Homeउत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh)सिद्धार्थनगर के भरौली डीह में 7 दिन से बिजली ठप:आंधी से खंभा...

सिद्धार्थनगर के भरौली डीह में 7 दिन से बिजली ठप:आंधी से खंभा गिरा, हाई मास्ट लाइट भी प्रभावित


सिद्धार्थनगर जिले के ढेबरुआ विद्युत उपकेन्द्र के अंतर्गत ग्राम पंचायत भरौली डीह और अमन तिराहा में पिछले सात दिनों से बिजली आपूर्ति बाधित है। आंधी-पानी के कारण एक बिजली का खंभा गिरने और तार टूटने से यह समस्या उत्पन्न हुई है, जिससे लगभग तीस-पैंतीस घरों के लोग प्रभावित हैं। भरौली डीह में सड़क किनारे लगा एक बिजली का खंभा आंधी-पानी की चपेट में आकर गिर गया था। इससे जुड़ा हाईटेंशन इंसुलेटेड तार भी जमीन पर पड़ा था। 9 मई, शनिवार को कुछ बिजली कर्मचारियों ने मौके पर आकर खंभे और तार को ठीक किया, लेकिन इसके बावजूद बिजली आपूर्ति बहाल नहीं की गई। स्थानीय निवासियों शिवकुमार मौर्य, समसुद्दीन, राम तीरथ, अब्दुल अली, खुर्शीद, राम बेलास, ओम प्रकाश और छोटई सहित अन्य लोगों ने बताया कि उन्होंने बिजली विभाग के कर्मचारियों को आपूर्ति बाधित होने की सूचना दी थी। लाइनमैन ने गिरे हुए खंभे और तारों को ठीक किया, लेकिन बिजली अभी भी नहीं आ रही है। बिजली आपूर्ति ठप रहने से अमन तिराहा पर शोहरतगढ़ विधायक निधि से लगाई गई हाई मास्ट लाइट भी प्रभावित है। रात के समय अंधेरा रहने से चोरी की आशंका बनी हुई है। क्षेत्रवासियों ने विधानसभा क्षेत्र शोहरतगढ़ के विधायक विनय वर्मा से इस समस्या के समाधान की अपील की है। विधायक वर्मा ने जल्द ही बिजली आपूर्ति बहाल करने का आश्वासन दिया है। वहीं, लाइनमैन विजय कुमार ने बताया कि ट्रांसफार्मर खराब होने के कारण बिजली आपूर्ति नहीं हो पा रही है और जल्द ही दूसरा ट्रांसफार्मर लगाकर आपूर्ति शुरू की जाएगी।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments