HomeUncategorizedकेन्द्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर 5 से...

केन्द्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर 5 से 21 जून तक चलेगा ’’समेकित जन-कल्याण एवं जन जागरूकता अभियान

समस्त विकास खण्डों एवं नगरीय निकायों में अभियान के तहत विभिन्न कार्यक्रम होंगे आयोजित-जिलाधिकारी

दायित्वों का निर्वहन कर अभियान को सकुशल एवं सफलतापूर्वक सम्पन्न करायें नोडल अधिकारी-जिलाधिकारी

श्रावस्ती। जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग ने बताया है कि केन्द्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर 5 से 21 जून, 2026 के मध्य जनपद में समेकित जन-कल्याण एवं जन जागरूकता अभियान का संचालन किया जाना है। जिसमें शासन के नीतिगत निर्णयों, जन केन्द्रित विकास कार्यों एवं लोक कल्याणकारी उपलब्धियों को समाज के अन्तिम पंक्त्ति के व्यक्ति तक पहुँचाने, पत्र लाभार्थियों को शासकीय योजनाओं से आध्छादित करने, जन समस्याओं के त्वरित एवं मौके पर निस्तारण तथा पर्यावरण संरक्षण को सुद्धढ़ करने के उददेश्य से इस अवधि में जनपद के समस्त विकास खण्डों एवं नगरीय निकायों में जन कल्याण एवं जन जागरूकता अभियान संचालित कर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने बताया कि उक्त अभियान के तहत 5 जून, 2026 को ’’विश्व पर्यावरण दिवस’’ के अवसर पर माननीय प्रधानमंत्री जी की अपील के अनुसार सम्पूर्ण प्रदेश में ’’एक पेड़-माँ के नाम’’ अभियान के अन्तर्गत समस्त विकास खण्डों तथा नगर निकायों के साथ-साथ समस्त ग्राम पंचायतों में वृहद वृक्षारोपण किया जाएगा।
दिनांक 8 से 14 जून, 2026 तक ’’विशेष जन-सम्पर्क एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम’’ का आयोजन किया जाएगा। जिसमें माननीय प्रभारी मंत्री जी/अन्य माननीय जनप्रतिनिधिगण एवं नोडल अधिकारियों द्वारा समाज के विभिन्न वर्गों तक शासकीय योजनाओं की जानकारी एवं उपलब्धियाँ पहुँचाने हेतु जनपद के प्रबुद्ध वर्ग यथा चिकित्सकों, अधिवक्ताओं, शिक्षकों, उद्यमियों, व्यवसायियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं आदि से सम्पर्क एवं संवाद स्थापित किया जाएगा।
11 से 14 जून, 2026 तक ’’मीडिया सम्बोधन एवं संवाद’’ कार्यक्रम का आयोजन होगा। जिसमें 12 व 13 जून, 2026 को प्रदेश स्तर पर माननीय मुख्यमंत्री जी द्वारा मीडिया को सम्बोधित किया जाएगा तथा केन्द्र एवं राज्य सरकार की अद्यतन उपलब्धियों का विवरण प्रस्तुत किया जाएगा। तत्पश्चात् जनपद में माननीय प्रभारी मंत्रिगण, केन्द्र सरकार के माननीय मंत्री अथवा बोर्ड/आयोग के वरिष्ठ पदाधिकारीगण प्रेस वार्ताएँ आयोजित कर सरकार की उपलब्धियों का प्रस्तुतीकरण करेंगे।
14 से 16 जून, 2026 तक ’’जन-कल्याण शिविर एवं स्वास्थ्य मेला’’ का आयोजन होगा। जिसमें समस्त विभाग अपनी योजनाओं एवं कार्यक्रमों की स्टॉल लगाते हुए जनसामान्य को योजनाओं की जानकारी प्रदान करेंगे तथा इच्छुक एवं पात्र व्यक्तियों का पंजीकरण कराकर योजनाओं का लाभ दिलाया जाएगा।
16 से 17 जून, 2026 तक ’’विकसित भारत संकल्प सम्मेलन’’ का आयोजन होगा। जिसमें विभिन्न विधाओं/क्षेत्रों के न्यूनतम 300 प्रबुद्ध महानुभावों/विषय-विशेषज्ञों का चयन कर सूची तैयार की जाएगी तथा जनपद में भ्रमण की योजना बनाई जाएगी। प्रत्येक प्रबुद्धजन द्वारा अभियान अवधि में न्यूनतम 3 विकास खण्डों का भ्रमण कर वहाँ आयोजित मेलों/शिविरों में केन्द्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं की उपलब्धियों पर व्याख्यान दिए जाएँ।
17 से 20 जून, 2026 तक ’’विकास प्रदर्शनी’’ का आयोजन होगा। जिसमें जनपद में आयोजित होने वाली 3-दिवसीय प्रदर्शनियों में युवा, महिला एवं गरीब कल्याण को समर्पित सरकार की उपलब्धियों तथा उत्तर प्रदेश की पहचान बन चुकी वृहद इन्फ्रास्ट्रक्चर परियोजनाओं, आध्यात्मिक केन्द्रों के विकास एवं आन्तरिक सुरक्षा के सुदृढ़ मॉडल को ’’पहले और अब’’ के प्रारूप में प्रदर्शित किया जाएगा।
18 से 19 जून, 2026 तक ’’प्राकृतिक खेती कार्यशालाएँ’’ आयोजित की जाएंगी। जिसमें प्रतिभागियों को जीवामृत, बीजामृत, प्राकृतिक खाद एवं जैविक कीटनाशक तैयार करने की प्रक्रिया के ’’लाइव डैमो जोन’’ के माध्यम से व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। गौ-आधारित प्राकृतिक खेती एवं जल-संरक्षण पर विशेष सत्र तथा ’’कम लागत, अधिक आय’’ आधारित किसान-संवाद कार्यक्रम संचालित किए जाएँगे। क्षेत्रवार फसल आधारित प्राकृतिक खेती मॉडल प्रस्तुत किए जाएँ तथा उल्लेखनीय कार्य करने वाले सफल किसानों का सम्मान किया जाएगा।
21 जून, 2026 को ’’अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस’’ के अवसर पर जिला प्रशासन द्वारा जनपद एवं ग्राम पंचायत स्तर पर भव्य योग दिवस कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। युवाओं, महिलाओं, एन0सी0सी0, पुलिस एवं स्वयंसेवी संगठनों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। अभियान अवधि में ग्रामीण क्षेत्रों में ’’रात्रि चौपाल’’ का भी आयोजन किया जाएगा, जिसमें शासकीय योजनाओं की समीक्षा एवं जन-शिकायतों का निस्तारण किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने उक्त कार्यक्रम को सफल बनाये जाने हेतु नामित सभी नोडल/सहायक नोडल अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक स्तर से शासन के निर्देशानुसार सौंपे गये बाखूबी दायित्वों का निर्वहन करें। जिससे अभियान को सकुशल एवं सफलतापूर्वक सम्पन्न किया जा सके।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments