सिद्धार्थनगर जिले के किसानों की समस्याओं के समाधान एवं कृषि विभाग से संबंधित योजनाओं की समीक्षा के लिए बुधवार को लोहिया कला भवन में किसान दिवस का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में किसानों ने बिजली आपूर्ति, सिंचाई, किसान सम्मान निधि, फसल बीमा, बीज एवं कृषि दवाओं की उपलब्धता सहित विभिन्न समस्याएं प्रमुखता से उठाईं। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी बलराम सिंह भी उपस्थित रहे। बैठक की शुरुआत उप कृषि निदेशक द्वारा पिछली किसान दिवस बैठक की कार्यवाही पढ़कर की गई। इस दौरान बताया गया कि पूर्व में प्राप्त अधिकांश शिकायतों का निस्तारण कराया जा चुका है। इसके बाद विभिन्न क्षेत्रों से आए किसानों ने अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं और उनके शीघ्र समाधान की मांग की। जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन ने किसानों से अपील की कि वे अपनी समस्याएं लिखित रूप में प्रस्तुत करें, ताकि उन्हें संबंधित विभागों को भेजकर समयबद्ध और प्रभावी ढंग से निस्तारित कराया जा सके। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को किसान दिवस में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने तथा किसानों की समस्याओं का शत-प्रतिशत समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में किसानों ने किसान सम्मान निधि की लंबित किस्तों, फार्मर रजिस्ट्री में आ रही तकनीकी दिक्कतों, बिजली बिलों से जुड़ी शिकायतों, गुणवत्तापूर्ण बीज एवं कृषि दवाओं की उपलब्धता तथा सिंचाई व्यवस्था से संबंधित समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि प्राकृतिक आपदाओं अथवा अन्य कारणों से फसल क्षति झेलने वाले पात्र किसानों को योजना का लाभ समय पर मिलना चाहिए। उन्होंने बीमा दावों के निस्तारण में तेजी लाने तथा क्षतिपूर्ति की धनराशि जल्द किसानों के खातों में भेजने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार की किसान हितैषी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र किसान तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है। किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि किसान दिवस में प्राप्त शिकायतों का विभागवार पंजीकरण कर नियमित समीक्षा की जाए तथा निर्धारित समय सीमा के भीतर निस्तारण कर इसकी जानकारी किसानों को भी उपलब्ध कराई जाए। बैठक में कृषि एवं संबद्ध विभागों की योजनाओं की प्रगति की समीक्षा भी की गई। अधिकारियों को गांव स्तर पर जागरूकता अभियान चलाकर किसानों को योजनाओं की जानकारी देने के निर्देश दिए गए। बैठक के अंत में उप कृषि निदेशक राजेश कुमार ने उपस्थित अधिकारियों, किसान संगठनों के प्रतिनिधियों एवं किसानों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर जिला कृषि अधिकारी रवि शंकर पाण्डेय, एआर कोऑपरेटिव, सहायक निदेशक मत्स्य, अधिशासी अभियंता विद्युत नौगढ़ ज्ञान प्रकाश, किसान यूनियन के पदाधिकारी, बड़ी संख्या में किसान तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में किसानों की समस्याओं के समाधान को लेकर प्रशासन की सक्रियता और विभागों के बीच बेहतर समन्वय पर विशेष जोर दिया गया।
किसान दिवस में गूंजी किसानों की समस्याएं, समाधान के निर्देश:डीएम की अध्यक्षता में हुई बैठक, बिजली, सिंचाई, सम्मान निधि और फसल बीमा के मुद्दे उठे
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












