लखीमपुर-खीरी। मैलानी, गोला, लखीमपुर और सीतापुर क्षेत्र के हजारों रेल यात्रियों ने 55087 मैलानी–डालीगंज पैसेंजर तथा 55088 डालीगंज–मैलानी पैसेंजर ट्रेन को डालीगंज के बजाय चारबाग रेलवे स्टेशन तक संचालित किए जाने की मांग रेलवे प्रशासन से की है। यात्रियों का कहना है कि सुबह के समय 55087 मैलानी–डालीगंज पैसेंजर इस रूट की एकमात्र महत्वपूर्ण ट्रेन है, जो प्रतिदिन हजारों यात्रियों को लखनऊ पहुंचाती है। वहीं शाम को 55088 डालीगंज–मैलानी पैसेंजर ट्रेन हजारों यात्रियों को वापस उनके गंतव्य तक पहुंचाने का प्रमुख साधन है। रेल यात्रियों के अनुसार बड़ी संख्या में लोगों को चारबाग रेलवे स्टेशन से अन्य ट्रेनों द्वारा आगे की यात्रा करनी होती है, लेकिन 55087 ट्रेन डालीगंज स्टेशन पर ही समाप्त हो जाती है। ऐसे में यात्रियों को डालीगंज से चारबाग तक सड़क मार्ग का सहारा लेना पड़ता है, जिससे अतिरिक्त खर्च के साथ-साथ समय की भी बर्बादी होती है।
यात्रियों ने बताया कि इस समस्या से सबसे अधिक परेशानी बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को होती है। सामान के साथ डालीगंज से चारबाग तक का सफर तय करना उनके लिए काफी कठिन साबित होता है। इसी प्रकार शाम को लौटने वाले यात्रियों को भी चारबाग से डालीगंज पहुंचकर ट्रेन पकड़नी पड़ती है, जिससे असुविधा और बढ़ जाती है। रेल यात्रियों ने रेलवे के जिम्मेदार अधिकारियों से मांग करते हुए कहा है कि 55087 मैलानी–डालीगंज पैसेंजर को चारबाग तक बढ़ाया जाए तथा 55088 डालीगंज–मैलानी पैसेंजर का संचालन भी चारबाग रेलवे स्टेशन से किया जाए। उनका कहना है कि इस कदम से प्रतिदिन यात्रा करने वाले हजारों यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी और उनकी यात्रा अधिक सुविधाजनक हो जाएगी। यात्रियों का मानना है कि दोनों ट्रेनों का संचालन चारबाग रेलवे स्टेशन तक किए जाने से क्षेत्र के हजारों लोगों को सीधा लाभ मिलेगा और उन्हें अनावश्यक आर्थिक व शारीरिक परेशानियों से राहत मिल सकेगी।












