भारत-नेपाल सीमा से सटे रुपईडीहा कस्बे में पुलिस और औषधि विभाग की संयुक्त टीम ने नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने एक हिस्ट्रीशीटर आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 15 शीशी कोडीनयुक्त कफ सिरप बरामद की। यह कार्रवाई नेपाल रोड स्थित केवलपुर इलाके में राणा पेट्रोल पंप के पास संचालित एक कोल्ड ड्रिंक की दुकान पर की गई। आरोप है कि इस दुकान की आड़ में लंबे समय से नशीली कफ सिरप बेची जा रही थी। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद औषधि निरीक्षक विनय कृष्ण और थाना रुपईडीहा प्रभारी निरीक्षक रमेश सिंह रावत ने शुक्रवार को संयुक्त छापेमारी की। छापेमारी के दौरान पुलिस ने दुकान संचालक ओमप्रकाश सोनी को गिरफ्तार किया। वह साकेत नगर, थाना रुपईडीहा का निवासी है। तलाशी में उसके पास से 15 शीशी एक्स-टी कफ सिरप (प्रत्येक 100 एमएल) बरामद हुई। पुलिस के मुताबिक, आरोपी बिना लाइसेंस के प्रतिबंधित कफ सिरप का अवैध कारोबार कर रहा था। पुलिस ने बताया कि आरोपी कोल्ड ड्रिंक की दुकान की आड़ में युवाओं को नशीली कफ सिरप बेचता था। स्थानीय लोगों की शिकायतों के बाद से ही पुलिस और औषधि विभाग उसकी गतिविधियों पर लगातार नजर रख रहे थे। इस मामले में थाना रुपईडीहा पर मुकदमा संख्या 113/2026 के तहत धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट तथा औषधि एवं प्रसाधन अधिनियम 1940 की धारा 27(B)(II) और 28 के तहत केस दर्ज किया गया है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, गिरफ्तार ओमप्रकाश सोनी एक हिस्ट्रीशीटर अपराधी है। उसके खिलाफ पहले से मारपीट, धोखाधड़ी, गैंगस्टर एक्ट और एससी/एसटी एक्ट सहित कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में थाना प्रभारी, उपनिरीक्षक दीनानाथ सागर, हेड कांस्टेबल रामप्रवेश कुमार, कांस्टेबल विकास प्रजापति और औषधि विभाग के सदस्य शामिल थे।
रुपईडीहा में हिस्ट्रीशीटर कोडीन कफ सिरप के साथ गिरफ्तार:कोल्ड ड्रिंक दुकान की आड़ में चल रहा था नशे का कारोबार
RELATED ARTICLES











