जौनपुर। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित लोक निर्माण विभाग की बैठक में बुधवार को वर्ष 2026-27 की कार्ययोजना पर चर्चा हुई। शाहगंज के विधायक रमेश सिंह ने जनहित से जुड़े मुद्दों पर अधिकारियों का ध्यान आकृष्ट कराया।
बैठक में विधायक ने सड़कों व सेतु निर्माण का मुद्दा उठाया। बैठक में शाहगंज विधानसभा क्षेत्र के विधायक रमेश सिंह शामिल हुए। बैठक में वर्ष 2026-27 की कार्ययोजना के अंतर्गत सड़कों, सेतुओं और जनहित से जुड़े विकास कार्यों पर विस्तार से चर्चा की गई।
विधायक रमेश सिंह ने क्षेत्र की जर्जर सड़कों के पुनर्निर्माण, नई सड़कों के निर्माण तथा लघु एवं दीर्घ सेतु निर्माण कार्यों को प्राथमिकता देने की मांग उठाई।
बैठक के दौरान विधायक रमेश सिंह ने कहा कि शाहगंज विधानसभा क्षेत्र के सतत विकास के लिए बेहतर सड़क संपर्क और मजबूत आधारभूत संरचना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने अधिकारियों से जनसमस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराने तथा ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों को जोड़ने वाले मार्गों के शीघ्र निर्माण की मांग की।
उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा के अनुरूप विकास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाया जाए ताकि आम जनता को आवागमन में सुविधा मिल सके और क्षेत्र का समग्र विकास सुनिश्चित हो।
बैठक में खेल एवं युवा कल्याण विभाग राज्य मंत्री गिरीश चंद्र यादव, मछली शहर की सपा सांसद प्रिया सरोज, जाफराबाद विधायक जगदीश नारायण राय, बदलापुर विधायक रमेशचंद्र मिश्र, जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन, सीडीओ ध्रुव खड़िया, पीडी कृष्ण करुणाकर पांडेय तथा पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता राजेंद्र प्रसाद सहित जनपद के जनप्रतिनिधि एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।












