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत के बाद बुधवार को बेहद भावुक और हृदयविदारक दृश्य देखने को मिला। पोस्टमार्टम के बाद देर शाम पुलिस कस्टडी में पति निराला विश्वकर्मा ने अपनी पत्नी अंजली (30) और दोनों मासूम बेटों कृष्णा (8) व नागेंद्र (7) को मुखाग्नि पटनवा पुल में किया।

इस दर्दनाक मंजर को देख मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं। बताया जा रहा है कि मंगलवार को संदिग्ध परिस्थितियों में अंजली और उसके दोनों बेटे घर में बेहोशी की हालत में मिले थे।

परिजनों द्वारा उन्हें तत्काल मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने अंजली और कृष्णा को मृत घोषित कर दिया था। वहीं बुधवार को छोटे बेटे नागेंद्र की भी इलाज के दौरान मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी थी और पति निराला को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी ।

प्रारंभिक जांच में पारिवारिक विवाद की बात सामने आई है। बताया जा रहा है कि पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था।मामले में नया मोड़ तब आया जब मृतका के भाई हरिकेश ने निराला पर गंभीर आरोप लगाए।

उसने पुलिस को दी गई तहरीर में कहा कि उसकी बहन को लंबे समय से प्रताड़ित किया जा रहा था और कई बार इसको लेकर पंचायत भी हुई थी। उसने आशंका जताई कि या तो उसकी बहन को जहर दिया गया या फिर प्रताड़ना से तंग आकर उसने यह कदम उठाया।

पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला जहर खाने का प्रतीत हो रहा है, हालांकि वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।

पुलिस सभी पहलुओं आत्महत्या, हत्या और पारिवारिक विवाद—को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। इसी बीच बुधवार देर शाम पोस्टमार्टम के बाद तीनों शवों का अंतिम संस्कार पटनवा पुल पर कराया गया।

पुलिस की निगरानी में निराला ने अपने परिवार को मुखाग्नि दी। यह दृश्य इतना मार्मिक था कि मौके पर मौजूद हर व्यक्ति भावुक हो उठा। इस हृदयविदारक घटना से पूरे इलाके में शोक का माहौल है, वहीं लोग इस घटना की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

 

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments