Home Blog Page 1904

बहराइच में अंडर-12 क्रिकेट लीग:केडीसी क्रिकेट एकेडमी ने किया आयोजन, राइजिंग स्टार्स ने जीता पहला मैच


बहराइच के किसान डिग्री कॉलेज मैदान में केडीसी क्रिकेट एकेडमी द्वारा अंडर-12 क्रिकेट लीग का शुभारंभ किया गया। इस प्रतियोगिता में कुल चार टीमें हिस्सा ले रही हैं, जिनमें प्रत्येक टीम में 14 सदस्य हैं। उद्घाटन मुकाबले में केडीसी राइजिंग स्टार्स ने केडीसी पावर हिटर्स को हराया। लीग का उद्घाटन क्रीड़ा भारती के प्रांत उपाध्यक्ष सुरेश प्रताप सिंह और किसान डिग्री कॉलेज के सचिव मेजर डॉ. एसपी सिंह ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। उद्घाटन मैच केडीसी राइजिंग स्टार्स और केडीसी पावर हिटर्स के बीच खेला गया। टॉस जीतकर राइजिंग स्टार्स ने पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। निर्धारित 35 ओवर के इस मुकाबले में राइजिंग स्टार्स की टीम 21वें ओवर में 155 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। उत्सव सिंह ने सर्वाधिक 56 रनों की अर्धशतकीय पारी खेली, जबकि कप्तान उजैर अली ने 19 रन का योगदान दिया। पावर हिटर्स की ओर से कृष्णा ने तीन और मोहम्मद आसिफ ने दो विकेट लिए। 156 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए पावर हिटर्स के बल्लेबाज जिम्मेदारी से नहीं खेल पाए और पूरी टीम 21वें ओवर में 140 रन पर सिमट गई। राघव मिश्रा ने 29 और कृष्णा ने 23 रन बनाए। राइजिंग स्टार्स की तरफ से मयंक और आरेज खुर्शीद ने तीन-तीन विकेट झटके, जबकि उजैर अली को दो सफलताएं मिलीं। मयंक पांडे को मैच का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी घोषित किया गया। मैच में प्रदीप गुप्ता और आशुतोष कैराती ने अंपायरिंग की भूमिका निभाई, जबकि लक्ष्य कनौजिया स्कोरर रहे। इस अवसर पर पंकज सिंह, आयुष चित्रांश, हर्षित मिश्रा, अजय प्रताप, अजय त्रिपाठी सहित कई खेल प्रेमी मौजूद रहे।

…तो अब बंद होगा लाल सागर? ईरान जंग में हूती विद्रोहियों की एंट्री

अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच जंग के ठीक एक महीने बाद यमन के हूती विद्रोहियों ने भी मोर्चा खोल दिया है। शनिवार को यमन से बैलिस्टिक मिसाइल दागी गई। इसकी वजह से दक्षिण इजरायल के बीरशेबा इलाके में सायरन बजने लगे। हूती विद्रोहियों ने हमले की जिम्मेदारी ली और दावा किया कि इजरायल के सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया गया है। उधर, इजरायल ने हवा में ही मिसाइल को मार गिराने का दावा किया।

एक दिन पहले ही हूती विद्रोहियों ने अमेरिका और इजरायल के खिलाफ मोर्चा खोलने की धमकी दी थी। हूती प्रवक्ता याह्या सरी ने शुक्रवार को कहा था कि अगर कोई नया गठबंधन ईरान और उसके सहयोगियों के खिलाफ अमेरिका और इजरायल का साथ देता है या लाल सागर का इस्तेमाल ईरान के खिलाफ शत्रुतापूर्ण अभियान में किया जाता है तो हम सीधे सैन्य हस्तक्षेप को तैयार हैं।

तो अब बंद होगा लाल सागर!

यमन के बड़े भूभाग पर हूती विद्रोहियों का कब्जा है। हमास के साथ इजरायल के युद्ध के दौरान हूती विद्रोहियों ने लाल सागर में जहाजों की आवाजाही पर बड़ा असर डाला था। अमेरिका, ब्रिटेन और इजरायल के कई जहाजों को निशाना बनाया गया था।

ऐसे में अगर हूती विद्रोही पूरी ताकत से मैदान में उतरते हैं तो वैश्विक ऊर्जा संकट और गहरा सकता है। अभी तक होर्मुज की खाड़ी से ही तेल और गैस की सप्लाई रुकी है तो वहीं हूती के शामिल होने से लाल सागर के रास्ते व्यापार पर बुरा असर पड़ेगा। सऊदी अरब को अपने दक्षिणी पोर्ट से ऊर्जा का निर्यात करना मुश्किल होगा।

इजरायल के खिलाफ कई फ्रंट खुले

इजरायल के खिलाफ लेबनान में हिजबुल्लाह और इराक में शिया मिलिशिया गुट ने मोर्चा पहले ही खोल रखा है। हूती विद्रोहियों के शामिल होने से एक नया फ्रंट खुल जाएगा। हूती विद्रोहियों का कहना है कि वह लाल सागर को किसी भी मुस्लिम देश के खिलाफ इस्तेमाल नहीं होने देंगे। उन्होंने इराक, लेबनान और फिलिस्तीन में इजरायल और अमेरिकी हमलों को रोकने की मांग की।

भारत-नेपाल सीमा स्तंभों के सर्वेक्षण पर बैठक:श्रावस्ती में जिलाधिकारी के नेतृत्व में हुई समीक्षा, कई जिलों के अधिकारी हुए शामिल


श्रावस्ती में भारत-नेपाल अंतर्राष्ट्रीय सीमा सर्वेक्षण टीम-3 की पहली अंतर्राष्ट्रीय बैठक आयोजित की गई। यह बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी श्रावस्ती अश्विनी कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में हुई। इसका मुख्य उद्देश्य भारत और नेपाल के बीच सीमा स्तंभों के सर्वेक्षण, पुनर्स्थापना और मरम्मत से संबंधित कार्यों की समीक्षा और समन्वय को मजबूत करना था। बैठक में भारत-नेपाल की संयुक्त सर्वेक्षण टीम-3 के तहत उत्तर प्रदेश के कई जिलों के अधिकारी शामिल हुए। इनमें बलरामपुर के जिलाधिकारी विपिन कुमार जैन के साथ बहराइच, सिद्धार्थनगर और महाराजगंज जनपदों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे। नेपाल की ओर से बर्दिया, बांके, दांग (रुपईडीहा क्षेत्र), कपिलवस्तु और नवलपरासी के मुख्य जिलाधिकारियों ने भी इस बैठक में भाग लिया। सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की 62वीं, 42वीं, 59वीं, 9वीं, 50वीं, 43वीं, 22वीं और 70वीं बटालियन के कमांडेंट भी उपस्थित थे। नेपाल के संबंधित पुलिस अधीक्षक भी बैठक में शामिल हुए। दोनों देशों के वरिष्ठ वन और पुलिस अधिकारी भी मौजूद रहे। श्रावस्ती के जिलाधिकारी ने बर्दिया के जिलाधिकारी और नेपाल टीम लीडर गोगन बहादुर हमल का पुष्प गुच्छ भेंट कर स्वागत किया। बैठक में भाग लेने वाले सभी अधिकारियों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। बैठक के दौरान बताया गया कि भारत-नेपाल अंतर्राष्ट्रीय सीमा उत्तर प्रदेश के बहराइच, श्रावस्ती, बलरामपुर, सिद्धार्थनगर और महाराजगंज जनपदों से होकर गुजरती है। इन क्षेत्रों में स्थापित अंतर्राष्ट्रीय सीमा स्तंभों का पुनर्स्थापन, मरम्मत और सत्यापन उत्तर प्रदेश भू-स्थानिक निदेशालय, लखनऊ और संयुक्त सर्वेक्षण टीम द्वारा किया जाता है। शासन ने श्रावस्ती के जिलाधिकारी को टीम-3 का नोडल अधिकारी और टीम लीडर नियुक्त किया है। वे अपने पर्यवेक्षण में इन कार्यों को पूरा कराएंगे। बैठक में श्रावस्ती के मुख्य विकास अधिकारी शाहिद अहमद, एसएसबी 62वीं वाहिनी के कमांडेंट अमरेन्द्र कुमार वरुण, बहराइच के मुख्य राजस्व अधिकारी देवेंद्र पाल सिंह और श्रावस्ती के प्रभागीय वनाधिकारी धनराज मीणा मौजूद थे। इसके अतिरिक्त, महाराजगंज के उपजिलाधिकारी नवीन प्रसाद, सिद्धार्थनगर के उपजिलाधिकारी कर्मेन्द्र कुमार सहित विभिन्न बटालियनों के कमांडेंट, डिप्टी कमांडेंट और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे। यह बैठक भारत-नेपाल सीमा प्रबंधन और आपसी समन्वय को मजबूत करने की दिशा में एक पहल है।

झारखण्डी रेलवे क्रॉसिंग पर बनेगा 2-लेन ओवरब्रिज:₹292 करोड़ की परियोजना को मंजूरी, ₹90 करोड़ की पहली किस्त जारी


बलरामपुर जनपद में यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। झारखण्डी रेलवे क्रॉसिंग पर 2-लेन रेल उपरिगामी सेतु (आरओबी) के निर्माण को प्रशासनिक और वित्तीय स्वीकृति मिल गई है। इस परियोजना पर लगभग 292 करोड़ रुपये की लागत आएगी। शासन द्वारा जारी आदेश के अनुसार, परियोजना को तेजी से आगे बढ़ाने के लिए वित्तीय वर्ष 2025-26 में 90 करोड़ रुपये की पहली किस्त तत्काल प्रभाव से जारी कर दी गई है। यह सेतु बलरामपुर-श्रावस्ती-बहराइच राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-730) पर बलरामपुर-झारखण्डी रेलवे स्टेशन के बीच स्थित व्यस्त रेलवे क्रॉसिंग पर बनाया जाएगा। इस ओवरब्रिज का निर्माण कार्य उत्तर प्रदेश राज्य सेतु निगम लिमिटेड द्वारा किया जाएगा। निगम को अगले 24 महीनों के भीतर परियोजना को पूरा करने का लक्ष्य दिया गया है। सेतु निर्माण की कुल लागत 292 करोड़ रुपये का विस्तृत प्रावधान भी तय किया गया है। इसमें रेलवे हिस्से के लिए 92.62 करोड़ रुपये, भूमि अधिग्रहण के लिए 58.16 करोड़ रुपये, यूटिलिटी शिफ्टिंग के लिए 14.08 करोड़ रुपये और एप्रोच रोड के निर्माण के लिए 127.33 करोड़ रुपये शामिल हैं। इस ओवरब्रिज के बनने से क्षेत्रवासियों को रेलवे क्रॉसिंग पर लगने वाले लंबे जाम से स्थायी राहत मिलेगी। इसके साथ ही, यातायात व्यवस्था अधिक सुचारू होगी, जिससे क्षेत्र की कनेक्टिविटी बेहतर होने के साथ-साथ आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।

राजकीय महाविद्यालय डुमरियागंज में स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम:पूर्व मंत्री सतीश द्विवेदी मुख्य अतिथि के रूप में रहे मौजूद; 200 छात्रों ने लिया भाग


राजकीय महाविद्यालय डुमरियागंज में शनिवार को एक स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया गया। इस कार्यक्रम का आयोजन कलम सेवा समिति द्वारा पेंट्रोनेट लिमिटेड के सहयोग से किया गया था, जिसका मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों और समाज में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना था। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व बेसिक शिक्षा मंत्री प्रोफेसर सतीश चंद्र द्विवेदी थे, जबकि राजकीय महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर रवींद्र प्रसाद मिश्र ने इसकी अध्यक्षता की। इस अवसर पर कलम सेवा समिति के प्रतिनिधि राजीव नागर और सचिन धीमान भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान अपने संबोधन में राजकीय महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर रवींद्र प्रसाद मिश्र ने ऐसे जागरूकता कार्यक्रमों की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयास न केवल विद्यार्थियों में बल्कि समाज के सभी वर्गों में स्वास्थ्य के प्रति सजगता बढ़ाएंगे। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि प्रोफेसर सतीश चंद्र द्विवेदी ने स्वास्थ्य जागरूकता के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं, जैसे ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान और ‘जननी सुरक्षा योजना’ का उल्लेख किया, और बताया कि ये योजनाएं महिलाओं की सुरक्षा, स्वास्थ्य और जागरूकता को बढ़ावा देती हैं। कलम सेवा समिति के प्रभारी राजीव नागर ने कार्यक्रम की रूपरेखा और उद्देश्यों की विस्तृत जानकारी दी। कार्यालय अधीक्षक महेश कुमार गुप्त ने प्रशासनिक स्तर पर कार्यक्रम को सफल बनाने में पूर्ण सहयोग प्रदान किया। मिशन शक्ति के प्रभारी अजय कुमार ने राज्य सरकार की ‘मिशन शक्ति’ योजना के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह अभियान महिलाओं के सशक्तिकरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। कार्यक्रम के अंत में वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. अमरनाथ ने सभी का आभार व्यक्त किया। डॉ. शफीकुर्रहमान ने कुछ महत्वपूर्ण बिंदुओं को अंग्रेजी से हिंदी में सरल रूप में समझाया, जबकि कार्यक्रम का संचालन डॉ. मालिक राम वर्मा ने किया। इस कार्यक्रम में अनिल यादव और अमन मिश्रा सहित लगभग 200 छात्रों ने सक्रिय रूप से भाग लिया।

इंडो-नेपाल सीमा पर 18 लाख के हुक्का फ्लेवर जब्त:नवलपरासी में सशस्त्र पुलिस की कार्रवाई, तस्कर फरार


नेपाल के नवलपरासी जिले में इंडो-नेपाल सीमा पर सशस्त्र पुलिस बल ने लगभग 18 लाख रुपये मूल्य के हुक्का फ्लेवर जब्त किए हैं। यह कार्रवाई तस्करी के खिलाफ की गई। नेपाल सशस्त्र पुलिस बल की 26वीं बटालियन के कार्यवाहक प्रमुख डीएसपी प्रमोद खड़का ने बताया कि यह कार्रवाई जिले के झुलनीपुर सीमा चौकी क्षेत्र में गश्त के दौरान की गई। बलिनगर के तराइनी इलाके से 50 ग्राम के कुल 5,950 हुक्का फ्लेवर (24 कार्टन) बरामद हुए। नेपाली बाजार में इनकी अनुमानित कीमत 300 रुपये प्रति पीस से अधिक है। सशस्त्र पुलिस के अनुसार, भारतीय बाजार दर के हिसाब से इनका मूल्य लगभग 11.9 लाख नेपाली रुपये निर्धारित किया गया है, जबकि कुल जब्त माल का अनुमानित मूल्य लगभग 18 लाख रुपये है। जब्त किए गए सभी हुक्का फ्लेवर को आगे की आवश्यक कार्रवाई के लिए महेशपुर सीमा शुल्क कार्यालय भेज दिया गया है। कार्रवाई के दौरान, गश्ती दल को देखकर तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। हालांकि, पुलिस ने घटनास्थल से भारतीय नंबर प्लेट वाली तीन मोटरसाइकिलों को जब्त कर लिया है।सशस्त्र पुलिस बल ने बताया कि मामले की जांच जारी है और फरार तस्करों की तलाश की जा रही है।

घर में फंदे से लटकता मिला युवक का शव:भाई की बॉडी देखकर चीख पड़ी बहन, सुसाइड के कारण का लगा रही पता


बहराइच जिले के पयागपुर इलाके में एक 25 वर्षीय युवक का शव उसके घर में फंदे से लटकता मिला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। इस घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। यह घटना पयागपुर थाना क्षेत्र के पील खाना मोहल्ले की है। मृतक की पहचान बरसाती के 25 वर्षीय पुत्र दीपू के रूप में हुई है। शनिवार दोपहर करीब 12 बजे तक जब दीपू अपने कमरे से बाहर नहीं आया, तो उसकी बहन उसे देखने गई। खिड़की के पास पहुंचने पर बहन ने दीपू को कमरे में फंदे से लटकता देखा। उसने तुरंत शोर मचाया, जिसके बाद परिवार के अन्य सदस्य भी मौके पर पहुंचे। परिजनों ने दीपू को फंदे से नीचे उतारा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। परिजनों ने घटना की जानकारी पयागपुर थाने को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा कर उसे पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। पयागपुर थाना प्रभारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह आत्महत्या का मामला प्रतीत हो रहा है। पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल पाएगा और आगे की आवश्यक कानूनी कार्यवाही की जाएगी।

परसरामपुर पुलिस ने वांछित अभियुक्त को किया गिरफ्तार:मड़ेरिया तिराहा के पास से हुई गिरफ्तारी, न्यायालय में पेशी


बस्ती पुलिस ने एक वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। परसरामपुर थाना पुलिस ने अतुल नामक अभियुक्त को मड़ेरिया तिराहा के पास से हिरासत में लिया। यह गिरफ्तारी दोपहर करीब 12:20 बजे की गई। अतुल पुत्र कामता, निवासी चौरी, थाना परसरामपुर, बस्ती, थाना परसरामपुर में दर्ज मु0अ0सं0- 78/26 धारा 137(2)/87 Bns से संबंधित मामले में वांछित था। पुलिस ने बताया कि अभियुक्त के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्यवाही की जा रही है और उसे न्यायालय में पेश किया जाएगा। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक बस्ती डॉ. यशवीर सिंह के आदेश, अपर पुलिस अधीक्षक श्याम कांत के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी हर्रैया स्वर्णिमा सिंह के पर्यवेक्षण में की गई। थानाध्यक्ष विश्व मोहन राय के नेतृत्व में परसरामपुर पुलिस टीम ने यह गिरफ्तारी की। गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष विश्वमोहन राय, उपनिरीक्षक रतीश चंचल, कांस्टेबल रोहित और महिला कांस्टेबल प्रतीक्षा दुबे शामिल थे।
#बस्ती_न्यूज
#बस्ती न्यूज़ टुडे

कतर्नियाघाट में वन विभाग ने शुरू की हाथी पेट्रोलिंग:तेंदुए के हमलों के बाद ग्रामीणों में बढ़ा सुरक्षा का भरोसा


कतर्नियाघाट वन्यजीव अभयारण्य क्षेत्र में मानव-वन्यजीव संघर्ष बढ़ने के कारण वन विभाग ने विशेष हाथी पेट्रोलिंग अभियान चलाया है। 26 से 28 तारीख तक कतर्नियाघाट रेंज के सदर बीट के आधा दर्जन से अधिक गांवों में तेंदुए के बढ़ते हमलों के बाद यह कदम उठाया गया। यह अभियान रेंजर आशीष गौड के निर्देशन में संचालित किया गया। फॉरेस्ट गार्ड अब्दुल सलाम, वन वाचर मुन्नीलाल, अमरजीत, महावत मोहर्रम अली और इरशाद अहमद सहित टीम ने ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कार्य किया। पेट्रोलिंग में जयमाला और चंपाकली नामक हथनियों का उपयोग किया गया। इनके माध्यम से जंगल से सटे सिरसियनपुरवा, गूलर, विशुन टांडा, कुरकुरी कुआं, घोसियाना, नई बस्ती टेड़िया, कैलाश नगर और भोड़हन पुरवा गांवों में लगातार निगरानी की गई। टीम ने गन्ना और गेहूं के खेतों के किनारों पर गश्त कर संभावित खतरे वाले क्षेत्रों को चिन्हित किया। वन विभाग ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के साथ ग्रामीणों को जागरूक भी किया। टीम ने लोगों को रात में सतर्क रहने, अकेले खेतों में न जाने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत देने की सलाह दी। ग्रामीणों के अनुसार, इस अभियान से उनमें सुरक्षा का विश्वास बढ़ा है। वन विभाग की यह पहल मानव और वन्यजीवों के बीच संतुलन बनाए रखने की दिशा में एक सकारात्मक प्रयास है।

अवैध तमंचा, कारतूस के साथ युवक गिरफ्तार:श्रावस्ती में पुलिस ने की कार्रवाई


श्रावस्ती पुलिस ने अवैध देशी तमंचा और कारतूस के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। यह गिरफ्तारी हरदत्त नगर गिरण्ट थाना क्षेत्र में अपराध नियंत्रण अभियान के तहत की गई। घटना 28 मार्च 2026 की है। पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी के निर्देश और अपर पुलिस अधीक्षक मुकेश चंद्र उत्तम व क्षेत्राधिकारी भिनगा सतीश कुमार शर्मा के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई हुई। प्रभारी निरीक्षक महिमानाथ उपाध्याय के नेतृत्व में पुलिस टीम संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने मानूडीह-रानीसीर मार्ग से युवक को पकड़ा। तलाशी के दौरान उसके पास से एक 12 बोर का देशी तमंचा और एक कारतूस बरामद हुआ। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान बेगमपुर (रानीसीर) निवासी राम कमल पुत्र रमेश कुमार के रूप में हुई है। उसके खिलाफ थाना हरदत्त नगर गिरण्ट में मुकदमा संख्या 47/2026, धारा 3/25 आयुध अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक महिमानाथ उपाध्याय के साथ उपनिरीक्षक संदीप कुमार (चौकी प्रभारी बदला), कांस्टेबल अशोक कुमार वर्मा, अभय चौहान और जयशंकर प्रसाद गौतम शामिल थे। पुलिस ने बताया कि जनपद में अपराध नियंत्रण के लिए ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे।

मिशन शक्ति कार्यक्रम आयोजित:बलरामपुर एसपी ने महिलाओं-बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण पर दिया जोर


बलरामपुर पुलिस अधीक्षक श्री विकास कुमार ने महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान तथा सशक्तिकरण के उद्देश्य से मिशन शक्ति अभियान (फेज–5.0) के द्वितीय चरण के तहत एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया। यह कार्यक्रम 28 मार्च 2026 को थाना महराजगंज तराई क्षेत्रांतर्गत रामफल मेमोरियल इंटर कॉलेज में आयोजित किया गया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक ने महिलाओं व बालिकाओं से सीधा संवाद स्थापित किया। कार्यक्रम में स्कूल की बालिकाओं के लिए दौड़ प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें विजेता बालिकाओं को उत्साहवर्धन के लिए सम्मानित किया गया। इस प्रतियोगिता के माध्यम से बालिकाओं ने महिला सशक्तिकरण का संदेश दिया। पुलिस अधीक्षक ने महिलाओं एवं बालिकाओं को विभिन्न महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की विस्तृत जानकारी दी। इनमें वूमेन पावर लाइन-1090, पुलिस आपातकालीन सेवा-112, एम्बुलेंस सेवा-108, चाइल्ड लाइन-1098, स्वास्थ्य सेवा-102, महिला हेल्पलाइन-181, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन-1076 और साइबर हेल्पलाइन-1930 शामिल थे। इसके अतिरिक्त, ‘गुड टच–बैड टच’, घरेलू हिंसा, साइबर अपराध (डिजिटल अरेस्ट), महिला अधिकारों और संबंधित कानूनी प्रावधानों पर भी सार्थक चर्चा की गई। शासन द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए एंटी रोमियो टीम ने पैम्फलेट भी वितरित किए। थाना स्तर पर स्थापित मिशन शक्ति केंद्रों के उद्देश्य, कार्यप्रणाली और उपलब्ध सेवाओं के बारे में भी बताया गया, ताकि महिलाएं और बालिकाएं अपनी समस्याओं के समाधान के लिए इन सेवाओं का प्रभावी ढंग से लाभ उठा सकें। इस अवसर पर थाना महराजगंज तराई के प्रभारी निरीक्षक श्री संतोष तिवारी, एंटी रोमियो टीम के सदस्य और स्कूल प्रशासन के अधिकारी/कर्मचारीगण उपस्थित रहे। बलरामपुर पुलिस द्वारा निरंतर ऐसे प्रयास किए जा रहे हैं, जिससे प्रत्येक महिला एवं बालिका भयमुक्त, सुरक्षित एवं स्वाभिमानी जीवन व्यतीत कर सके।

कठमोरवा में ट्रांसफार्मर जला:पांच दिन से उपभोक्ताओं अंधेरे में, जनजीवन प्रभावित


खेसरहा क्षेत्र की ग्राम पंचायत कठमोरवा के प्रधान डीह में बिजली व्यवस्था चरमरा गई है। यहां एक टोले में लगा 25 केवीए का ट्रांसफार्मर पांच दिन पहले फुंक गया। इसके कारण लगभग 150 उपभोक्ता अंधेरे में रहने को मजबूर हैं। लगातार बिजली आपूर्ति ठप रहने से ग्रामीणों में आक्रोश बढ़ रहा है और जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। ग्रामीणों ने बताया कि गर्मी बढ़ने के साथ बिजली की खपत बढ़ जाती है, जिससे ट्रांसफार्मर पर अधिक लोड पड़ता है और वह बार-बार फुंक जाता है। यह समस्या काफी समय से चली आ रही है। ग्रामीणों ने कई बार अधिक क्षमता वाला ट्रांसफार्मर लगाने की मांग की थी, लेकिन विभाग पुराने ट्रांसफार्मर को ही ठीक कर दोबारा लगा देता था, जिससे समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया। इस बार भी ट्रांसफार्मर पूरी तरह जल गया। ग्राम प्रधान अनिल कुमार पासवान ने बताया कि घटना की सूचना तत्काल विद्युत उपकेंद्र खैरटिया के अवर अभियंता को दे दी गई थी। हालांकि, पांच दिन बीत जाने के बावजूद अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। बिजली न होने से पेयजल की समस्या गंभीर हो गई है, क्योंकि अधिकांश लोग पानी के लिए मोटर पर निर्भर हैं। इसके अतिरिक्त, मोबाइल चार्जिंग, बच्चों की पढ़ाई और अन्य दैनिक कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं। रात में अंधेरा होने के कारण सुरक्षा संबंधी चिंताएं भी बढ़ गई हैं। ग्रामीण निरंजन, दीनानाथ, राम सुभग, रामविलास, सुंदर, संगीता और परशुराम सहित अन्य लोगों ने विद्युत विभाग से जल्द से जल्द नया और अधिक क्षमता वाला ट्रांसफार्मर लगाकर बिजली आपूर्ति बहाल करने की मांग की है, ताकि उन्हें राहत मिल सके।

सांसद ने मांगा रेलवे की कमाई का हिसाब, सरकार के जवाब से खफा क्यों हो गए?

सीपीएम सांसद जॉन ब्रिटास ने संसद में रेलवे को तत्काल शुल्क, प्रीमियम तत्काल शुल्क, टिकट कैंसिलेशन और फ्लेक्सी फेयर से होने वाली कमाई का सालाना ब्योरा मांगा। हर श्रेणी में कितना राजस्व प्राप्त हुआ, यह भी जानकारी मांगी। सीपीएम सांसद का आरोप है कि सरकार ने श्रेणी और वर्षवार जानकारी देने से मना कर दिया, जबकि 2023 में यही जानकारी उपलब्ध कराई गई थी। उन्होंने अपने एक्स अकाउंट पर 2023 में प्राप्त हुए जवाब को भी पोस्ट किया।

जॉन ब्रिटास ने लिखा, ‘2023 में रेलवे ने यह माना था कि उसने फ्लेक्सी फेयर, तत्काल और प्रीमियम तत्काल के माध्यम से यात्रियों से 12,128 करोड़ रुपये अधिक वसूले थे। इसी जवाब में यह भी पता चला कि ‘विविध कोचिंग प्राप्तियों’ (Miscellaneous Coaching Receipts) के तहत 7,674.63 करोड़ रुपये और जमा हुए थे। इसमें कैंसलेशन चार्ज भी शामिल था। अब 2026 में जब अपडेटेड आंकड़े माँगे गए तो सरकार ने यह बहाना बनाते हुए जानकारी देने से मना कर दिया और कहा कि आंकड़े राजस्व के पूरे पूल का हिस्सा हैं।’

जॉन ब्रिटास ने आगे लिखा, ‘अगर कोई संसदीय जवाबदेही से बचने के सबसे चालाकी भरे तरीकों का एक संग्रह बनाया जाएगा तो आज का जवाब निस्संदेह उसमें एक बेहतरीन उदाहरण के तौर पर शामिल होने का हकदार होगा। इतनी गोपनीयता क्यों? क्या छिपाया जा रहा है?’

कैसरगंज में डीज़ल संकट, किसान परेशान:कटाई के समय ईंधन की कमी से फसल और सिंचाई प्रभावित


उत्तर प्रदेश के कैसरगंज क्षेत्र में डीज़ल की किल्लत के कारण किसान परेशान हैं। कटाई के लिए तैयार खड़ी फसलों के बावजूद, ईंधन की कमी से उनकी चिंताएं बढ़ गई हैं। खेतों में गेहूं समेत अन्य फसलें कटाई के लिए तैयार हैं, लेकिन डीज़ल की अनुपलब्धता के कारण कटाई और सिंचाई दोनों प्रभावित हो रही हैं। समय पर फसल न कटने से किसानों को भारी नुकसान होने की आशंका है। किसानों के अनुसार, पेट्रोल पंपों पर लंबी कतारें लग रही हैं और डीज़ल सीमित मात्रा में उपलब्ध है। इससे ट्रैक्टर और हार्वेस्टर जैसे कृषि उपकरण चलाना मुश्किल हो गया है। कई किसानों ने बताया कि घंटों इंतजार के बाद भी उन्हें पर्याप्त डीज़ल नहीं मिल पा रहा है, जिससे खड़ी फसल के खराब होने का खतरा बढ़ गया है। कैसरगंज में अधिकांश पेट्रोल पंप तेल की कमी के कारण बंद पड़े हैं, जिससे किसान और आम नागरिक दोनों प्रभावित हो रहे हैं। इस स्थिति का किसानों की मेहनत और आर्थिक स्थिति पर सीधा असर पड़ रहा है। इस संबंध में एसडीएम कैसरगंज अखिलेश सिंह ने कहा कि स्थिति सामान्य है। हालांकि, बंद पड़े पेट्रोल पंपों के विषय में उन्होंने जिला पूर्ति अधिकारी से बात करने की बात कही है। स्थानीय प्रशासन द्वारा ईंधन की कमी न होने के दावे किए जा रहे हैं, लेकिन जमीनी हकीकत अलग है। किसानों ने प्रशासन से जल्द से जल्द डीज़ल की आपूर्ति सुचारू करने की मांग की है, ताकि समय पर फसल की कटाई हो सके और उन्हें नुकसान से बचाया जा सके। प्रताप फ्यूल सेंटर बढ़ोली, कैसरगंज के संचालक संदीप सिंह ने बताया कि उनकी टंकी बंद है। उन्होंने 10 डीज़ल और 10 पेट्रोल की गाड़ियों का ऑर्डर दिया है, लेकिन डिपो से अभी तक सप्लाई नहीं आई है। उन्होंने जल्द आपूर्ति की संभावना जताई। बहराइच के जिला पूर्ति अधिकारी नरेंद्र तिवारी ने कहा कि तेल की कोई किल्लत नहीं है और गाड़ियां समय पर आ-जा रही हैं। उन्होंने बताया कि पेट्रोल टंकी बंद होने की जानकारी मिली है और इसकी जांच कराई जा रही है। क्षेत्र में डीजल की कमी का असर अब आम लोगों के साथ-साथ किसानों और व्यापारियों पर भी साफ दिखाई देने लगा है। अलग-अलग लोगों ने अपनी समस्याएं बताते हुए हालात की गंभीरता जाहिर की है। अभय रूप पाण्डेय ने बताया कि गन्ने के खेत में पानी भरना है, लेकिन डीजल न मिलने से सिंचाई नहीं हो पा रही है, जिससे गन्ना सूखने की स्थिति में पहुंच रहा है। कमलेश गुप्ता ने कहा कि चार पहिया वाहन में मात्र 500 रुपये का ही डीजल मिल रहा है, जिससे रोजमर्रा का काम चलाना मुश्किल हो गया है। ह्रदय राम यादव ने बताया कि गेहूं की फसल कटने को तैयार है, लेकिन डीजल के बिना थ्रेशर और कटाई का काम कैसे होगा, यह बड़ी समस्या बन गई है। वहीं, सुधीर सिंह ने कहा कि डीजल की कमी के कारण व्यापार भी प्रभावित हो रहा है। सामान की ढुलाई में दिक्कत हो रही है और सीमित मात्रा में ही तेल मिल रहा है, जिससे काम करना मुश्किल हो गया है।

पनियरा के स्कूल में वार्षिकोत्सव और मेधा सम्मान:मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण से शुभारंभ, छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं


महाराजगंज के पनियरा क्षेत्र स्थित पूर्व माध्यमिक एवं प्राथमिक विद्यालय, जड़ार में 28 मार्च 2026 को वार्षिकोत्सव एवं मेधा सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डायट प्राचार्य/उप शिक्षा निदेशक अभिजीत सिंह रहे, जबकि जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रिद्धि पाण्डेय विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित थीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता खण्ड शिक्षा अधिकारी शिव कुमार ने की। समारोह का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद, सभी अतिथियों और पदाधिकारियों को शॉल, बैज और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दीं। इनमें सरस्वती वंदना, गणेश वंदना, स्वागत गीत और नशा मुक्ति पर आधारित एक नाटक शामिल था। बच्चों की इन प्रस्तुतियों की सभी अतिथियों ने सराहना की। मुख्य अतिथि अभिजीत सिंह, खण्ड शिक्षा अधिकारी शिव कुमार और जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष संजय मणि त्रिपाठी ने अपने संबोधन में बच्चों को शिक्षा, अनुशासन और संस्कारों के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने छात्रों को प्रेरित किया। समारोह में पूर्व माध्यमिक एवं प्राथमिक विद्यालय के प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्रों को सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त, निपुण छात्रों को भी मेडल प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। इस कार्यक्रम की सफलता में गांव के अभिभावकों और गणमान्य व्यक्तियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। उपस्थित प्रमुख लोगों में सोहन पटेल, हरीश शाही, नीरज राय, प्रयाग नाथ मिश्र, राजेश यादव, रामेश्वर मौर्य, प्रमोद कुमार पटेल, प्रधानाध्यापक नागेन्द्र, प्रधानाध्यापक जड़ार, राहुल कुमार पटेल, आशुतोष पटेल, संदीप कुमार शर्मा, अखिलेश कुमार, शम्स तबरेज, यासमीन जहां, सुमन पटेल और ग्राम प्रधान ढुनमुन प्रसाद शामिल थे।