पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के पीए चंद्रनाथ रथ की हत्या के मामले में उत्तर प्रदेश के राज सिंह को गिरफ्तार किया गया था। अब राज सिंह को यह कहकर छोड़ दिया गया है कि गलत पहचान के कारण उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। रिहा होने के बाद राज सिंह ने मीडिया के सामने आपबीती रखी है। राज सिंह का कहना है कि अगर सीबीआई की टीम नहीं आती तो उनका एनकाउंटर भी हो सकता था। राज ने कहा है कि उन पर दबाव बनाया गया कि वह दोष स्वीकार कर लें। उन्होंने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मांग की है कि उन्हें गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम के खिलाफ कार्रवाई हो।
6 मई को पश्चिम बंगाल में हुई चंद्रनाथ रथ की हत्या के केस में यूपी पुलिस ने राज सिंह को 11 मई को अयोध्या पुलिस की मदद से गिरफ्तार किया गया था। इससे पहले पकड़े गए विक्की मौर्य और मयंक मिश्रा की गवाही के बाद राज सिंह को गिरफ्तार किया गया। राज सिंह बलिया के रहने वाले हैं। अब राज सिंह को छोड़कर असली राज कुमार सिंह को पकड़ लिया गया है। जब तक वह पुलिस की गिरफ्त में तब तक उनकी मां ने भी कई बार कहा था कि उनका बेटा निर्दोष है।
यह भी पढ़ें: ‘उनको फांसी मत देना…’, बेटे के हत्यारों पर बोलीं चंद्रनाथ रथ की मां
राज सिंह ने क्या-क्या बताया?
अब राज सिंह ने आपबीती बताते हुए कहा है, ‘कोई राज कुमार सिंह करके है, उसका इससे वास्ता है और मुझे राज सिंह समझकर गिरफ्तार कर लिया गया। मैं तो माता जी के साथ अयोध्या गया था राम जी के दर्शन करने। दर्शन करने के बाद खाना खाने के लिए एक होटल पर रुके थे। खाना खाने के बाद हम घर जा रहे थे तो एसओजी टीम ने हमें गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार किया फिर अपने ऑफिस ले गए। मेरी मम्मी चिल्लाती रहीं, मैं बोलता रहा लेकिन उन लोगों ने हमारी बात नहीं सुनी। फिर हमसे पूछा कि तुम 6 को कहां थे। मैंने बता दिया कि कहां था। मैंने उस दिन शॉपिंग की, काम किया और अपने बलिया में थे। तब उन्होंने कहा कि नहीं तुम झूठ बोल रहे हो, तुम्हारा एनकाउंटर कर देंगे, गोली मार देंगे। मुझे बहुत डराया कि मैं अपने मुंह से बोल दूं कि मैं दोषी हूं।’
राज सिंह ने आगे बताया, ‘मैं सत्य पर था तो मैं डरा नहीं और मैंने बार-बार कहा कि मैंने नहीं किया है तो नहीं किया है। फिर कलकत्ता की पुलिस आई, मुझे ले गई और मुझे सीआईडी को सौंपा गया। वहां भी मुझे टॉर्चर किया गया। मुझसे कहा जाता था कि तुम अपराधी हो। उनकी मंशा एनकाउंटर की थी। हेडलाइन बनाना चाहते थे कि राज सिंह अपराधी है। जब से सीबीआई आई जांच में, सीबीआई ने सच दिखाया और निष्पक्ष जांच की। मैं सीबीआई को धन्यवाद देता हूं कि वह अपराधी और निर्दोष में फर्क जानती है। जो हमारे यहां की SOG नहीं जानती है। वह निर्दोष को भी दोषी बनाकर भेज देंगे या गोली मार देंगे।’
यह भी पढ़ें: सिर्फ विधायक के वेतन से BJP के सुदीप मुखर्जी ने कैसे खरीद ली 10 करोड़ की जमीन?
SOG के खिलाफ जांच की मांग
उन्होंने आगे कहा है, ‘मैं मुख्यमंत्री योगी से अपील करता हूं कि एसओजी टीम पर कार्रवाई बिठाई जाए क्योंकि मेरी छवि धूमिल की गई है और बीजेपी पर सवाल उठाए गए हैं। मैं बीजेपी का नेता हूं। आज तक मैं किसी भी अन्य पार्टी या किसी नेता के साथ नहीं रहा हूं। मेरे पिता भी बीजेपी के ही साथ हूं। सवाल उठाए गए कि मैं बीजेपी का नहीं हूं लेकिन मेरे पास प्रमाण हैं कि मैं बीजेपी का हूं।’
बता दें कि चंद्रनाथ रथ को 6 मई को घेरकर गोली मार दी गई थी और उनकी मौत हो गई। इस मामले की जांच सीबीआई कर रही है और अभी तक उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों से कई आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।












