#बस्ती_न्यूज
बहादुरपुर क्षेत्र की कलिलपट्टी ग्राम पंचायत के खारिकाभारी गांव में इस्माइल खान ने सड़क हादसों को रोकने के लिए एक पहल की है। उन्होंने अपनी निजी धनराशि से लगभग 30 हजार रुपए खर्च कर जेसीबी मशीन लगवाकर करीब एक किलोमीटर तक सड़क किनारे उगी झाड़ियों की सफाई कराई। ग्रामीणों के अनुसार, सड़क का एक खतरनाक मोड़ लंबे समय से घनी झाड़ियों से घिरा हुआ था। इन झाड़ियों के कारण सामने से आने वाले वाहन दिखाई नहीं देते थे, जिससे आए दिन बाइक और चारपहिया वाहनों के हादसे होते रहते थे। इन दुर्घटनाओं में कई लोग घायल भी हो चुके थे। ग्रामीणों ने इस समस्या को लेकर कई बार शिकायतें की थीं, लेकिन कोई स्थायी समाधान नहीं निकला था। इस्माइल खान ने बताया कि लगातार हो रहे हादसों और लोगों की परेशानी को देखकर उन्होंने खुद आगे आने का निर्णय लिया। उन्होंने जेसीबी मशीन की मदद से सड़क के दोनों किनारों की झाड़ियों को साफ कराया, ताकि राहगीरों को सुरक्षित रास्ता मिल सके। इस कार्य में ग्रामीण जहांगीर, इरफान, कैफ और गुलजार ने भी सहयोग किया। ग्रामीणों ने बताया कि यह मोड़ इतना खतरनाक था कि कुछ दिन पहले जिला पंचायत सदस्य की गाड़ी भी यहां दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी। झाड़ियों की सफाई के बाद अब रास्ता काफी साफ दिखाई देता है और दुर्घटनाओं की आशंका कम हो गई है। गांव के लोगों ने इस्माइल खान के इस कार्य की सराहना की है। उन्होंने कहा कि समाज में ऐसे लोगों की आवश्यकता है, जो बिना किसी स्वार्थ के जनहित के लिए आगे आएं। ग्रामीणों ने प्रशासन से भी मांग की है कि सड़क सुरक्षा के लिए इस मोड़ पर चेतावनी बोर्ड और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं कराई जाएं।
#बस्ती न्यूज़ टुडे
इस्माइल खान ने 30 हजार खर्च कर साफ कराईं झाड़ियां:कलिलपट्टी रोड का खतरनाक मोड़ पर कम होंगे सड़क हादसे
RELATED ARTICLES












