

गाजियाबाद । गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे गाजियाबाद के इंदिरापुरम थाना क्षेत्र स्थित कनावनी गांव में अचानक भीषण आग लग गई, जिसने देखते ही देखते सैकड़ों झुग्गियों को अपनी चपेट में ले लिया। आग इतनी तेजी से फैली कि लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला और पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
घटना के चश्मदीद आकाश के मुताबिक, झुग्गियों के ऊपर से गुजर रही बिजली की तार में शॉर्ट सर्किट हुआ, जिससे निकली चिंगारी ने आग का रूप ले लिया। बस्ती में करीब 600 झुग्गियां थीं, जिनमें से 500 से अधिक जलकर राख हो गईं।
आग लगने के बाद झुग्गियों में रखे रसोई गैस सिलेंडर एक-एक कर फटने लगे, जिससे धमाकों की आवाज दूर-दूर तक सुनाई दी और आग और भड़क गई। इलाके में मौजूद कबाड़ के गोदामों में आग लगने से हालात और भयावह हो गए, क्योंकि वहां रखे ज्वलनशील सामान ने आग को तेजी से फैलाया।
चश्मदीद ने 8 से 10 बच्चों के लापता होने की आशंका जताई है। घटना के समय कई लोग काम पर गए हुए थे, जबकि छोटे बच्चे झुग्गियों में ही मौजूद थे। आग के बाद कई परिवार अपने बच्चों की तलाश में परेशान नजर आए। हालांकि प्रशासन ने अभी तक बच्चों के लापता होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की कई टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। आग बुझाने के लिए दर्जनों दमकल गाड़ियों को लगाया गया और कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। अधिकारियों के अनुसार, कूलिंग के बाद सर्च ऑपरेशन चलाया जाएगा।
इस भीषण अग्निकांड में सैकड़ों परिवार बेघर हो गए हैं और उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। प्रशासन ने नुकसान का आकलन शुरू कर दिया है और आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।












