Home Blog Page 1903

नीलगाय से टकराई बाइक:श्रावस्ती में दो लोग गंभीर रूप से घायल, प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर


श्रावस्ती के हरदत्त नगर गिरन्ट थाना क्षेत्र में शनिवार शाम एक सड़क हादसे में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। नानपारा-बदला मार्ग पर एक नीलगाय से बाइक टकराने के बाद यह घटना हुई। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद संयुक्त जिला चिकित्सालय भिनगा रेफर किया गया है। जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत हरदत्त नगर गिरन्ट के मजरा बाढ़ियनपुरवा निवासी दान बहादुर (48) पुत्र राम लखन और जितेंद्र विश्वकर्मा (35) पुत्र काशीराम अपनी बाइक से बदला चौराहा स्थित पेट्रोल पंप पर पेट्रोल भराने जा रहे थे। गिरन्ट जंगल के पास अचानक एक नीलगाय सड़क पर आ गई, जिससे उनकी बाइक अनियंत्रित होकर नीलगाय से टकरा गई। हादसे के बाद आसपास के ग्रामीणों ने तत्काल 108 एंबुलेंस को सूचना दी। एंबुलेंस (यूपी 32 ईजी 4355) के ईएमटी दीपक कुमार पांडे और पायलट सुरजीत तिवारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मल्हीपुर पहुंचाया।सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मल्हीपुर में डॉक्टर खुर्शीद खान ने दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार दिया। उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए, उन्हें आगे के इलाज के लिए संयुक्त जिला चिकित्सालय भिनगा रेफर कर दिया गया है।

खत्म हो रहीं टॉमहॉक मिसाइलें, अमेरिका के लिए कितना बड़ा झटका?

अमेरिकी सेना के सामने मिसाइलों का संकट खड़ा होने वाला है। एक महीने की जंग में अमेरिका ने ईरान के खिलाफ 850 से अधिक टॉमहॉक मिसाइलें दागीं। कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि अमेरिका टॉमहॉक मिसाइलों की कमी से जूझ रहा है। अगर इनकी भरपाई जल्द नहीं हुई तो अमेरिकी सेना के सामने बड़ा संकट खड़ा हो सकता है।

1998 में ‘इनफिनाइट रीच’ ऑपरेशन में अमेरिका ने 79 मिसाइलें दागीं। अफगानिस्तान में ‘इनड्यूरिंग फ्रीडम’ ऑपेरशन में 90 टॉमहॉक मिसाइलों को दागा गया है। 2024-25 में अमेरिकी सेना ने ‘पोसिडॉन ऑर्चर’ ऑपरेशन में हूती विद्रोहियों पर 135 टॉमहॉक मिसाइलों का इस्तेमाल किया गया। 2003 में इराक युद्ध में सबसे अधिक 802 मिसाइलों से हमला किया गया था। अमेरिका इतिहास में सबसे अधिक टॉमहॉक मिसाइलों का इस्तेमाल सिर्फ 30 दिन की जंग में ईरान के खिलाफ किया। अभी तक कुल 850 टॉमहॉक मिसाइलें दागी गईं।

अमेरिका अभी हर साल करीब 100 टॉमहॉक मिसाइलों का उत्पादन करता है। अगर उत्पादन को बढ़ाया जाए तो सालाना करीब 600 मिसाइलों का ही उत्पादन हो सकता है। अमेरिका की योजना है कि 2026 के बाद टॉमहॉक मिसाइलों का उत्पादन 1000 सालाना ले करना है। युद्ध की स्थिति में टॉमहॉक मिसाइलों का अधिक इस्तेमाल होने से स्टॉक जल्द खत्म होने का खतरा है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक अभी 3000 मिसाइलों का स्टॉक है।

यह भी पढ़ें: मुसीबत में फंसे जहाजों को बचाएगा भारत, ‘पोर्ट ऑफ रिफ्यूज’ सिस्टम चालू

टॉमहॉक लंबी दूरी तक मार करने वाली क्रूज मिसाइल है। पहले खाड़ी युद्ध के बाद से ही अमेरिका इसका खूब इस्तेमाल करता है। एक मिसाइल की कीमत करीब 30 करोड़ रुपये है। इस वर्ष अमेरिकी नौसेना को करीब 110 टॉमहॉक मिसाइलें मिलनी हैं।

अमेरिका में रक्षा विश्लेषकों को चिंता है कि अगर ईरान के खिलाफ और टॉमहॉक मिसाइलों का इस्तेमाल किया गया तो इनका भंडार जल्द खत्म हो सकता है और इसे भरने में वर्षों लगेगा। ऐसी स्थिति में अगर पश्चिमी प्रशांत क्षेत्र में युद्ध की स्थिति बनती है तो अमेरिका के सामने एक बड़ा जोखिम खड़ा होगा।

टॉमहॉक मिसाइलों के बारे में जानें

अमेरिका की टॉमहॉक सबसोनिक क्रूज मिसाइल है। इसे जमीन पर स्थित लक्ष्यों को तबाह करने की खातिर बनाया गया है। यह सभी मौसम में किसी भी देश के अंदर सैकड़ों किमी तक तबाही मचाने की क्षमता रखती है। मिसाइल को नौसेना जहाजों से लॉन्च किया जाता है। अमेरिका साल 1980 से इन मिसाइलों को बना रहा है।

पिछले साल ईरान के परमाणु प्लांटों पर भी टॉमहॉक मिसाइलों का इस्तेमाल किया गया था। यह मिसाइल युद्ध में अजमाया हुआ हथियार है। अगर भविष्य में चीन के खिलाफ कोई जंग शुरू होती है तो टॉमहॉक मिसाइलों की भूमिका सबसे अहम होगी। यही कारण है कि इनके भंडार को लेकर अमेरिका में चिंता है।

अमेरिका ने टाइफॉन लॉन्चर विकसित किया है। इसकी मदद से टॉमहॉक मिसाइल को जमीन से भी दागा जा सकता है। 2024 से यह सिस्टम फिलीपींस में तैनात है। मगर इन मिसाइलों को फाइटर जेट से लॉन्च नहीं किया जा सकता है।

यह भी पढ़ें: ईरान से भिड़कर अमेरिका में कैसे बढ़ रहीं ट्रंप की मुश्किलें? इनसाइड स्टोरी

अमेरिका अपने दुश्मनों के खिलाफ समुद्र से इन मिसाइलों को लॉन्च करता है। मिसाइल जमीन के एकदम करीब से गुजरती है। इस कारण वजह रडार को मात देने में सक्षम है। मिसाइल का रास्ता पहले से ही निर्धारित होता है। सटीक जीपीएस मैप के तहत टारगेट पर घातक हमला करती है। अमेरिकी नौसना अक्सर एयरबेस, सैन्य ठिकाने, अहम इमारतों, कमांड सेंटर, रडार और मिसाइल सिस्टम को टॉमहॉक मिसाइलों से तबाह करता है।

पुलिस अधीक्षक ने महिलाओं को किया जागरूक:हरैया सतघरवा के रामफल कॉलेज में मिशन शक्ति कार्यक्रम


हरैया सतघरवा में प्रदेश में मिशन शक्ति फेज के पांचवें चरण के तहत रामफल मेमोरियल इंटर कॉलेज में एक कार्यक्रम आयोजित किया गया। पुलिस अधीक्षक विकास कुमार इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि थे। थाना प्रभारी संतोष तिवारी और प्रधानाचार्य आलोक कुमार मिश्रा ने पुलिस अधीक्षक का बुके और स्मृति चिन्ह देकर सम्मान किया। इस दौरान छात्राओं को सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के महत्व के बारे में जागरूक किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक विकास कुमार ने कहा कि वर्तमान युग में महिलाएं सशक्त हो रही हैं। सरकार भी महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि पुलिस विभाग ने महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा के लिए शक्ति मोबाइल टीम और थाने स्तर पर महिला हेल्प डेस्क का गठन किया है। साथ ही, सभी गांवों में महिला बीट अधिकारी तैनात की गई हैं जो अपनी बीट की महिलाओं से संवाद कर रही हैं। इस मिशन का मुख्य लक्ष्य महिलाओं को सशक्त करना और उन्हें उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना है। थाना प्रभारी संतोष तिवारी ने चौपाल में महिलाओं को विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों जैसे 1090, 112, 1930 और 1098 की जानकारी दी। उन्होंने छात्राओं को शिक्षा, सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन की शासन की नीति से अवगत कराया। थाना प्रभारी ने महिलाओं से छोटे से छोटे अपराध की भी रिपोर्ट करने का आग्रह किया, ताकि आपराधिक तत्वों के विरुद्ध उचित कार्रवाई की जा सके। कार्यक्रम में खेलकूद प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को भी सम्मानित किया गया। इस अवसर पर ग्राम प्रधान गणेश प्रसाद सोनी, मोहम्मद असलम सहित कई अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

सिद्धार्थनगर में ASP ने थाने का वार्षिक निरीक्षण किया:जांच, शस्त्रों के रखरखाव, कार्यालय की व्यवस्थाओं का जायजा लिया


सिद्धार्थनगर के शिवनगर डिड़ई थाने में शनिवार को वार्षिक निरीक्षण और महिला जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह आयोजन वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन के निर्देश पर हुआ। अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार प्रसाद ने थाने का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अभिलेखों की जांच, शस्त्रों के रखरखाव, कार्यालय की व्यवस्थाओं और परिसर की साफ-सफाई का जायजा लिया गया। सभी व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं, जिसके बाद अरविंद कुमार मौर्य को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। इसी कड़ी में, मिशन शक्ति अभियान के तहत थाना परिसर में बालिकाओं और महिलाओं के लिए जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। इसमें कासिम इंटर कॉलेज गजहड़ा की छात्राओं और अध्यापिकाओं को महिला सुरक्षा और साइबर अपराधों के बारे में जानकारी दी गई। महिला आरक्षी प्रतिमा दूबे और उनकी टीम ने साइबर धोखाधड़ी से बचाव के तरीके बताए। उन्होंने हेल्पलाइन नंबरों के उपयोग और मोबाइल में ऑटो डाउनलोड बंद रखने जैसी महत्वपूर्ण जानकारी दी। किसी भी प्रकार की धोखाधड़ी होने पर तुरंत 1930 पर कॉल करने की सलाह दी गई। पुलिस टीम ने महिलाओं को आपात स्थिति में तत्काल सहायता लेने के लिए प्रेरित किया। अधिकारियों ने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने, शिक्षा पर ध्यान देने और समाज में अपनी मजबूत भागीदारी सुनिश्चित करने का संदेश दिया। इस कार्यक्रम में पुलिसकर्मियों के साथ स्थानीय नागरिक भी उपस्थित रहे।

हरनामपुर चौराहे पर भंडारे का आयोजन:शतचंडी महायज्ञ के बाद श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया


बृजमनगंज नगर पंचायत के हरनामपुर चौराहे पर स्थित मां दायिनी मंदिर में शनिवार शाम श्री शतचंडी महायज्ञ की पूर्णाहुति के उपरांत विशाल भंडारे का आयोजन किया गया जो देर रात तक चला। इस भंडारे का नेतृत्व मंदिर के संरक्षक रामेश्वर गुप्ता, सहयोगी सीतललाल गुप्ता और सिद्धेश्वर चौरसिया ने किया। बृजमनगंज क्षेत्र के सैकड़ों श्रद्धालुओं ने इसमें भाग लिया और प्रसाद ग्रहण किया। नगर पंचायत अध्यक्ष राजेश जायसवाल ने अपने सभासदों के साथ भंडारे में पहुंचे और प्रसाद खाए। उन्होंने कमेटी को सहयोग भी प्रदान किया। श्रद्धालुओं ने मां दायिनी की पूजा-अर्चना के बाद खीर, पूड़ी और सब्जी का प्रसाद ग्रहण किया। कई श्रद्धालु प्रसाद अपने घर भी ले गए। इस अवसर पर गणेश गुप्ता, आशीष जायसवाल, राकेश यादव, ओम प्रकाश चौधरी सहित क्षेत्र के सैकड़ों गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

मारपीट मामले में छह आरोपी गिरफ्तार:बहराइच पुलिस ने सभी को न्यायालय भेजा


बहराइच जनपद के खैरीघाट थाना क्षेत्र के बल्दूराम टेपरा गांव में मारपीट के एक मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है। इस घटना में छह आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया गया है। थानाध्यक्ष आनंद सिंह ने बताया कि मामले में नामजद आरोपी पिंटू पुत्र लायक़राम, राजेश पुत्र संतराम, रवि पुत्र महेश, राकेश पुत्र नकछेद, फारुख पुत्र आबिद अली और सरवर पुत्र फैयाज को पुलिस टीम ने दबिश देकर पकड़ा। गिरफ्तारी की यह कार्रवाई उप निरीक्षक शिवकुमार शर्मा, कांस्टेबल शिवकुमार पांडेय और विकास दूबे की संयुक्त टीम द्वारा की गई। सभी गिरफ्तार आरोपियों को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस ने कहा है कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसी कार्रवाईयां जारी रहेंगी और अव्यवस्था फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

छावनी में व्यक्ति की बाइक चोरी:मोबाइल, एटीएम और नकदी भी गायब, पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की


छावनी थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति की बाइक, मोबाइल, एटीएम कार्ड और 150 रुपये नकद चोरी हो गए। यह घटना तब हुई जब व्यक्ति नशे की हालत में था। पीड़ित राम निहाल यादव, जो कौवा डांड, थाना छावनी के निवासी हैं, ने इस संबंध में छावनी पुलिस को तहरीर दी है। तहरीर के अनुसार, राम निहाल यादव अपने घर से छावनी थाना क्षेत्र के गौशाला खेसुआ गांव गए थे। वापस लौटते समय छावनी ओवरब्रिज के पास उनके साथ यह वारदात हुई। छावनी थानाध्यक्ष चंदन कुमार मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
#बस्ती_न्यूज
#बस्ती न्यूज़ टुडे

सुजौली पेट्रोल पंप पर तेल लेने उमड़ी भीड़:अफवाहों के बाद पुलिस ने संभाला मोर्चा, वितरण जारी


सुजौली क्षेत्र के चफ़रिया पेट्रोल पंप पर शनिवार को तेल लेने के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। थानाध्यक्ष प्रकाश चंद्र शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मोर्चा संभाला और भीड़ को नियंत्रित करते हुए लोगों को कतारबद्ध तरीके से तेल वितरित करवाया। इस दौरान पेट्रोल पंप पर बाइक और चार पहिया वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। भीड़ की स्थिति ऐसी थी कि एक युवक अपनी बाइक की टंकी खोलकर तेल लेने पहुंच गया, जो लोगों के बीच चर्चा का विषय बना रहा। पेट्रोल पंप मालिक संतोष मौर्य ने बताया कि लोग अफवाहों के चलते पहले से ही तेल जमा कर रहे थे, जिसके कारण भीड़ बढ़ गई। उन्होंने स्पष्ट किया कि तेल की कोई कमी नहीं है और जरूरतमंदों को उनकी आवश्यकतानुसार तेल दिया जा रहा है। लोगों को अफवाहों से बचने के लिए भी जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि बाइक में 2 लीटर और चार पहिया वाहनों में 5 से 10 लीटर तक तेल दिया जा रहा है। थानाध्यक्ष प्रकाश चंद्र शर्मा ने लोगों को जागरूक करते हुए कहा कि तेल की कहीं कोई कमी नहीं है। उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और तेल जमा न करने की अपील की। उन्होंने यह भी कहा कि वाहन का उपयोग जरूरत के अनुसार ही करें और तेल का वितरण लगातार जारी रहेगा।

बिजली से लेकर रियल स्टेट तक, क्या है जनविश्वास विधेयक जिसमें किए गए ढेरों बदलाव?

शुक्रवार को केंद्र सरकार ने लोकसभा में जन विश्वास (प्रावधानों का संशोधन) विधेयक, 2026 पेश किया। इस विधेयक का मकसद छोटे-छोटे गलतियों को अपराध की श्रेणी से बाहर करना है, ताकि लोगों के लिए जीवन आसान हो सके। यह विधेयक वाणिज्य और उद्योग राज्यमंत्री जितिन प्रसाद ने लोकसभा में पेश किया।

इस विधेयक से 23 मंत्रालयों के अधीन आने वाले 79 केंद्रीय कानूनों में बदलाव किए जाएंगे, कुल 784 प्रावधानों को संशोधित किया जाएगा, इनमें से 717 प्रावधानों को अपराध की श्रेणी से हटाकर डीक्रिमिनलाइज किया जाएगा, जिससे व्यापार आसान होगा और 67 प्रावधानों में बदलाव करके आम लोगों के जीवन को आसान बनाने (ईज ऑफ लिविंग) की कोशिश की गई है।

यह भी पढ़ें: पश्चिम एशिया के संकट से कैसे उबरेगा भारत? लोकसभा में PM मोदी ने बताया

क्या-क्या बदलाव हो रहे हैं?

विधेयक में प्रस्तावित मुख्य बदलाव इस प्रकार हैं-

  1. मोटर वाहन अधिनियम में बदलाव: ड्राइविंग लाइसेंस खत्म होने के बाद 30 दिन का ग्रेस पीरियड दिया जाएगा। इस दौरान लाइसेंस अभी भी मान्य होगा।

  2. खाद्य सुरक्षा और मानक अधिनियम, 2006: जब्त किए गए सामान (जैसे खाना या वाहन) से छेड़छाड़ करने पर पहले 6 महीने की सजा थी, अब इसे घटाकर 3 महीने कर दिया जाएगा।

  3. कैटल ट्रेसपास एक्ट (पशु घुसपैठ अधिनियम): 153 साल पुराने इस कानून में अब बड़ा बदलाव देखेने को मिलेगा। कई अपराधों को अपराध की श्रेणी से हटा दिया जाएगा। जेल की सजा की जगह सिर्फ पैसे का जुर्माना लगेगा और जो जुर्माना वसूला जाएगा, उसे पशु कल्याण के काम में लगाया जाएगा।

  4. बिजली अधिनियम: सरकारी आदेशों का पालन न करने पर जेल की सजा हटा दी जाएगी। इसके बजाय जुर्माना बढ़ाकर 10 लाख रुपये तक किया जाएगा।

  5. नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (NDMC) अधिनियम: संपत्ति कर को अब दो हिस्सों में बांटा जाएगा, बिल्डिंग टैक्स और खाली जमीन का टैक्स। पुरानी व्यवस्था बदल दी जाएगी।

  6. स्लम एरिया (सुधार और सफाई) अधिनियम, 1956: अब जेल की सजा की जगह 10,000 रुपये तक का जुर्माना लगेगा। अगर उल्लंघन जारी रहा तो रोजाना 1,000 रुपये अतिरिक्त जुर्माना लगेगा, लेकिन कुल मिलाकर 1 लाख रुपये से ज्यादा नहीं होगा।

  7. रियल एस्टेट (घर खरीदारों को राहत): अगर कोई व्यक्ति रियल एस्टेट अपीलेट ट्रिब्यूनल के आदेश का पालन नहीं करता तो पहले 1 साल तक जेल हो सकती थी। अब इसकी जगह संपत्ति की कीमत का 10% तक जुर्माना लग सकता है।

  8. सरकारी जगह पर बिना इजाजत कब्जा: अब सजा बहुत सख्त होगी। पहले महीने में लाइसेंस फीस का 40 गुना तक जुर्माना लग सकता है। उसके बाद हर महीने 10% अतिरिक्त बढ़ेगा। सार्वजनिक गैर-आवासीय जमीन पर अवैध कब्जे पर 6 महीने की जेल या जमीन के मूल्य का 5% प्रति वर्ष जुर्माना या दोनों हो सकते हैं।

  9. दिल्ली नगर निगम अधिनियम: अगर कोई कुत्ता बिना पट्टे (लीश) के सड़क पर घूमता पाया गया तो मालिक पर 50 रुपये की जगह अब 1,000 रुपये का जुर्माना लगेगा।

  10. मेट्रो रेलवे अधिनियम: नशे में होना, आपत्तिजनक सामान ले जाने जैसे अपराधों पर जुर्माना 500 रुपये से बढ़ाकर 2,500 रुपये कर दिया जाएगा।

यह भी पढ़ें: ‘देश में तेल और गैस की कोई कमी नहीं’, लोकसभा में हरदीप पुरी का दावा

सरकार का उद्देश्य

सरकार का कहना है कि छोटे-मोटे अपराधों में जेल भेजने की बजाय जुर्माना लगाकर काम चलाया जाए। इससे लोगों को परेशानी कम होगी और आम लोगों का जीवन भी आसान बनेगा। यह विधेयक पास होने के बाद कई पुराने सख्त कानूनों में राहत मिलेगी।

बहराइच में राम जन्मोत्सव शोभा यात्रा निकली:श्री राम जन्मभूमि सुरक्षा संगठन ने किया आयोजन, भक्तों की भीड़ उमड़ी


बहराइच में राम जन्मोत्सव शोभा यात्रा निकाली गई। श्री राम जन्मभूमि सुरक्षा संगठन द्वारा आयोजित इस यात्रा में बड़ी संख्या में भक्तों ने भाग लिया। यह शोभा यात्रा ढोल-नगाड़ों, आतिशबाजी और आकर्षक झांकियों के साथ शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरी। इसमें भगवान राम, सीता माता और हनुमान जी की झांकियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। यात्रा सिद्धनाथ मंदिर से शुरू होकर अस्पताल चौराहा, संघनन मंदिर और पीपल चौराहा होते हुए वापस सिद्धनाथ मंदिर पर समाप्त हुई। मार्ग में जगह-जगह लोगों ने पुष्प वर्षा कर भगवान राम का स्वागत किया और जयकारे लगाए। इस आयोजन में श्री राम जन्मभूमि सुरक्षा संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंदन मिश्रा, राष्ट्रीय महामंत्री विकास मिश्रा, जिला सचिव राहुल कुमार शर्मा, जिला अध्यक्ष युवा मोर्चा बहराइच विपुल मिश्रा, प्रिंस तिवारी, विजय कुमार यादव, श्याम जी जायसवाल और संदीप वर्मा सहित लगभग 500 से 550 लोग शामिल हुए।

श्रीदत्तगंज पुलिस ने 24 घंटे में गुमशुदा बच्चे को ढूंढा:बलरामपुर में परिजनों को सुरक्षित सौंपा


श्रीदत्तगंज थाना क्षेत्र से लापता हुए तीन वर्षीय मोहम्मद गौस को पुलिस ने 24 घंटे के भीतर ढूंढकर उसके परिजनों को सुरक्षित सौंप दिया। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से परिवार ने राहत की सांस ली। शनिवार को मोहम्मद गौस के परिजनों ने श्रीदत्तगंज थाने में सूचना दी कि उनका तीन वर्षीय बेटा घर के पास खेलते हुए कहीं भटक गया है और अभी तक नहीं मिला है। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष श्रीदत्तगंज अविरल शुक्ला ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मिशन शक्ति टीम को गुमशुदा बच्चे की तलाश के लिए निर्देशित किया। टीम ने सोशल मीडिया की मदद से आसपास और कस्बे में गहन खोजबीन की। 24 घंटे के अंदर बच्चे को कान्धभारी चौराहे के पास से बरामद कर पुलिस संरक्षण में लिया गया और थाने लाया गया। पुलिस टीम ने बच्चे की पहचान उसके आधार कार्ड और अन्य दस्तावेजों के माध्यम से की। दस्तावेजों की जांच और बच्चे की माता व मामा ताज मोहम्मद पुत्र इस्लाम अली से पूछताछ के बाद बच्चे को सुरक्षित उनके सुपुर्द कर दिया गया। बच्चे की माता और अन्य परिजनों ने श्रीदत्तगंज पुलिस टीम को उनकी त्वरित कार्रवाई और बच्चे को सुरक्षित वापस लाने के लिए धन्यवाद दिया।

पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान का शुभारंभ:भाजपा के इतिहास और विकास पर विस्तार से विमर्श


सिद्धार्थनगर में पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान के अंतर्गत उस्का मंडल में उद्घाटन सत्र शनिवार को आयोजित किया गया। इस सत्र में “भाजपा का इतिहास एवं विकास” विषय पर वक्ताओं ने विस्तार से अपने विचार प्रस्तुत किए। उद्घाटन सत्र में भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक मौर्य, सांसद जगदंबिका पाल, विधायक श्यामधनी राही, वर्ग प्रभारी एवं पूर्व जिलाध्यक्ष बृज बिहारी मिश्र, वर्ग संचालक सच्चिदानंद चतुर्वेदी, जिला उपाध्यक्ष विंदु मति मिश्र, उस्का नगर के चेयरमैन प्रतिनिधि हेमंत जायसवाल, पूर्व जिला मंत्री सुरेंद्र पांडे और भाजपा मंडल अध्यक्ष राकेश आर्य सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने भारतीय जनता पार्टी के गठन से लेकर उसके निरंतर विकास, संगठनात्मक विस्तार और विचारधारा पर प्रकाश डाला। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पार्टी के सिद्धांतों के प्रति समर्पित रहने का आह्वान किया और आगामी कार्यक्रमों में सक्रिय भूमिका निभाने तथा संगठन को मजबूत करने पर जोर दिया। इस उद्घाटन सत्र में कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह देखा गया। सभी ने संगठन को और अधिक सशक्त बनाने का संकल्प लिया।

रूपईडीहा बॉर्डर पर पुलिस ने की कार्रवाई:विवाद करते 10 लोग गिरफ्तार, शांति व्यवस्था भंग करने का आरोप


रूपईडीहा (बहराइच)। भारत-नेपाल सीमा पर स्थित रूपईडीहा थाना पुलिस ने चेकिंग अभियान के दौरान आपस में विवाद कर रहे 10 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से की गई है। बहराइच पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) दुर्गा प्रसाद तिवारी और क्षेत्राधिकारी नानपारा पहुंप सिंह के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक रमेश सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच कर रही थी। जांच के दौरान पुलिस टीम को कुछ लोग आपस में कहासुनी और विवाद करते हुए मिले। इससे मौके पर शांति व्यवस्था भंग होने की आशंका थी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सभी 10 लोगों को हिरासत में ले लिया। गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों में मु० शमीम (लगभग 30 वर्ष, भज्जूपुरवा, बहराइच), लोकेन्द्र शाह (लगभग 28 वर्ष, नेपाल), डम्बर मुहार (लगभग 39 वर्ष, नेपाल), जेव बोहरा (लगभग 38 वर्ष, नेपाल), विश्वेश्वरी (लगभग 55 वर्ष, नेपाल), अमानत अली (लगभग 30 वर्ष, सहाबा, रूपईडीहा, बहराइच), पप्पू पांडे (लगभग 35 वर्ष, कम्हरिया घाट, बहराइच), इबरार अहमद (मल्हीपुर, श्रावस्ती), मोबीन (लगभग 43 वर्ष, श्रावस्ती) और करीम (लगभग 58 वर्ष, दर्जी टोला, रूपईडीहा, बहराइच) शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि सभी गिरफ्तार व्यक्तियों के खिलाफ धारा 170 BNSS के तहत कानूनी कार्रवाई की गई है। आवश्यक विधिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद उन्हें न्यायालय में पेश किया गया।

महराजगंज में कार पर हमला:बेटी संग लौट रहे व्यक्ति को बनाया निशाना, बाइक सवार फरार


महराजगंज जिले के सिसवा ब्लॉक स्थित गजौली रोड नहर पुल पर शनिवार दोपहर एक i20 कार पर हमला किया गया। बिजापार निवासी अमिताभ आलम अपनी पांच वर्षीय बेटी के साथ निचलौल से घर लौटते समय इस घटना का शिकार हुए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, चनकौली की मुख्य सड़क से आ रहे तीन बाइक सवारों ने पहले अमिताभ आलम की कार को टक्कर मारी। हालांकि, इस टक्कर में किसी को कोई चोट नहीं आई। टक्कर मारने के बाद, हमलावरों ने i20 कार के पिछले शीशे पर हमला कर उसे तोड़ दिया। इसके उपरांत वे सबया की दिशा में फरार हो गए। घटना की सूचना तत्काल 112 नंबर पर दी गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू की। हालांकि, पुलिस को हमलावरों के संबंध में कोई ठोस जानकारी या सबूत नहीं मिल सका है। इस मामले में कोठीभार थाना प्रभारी धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि उन्हें अभी तक घटना की जानकारी नहीं मिली थी। उन्होंने आश्वासन दिया कि यदि यह घटना हुई है, तो दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

बदलते मौसम ने बिगाड़ी सेहत, सीएचसी चरदा में सर्दी-जुकाम और वायरल के मरीजों की लगी लंबी कतार

दिन में तेज धूप और शाम ढलते ही ठंड के कारण वायरल संक्रमण, निमोनिया और एलर्जी के मामलों में तेजी। 200 से अधिक मरीजों का हुआ ओपीडी में इलाज।

रिपोर्ट: संतोष मिश्रा (यूपी हेड, उत्तर प्रदेश)

बहराइच। इन दिनों मौसम में हो रहे अचानक बदलाव का सीधा असर लोगों के स्वास्थ्य पर पड़ रहा है। दिन में तेज धूप और शाम ढलते ही तापमान में आ रही गिरावट के कारण बीमारियां तेजी से पैर पसार रही हैं। शनिवार को बहराइच के सीएचसी (सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र) चरदा में मरीजों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी, जहां सर्दी, जुकाम और बुखार के मरीजों की संख्या में अचानक भारी उछाल देखा गया।

अस्पताल की स्थिति यह रही कि पर्चा काउंटर से लेकर ओपीडी और जांच केंद्र तक मरीजों की लंबी कतारें लगी रहीं। स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ लेने के लिए सुबह से ही मरीज अस्पताल पहुंचने लगे थे।

ओपीडी में 200 पार पहुंचा मरीजों का आंकड़ा

अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, शनिवार को ओपीडी में नए और पुराने मिलाकर लगभग 200 से अधिक मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया और उन्हें जरूरी दवाइयां वितरित की गईं। इसके अलावा बीमारी की गंभीरता को देखते हुए 50 से अधिक मरीजों के ब्लड सैंपल (रक्त नमूने) लिए गए। अस्पताल के पैथोलॉजी विभाग में एलएफटी (LFT), केएफटी (KFT), टीएलसी (TLC) और मलेरिया जैसी विभिन्न महत्वपूर्ण जांचें की गईं ताकि मरीजों का सटीक इलाज हो सके।

वायरल संक्रमण और निमोनिया का बढ़ा खतरा

हॉस्पिटल अधीक्षक डॉ. महेश विश्वकर्मा और उनकी टीम ने मरीजों की जांच कर उन्हें उचित परामर्श दिया। डॉ. विश्वकर्मा ने बताया कि वर्तमान में मौसम बड़ी तेजी से करवट ले रहा है। दिन की गर्मी और रात की ठंड की वजह से वायरल संक्रमण, पेट दर्द, खांसी, बुखार, एलर्जी, बच्चों में निमोनिया और त्वचा जनित (स्किन) बीमारियों के मामले सबसे ज्यादा सामने आ रहे हैं। उन्होंने आम जनमानस से अपील की है कि इस बदलते मौसम में विशेष सतर्कता बरतें और खान-पान का ध्यान रखें।

सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए किया गया जागरूक

मरीजों के इलाज के साथ-साथ अस्पताल में जागरूकता अभियान भी चलाया गया। अधीक्षक डॉ. विश्वकर्मा द्वारा वहां मौजूद अभिभावकों को सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षा के लिए ‘एचपीवी (HPV) टीके’ के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। उन्होंने अभिभावकों को इस टीके के फायदे बताते हुए अपनी बच्चियों के बचाव और सुरक्षा के प्रति जागरूक किया।