Home Blog Page 220

बहराइच में नाबालिग बच्ची के पेट पर मारा चाकू:पानी मांगने पर हमला, जिला अस्पताल में भर्ती; आरोपी गिरफ्तार


बहराइच जिले के मटेरा थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात करीब 8 बजे पानी मांगने को लेकर हुए विवाद में एक नाबालिग बच्ची को चाकू मार दिया। करीब 10 वर्षीय बच्ची की हालत गंभीर बनी हुई है और उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस ने इस मामले में आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। यह घटना किशुनपुर माफी गांव में हुई। पीड़िता की पहचान राजिया पुत्री सज्जाद के रूप में हुई है, शिकायतकर्ता नायका के अनुसार, आरोपी सोनू पिता मुस्तफा, जो उसी गांव का निवासी है, ने पानी मांगने की बात पर राजिया को गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की नीयत से उसके पेट में चाकू मार दिया। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी मटेरा हरिकेश सिंह ने बताया कि किशोरी गंभीर रूप से घायल है, जिसका इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है।

रुधौली में डॉ. अंबेडकर सम्मान गोष्ठी आयोजित:भाजपा नेताओं ने शोषित-वंचितों के सम्मान पर जोर दिया

#बस्ती_न्यूज

रुधौली विधानसभा क्षेत्र के बसडीला गांव के पास एक मैरिज हॉल में शुक्रवार को भाजपा पदाधिकारियों ने डॉ. भीमराव अंबेडकर सम्मान अभियान गोष्ठी का आयोजन किया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि कप्तानगंज के पूर्व विधायक चंद्रप्रकाश शुक्ला और पूर्व विधायक संजय प्रताप जायसवाल ने डॉ. भीमराव अंबेडकर के चित्र पर माल्यार्पण कर किया। मुख्य अतिथि चंद्रप्रकाश शुक्ला ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा सरकार दलित, शोषित और वंचित वर्ग सहित समाज के अंतिम व्यक्ति को सम्मान दिलाने तथा शिक्षा व अन्य क्षेत्रों में आगे बढ़ाने का कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि भाजपा सरकार पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय के सपने को साकार करते हुए समाज के अंतिम व्यक्ति को लाभकारी योजनाओं से जोड़ रही है, जिसमें निशुल्क शिक्षा, भोजन राशन, किसान सम्मान निधि, गैस सिलेंडर और बेटियों की शादी जैसी योजनाएं शामिल हैं। सरकार बिना किसी भेदभाव के सभी वर्गों के हित में कार्य कर रही है। पूर्व विधायक संजय प्रताप जायसवाल ने कहा कि डॉ. भीमराव अंबेडकर को भारत रत्न की उपाधि भाजपा सरकार के कार्यकाल में ही मिली। उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में डॉ. अंबेडकर सहित पिछड़े समाज को बेहतर बनाने के लिए पंचशील तीर्थ स्थलों का निर्माण कराकर उनका सम्मान बढ़ाया जा रहा है। इस अवसर पर भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष रोली सिंह, रामनगर ब्लॉक प्रमुख यशवंत सिंह, दुष्यंत विक्रम सिंह और ब्लॉक प्रमुख अभिषेक कुमार सहित अन्य पदाधिकारियों ने भी डॉ. अंबेडकर के आदर्शों और त्याग पर प्रकाश डालते हुए अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम में संगीता जायसवाल, राकेश शर्मा, विजय तिवारी, प्रभु दयाल, रंजीत पिंटू यादव, महेंद्र सिंह, राजकुमार चौधरी, अतुल यादव, राकेश उपाध्याय, विकास शर्मा, बलराम तिवारी, कमलेश पाण्डेय, मनोज सिंह, विजय पाण्डेय और राजू सहित कई अन्य लोग उपस्थित रहे।
#बस्ती न्यूज़ टुडे

“पत्रकारों से धक्का-मुक्की पर बवाल, आरपीएफ की कार्यशैली कटघरे में, जांच पर उठे सवाल”

बांदा। जनपद बाँदा में विगत दिनों रेलवे सुरक्षा बल पर महिला पत्रकार सहित तीन पत्रकारों के साथ अभद्रता, धक्का-मुक्की और अमर्यादित व्यवहार का गंभीर आरोप लगा है। शिकायत के बावजूद भी स्थानीय स्तर पर कार्रवाई न होने और जांच में क्लीन चिट मिलने से मामला और गरमा गया है। अब झांसी स्तर पर जांच शुरू होने के बाद निष्पक्ष कार्रवाई की उम्मीद जताई जा रही है।

बाँदा में 22/23 मार्च 2026 की रात रेलवे सुरक्षा बल के कुछ कर्मियों द्वारा महिला पत्रकार समेत अन्य पत्रकारों के साथ कथित अभद्र व्यवहार किए जाने का मामला सामने आया था जिसके अंतर्गत पीड़ित पत्रकारों का आरोप है कि ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों ने न केवल अपमानजनक भाषा का प्रयोग किया, बल्कि धक्का-मुक्की करते हुए महिला पत्रकार का हाथ पकड़कर उसका मोबाइल फोन भी जबरन छीन लिया और उसे टेबल पर पटक दिया।

आरोप है कि इस दौरान महिला पत्रकार की गरिमा को ठेस पहुंचाने के साथ उसके चरित्र पर भी आपत्तिजनक टिप्पणियां की गईं, जो न केवल पत्रकारिता की स्वतंत्रता का हनन है बल्कि कानून और मानवाधिकारों का भी खुला उल्लंघन है। 23 मार्च 26 सुबह लगभग 4 बजे पीड़ित महिला पत्रकार और उनके साथियों ने बाँदा आरपीएफ इंस्पेक्टर सुरुचि द्विवेदी को लिखित शिकायत दी लेकिन इस पर भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई, यह भी आरोप है कि मामले को ठंडा करने की पुरजोर कोशिश की गई लेकिन बाद में इस मामले की जांच महोबा के आरपीएफ इंस्पेक्टर को सौंपी गई, जहां पर जांच के बाद संबंधित कर्मियों को क्लीन चिट दे दी गई, जिससे पत्रकारों में नाराजगी और बढ़ गई।

मामले को गंभीरता से लेते हुए पीड़ित पक्ष ने डाक के माध्यम से उच्च अधिकारियों को भी शिकायत भेजी। इस पर झांसी जीआरपी सीओ सलीम खान झांसी ने संज्ञान लिया और 15 अप्रैल 2026 को पत्रकार रूपा गोयल, ललित कुमार और नीरज निगम के बयान दर्ज किए गए। सीओ सलीम खान ने निष्पक्ष जांच का आश्वासन देते हुए कहा है कि दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान झांसी के कई वरिष्ठ पत्रकार भी मौजूद रहे, जिनमें अरविंद भार्गव, अंसार, नवीन और रामकुमार साहू मुकेश तिवारी शामिल रहे। अब पीड़ित पत्रकारों सहित अन्य सभी की निगाहें भी जांच रिपोर्ट पर टिकी हैं, जिससे यह तय होगा कि आरोपों में कितनी सच्चाई है और क्या वास्तव में दोषियों पर कार्रवाई हो पाती है या नहीं, या फिर सरकारी तंत्र के सामने सच्चाई दम तोड़ देगी और इससे दोषियों के हौसले बुलंद होंगे।

इस संपूर्ण मामले को लेकर पत्रकार जगत में काफी निराशा भी देखने को मिली है कि जहां एक ओर समाज के रक्षक ही समाज की सेवा में तत्पर पत्रकारों पर ऐसा व्यवहार करेंगे तो आम जनता औरों से क्या उम्मीद करे, खैर सारी जांच और पूछताछ के पश्चात अब सबकी निगाहें उम्मीदों से भरी हुई उस ओर है जहां की कलम यह निश्चित करेगी कि आरोपी ने वास्तव में अपराध किया है या नहीं।

नाबालिग को बहला-फुसलाकर भगाने का आरोपी गिरफ्तार:मुंंडेरवा पुलिस ने शादी का झांसा देने वाले युवक को पकड़ा, लड़की बरामद

#बस्ती_न्यूज

बस्ती के मुंडेरवा पुलिस ने नाबालिग लड़की को शादी का झांसा देकर बहला-फुसलाकर भगाने के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने अपहृत लड़की को भी बरामद कर लिया है। यह गिरफ्तारी मुंडेरवा थाना क्षेत्र में हुई। आरोपी अजय पुत्र छोटई, निवासी सामदयापुर हिसामुदीनपुर, केवटहिया, थाना भवानीगंज, जनपद सिद्धार्थनगर को 16 अप्रैल 2026 को शाम करीब 6:10 बजे किठिउरी क्रॉसिंग से मुखबिर की सूचना पर पकड़ा गया। आरोपी की उम्र करीब 19 वर्ष है। लड़की के पिता ने 14 अप्रैल 2026 को मुंडेरवा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि अजय उनकी नाबालिग बेटी को शादी का झांसा देकर भगा ले गया है। इस शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज किया था। पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक श्यामकांत और क्षेत्राधिकारी रुधौली कुलदीप सिंह यादव के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई। थानाध्यक्ष मुंडेरवा प्रदीप कुमार सिंह के नेतृत्व में उपनिरीक्षक जावेद खान और उनकी टीम ने आरोपी को गिरफ्तार किया और लड़की को बरामद किया। टीम में हेड कांस्टेबल देवानंद और कांस्टेबल अमित यादव भी शामिल थे। गिरफ्तारी के बाद आरोपी अजय को आवश्यक कानूनी कार्यवाही के लिए माननीय न्यायालय बस्ती भेज दिया गया है।
#बस्ती न्यूज़ टुडे

विधायक ने 36.80 करोड़ की 4 सड़कों का शिलान्यास किया:विनय वर्मा ने कहा- विकास के लिए मजबूत सड़क नेटवर्क जरूरी


शोहरतगढ़ विधानसभा क्षेत्र में विधायक विनय वर्मा ने 36.80 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाली चार सड़कों का शिलान्यास किया। शुक्रवार, 17 अप्रैल को ढेकहरी चौराहे पर आयोजित कार्यक्रम में इन परियोजनाओं का भूमिपूजन किया गया। इन सड़कों की कुल लंबाई लगभग 10.77 किलोमीटर होगी, जिनका निर्माण और चौड़ीकरण किया जाएगा। इस अवसर पर विधायक वर्मा ने कहा कि क्षेत्र के समग्र विकास के लिए मजबूत सड़क नेटवर्क आवश्यक है। उन्होंने जोर दिया कि बेहतर सड़कें केवल आवागमन को ही सुगम नहीं बनातीं, बल्कि व्यापार, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को भी बढ़ावा देती हैं।
शिलान्यास की गई प्रमुख सड़कों में धनौरा मुस्तकहम से एसएसबी कैंप होते हुए अंतरराष्ट्रीय सीमा तक का मार्ग, मिनी औद्योगिक केंद्र परसा मार्ग का चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण, समय माता स्थान मधवानगर-बैरिहवा मार्ग का निर्माण और ढेकहरी बुजुर्ग से ढेकहरी खुर्द संपर्क मार्ग का निर्माण कार्य शामिल हैं। विधायक वर्मा ने बताया कि इन सड़कों के बनने से सीमावर्ती क्षेत्रों में आवागमन आसान होगा और स्थानीय व्यापार को प्रोत्साहन मिलेगा। इसके अतिरिक्त, ग्रामीण क्षेत्रों के निवासियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी, जिससे उनके जीवन स्तर में सुधार आएगा। उन्होंने इस परियोजना के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, लोक निर्माण विभाग और जिला प्रशासन के अधिकारियों का आभार व्यक्त किया। विधायक ने क्षेत्र की जनता के प्रति भी कृतज्ञता व्यक्त करते हुए कहा कि उनका विश्वास और सहयोग ही उनके कार्यों की सबसे बड़ी प्रेरणा है। कार्यक्रम में उपस्थित क्षेत्रवासियों ने इन सड़क परियोजनाओं को एक बड़ी उपलब्धि बताया। उन्होंने उम्मीद जताई कि इन सड़कों से क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।

हाईकोर्ट ने बस्ती SP को 4 घंटे तक खड़ा रखा:कहा- अपनी जिम्मेदारी समझिए, आगे से माफी नहीं मिलेगी

#बस्ती_न्यूज

इलाहाबाद हाईकोर्ट ने हत्या के एक मामले में बस्ती पुलिस की लापरवाही पर एसपी को चार घंटे तक खड़ा रखा। कोर्ट ने फटकार लगाते हुए कहा- जिस व्यक्ति के पास जिले का प्रभार है, उसे अपने इंस्पेक्टर या सिपाही द्वारा दी गई जानकारी के प्रति सचेत रहना चाहिए। इसके बाद एसपी ने कोर्ट से माफी भी मांगी। कोर्ट ने कहा- एसपी की माफी पर नरम रुख अपनाया जा रहा है। उनके खिलाफ कोई आदेश पारित करने के बजाय, उन्हें निर्देश दिया जाता है कि वे कोर्ट के उठने तक न्यायालय में मौजूद रहें। ताकि भविष्य में हाईकोर्ट या किसी भी कोर्ट के सामने शपथ-पत्र दाखिल करते समय वे अधिक सावधानी बरतें। दरअसल, पूरा मामला एक युवती की हत्या से जुड़ा है। इसमें बस्ती पुलिस की ओर से कोर्ट में गलत तथ्यों के साथ शपथ पत्र दाखिल किया गया था। साथ ही समय पर रिपोर्ट भी नहीं भेजी गई थी। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में भी वो सबूत सामने नहीं मिले, जिसे पुलिस ने अपनी जांच में शामिल किया था। अब पूरा मामला पढ़िए मामला 25 सितंबर, 2025 का है। बस्ती के वाल्टरगंज थाना क्षेत्र में खेत जाने के लिए निकली युवती की हत्या कर दी गई थी। आरोप था युवती पर ईंट और किसी भारी चीज से वार किया गया। युवती की हत्या के बाद उसके मुंह में जहर डाला गया, लेकिन पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में भी गंभीर चोट के स्पष्ट सबूत नहीं मिले। हत्या का आरोप मनजीत कुमार समेत 3 अज्ञात लोगों पर था। परिजनों के अनुसार, आरोपी युवती पर शादी का दबाव बना रहे थे। उसके इनकार करने पर इस वारदात को अंजाम दिया गया। पुलिस ने इस मामले में 17 दिन बाद एफआईआर दर्ज की थी। रिपोर्ट देर से भेजने पर कोर्ट नाराज मामले में आरोपियों ने हाईकोर्ट में जमानत याचिका दायर की थी। सुनवाई के दौरान कोर्ट ने थाने से पैरा-वाइज टिप्पणी मांगी। लेकिन पुलिस को रिपोर्ट भेजने में काफी देर हुई। इस पर कोर्ट ने कड़ी आपत्ति जताई। थानाध्यक्ष वाल्टरगंज उपेंद्र सिंह को भी तलब किया गया। सुनवाई के दौरान थानाध्यक्ष उपेंद्र सिंह और विवेचक हेड कांस्टेबल मनोज यादव ने देरी के लिए अभियोजन अधिकारी को जिम्मेदार ठहराया। इसके बाद कोर्ट ने अभियोजन अधिकारी राजीव कुमार को भी तलब किया। इसके बाद कोर्ट ने 7 अप्रैल, 2026 को एसपी बस्ती को तलब कर लिया। बस्ती पुलिस की लापरवाही सामने आई 16 अप्रैल 2026 को एसपी बस्ती और अभियोजन अधिकारी दोनों को व्यक्तिगत रूप से कोर्ट में उपस्थित हुए। अदालत ने हत्या मामले में कार्रवाई करने में बस्ती पुलिस की लापरवाही मानी। कोर्ट ने एसपी की कार्यशैली पर नाराजगी जताते हुए उन्हें पूरे समय कोर्ट में खड़े रहने का निर्देश दिया। एसपी बोले- माफी मांगता हूं एसपी यशवीर सिंह ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए बिना शर्त माफी मांगी। इसके बाद कोर्ट ने उन्हें भविष्य में सावधानी बरतने की चेतावनी दी। वहीं, केस के मेरिट पर विचार करते हुए कोर्ट ने आरोपी मनजीत कुमार को जमानत दे दी। कोर्ट ने यह भी कहा, मामले में कोई प्रत्यक्षदर्शी नहीं है। केवल अंतिम बार साथ देखे जाने की परिस्थिति है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में भी गंभीर चोट के स्पष्ट साक्ष्य नहीं हैं, इससे संदेह की स्थिति बनी हुई है। कोर्ट ने सशर्त जमानत देते हुए आरोपी को निर्देश दिया कि वह गवाहों को प्रभावित नहीं करेगा और ट्रायल में सहयोग करेगा। —————— यह खबर भी पढ़ें… आगरा के होटल में प्रेमी का सिर फोड़ा, गला काटा:शादीशुदा प्रेमिका चीख-चीखकर बोली- मैंने उसे मार दिया, बैग में हथौड़ा-चाकू लाई थी
आगरा में शादीशुदा महिला ने शुक्रवार दोपहर अपने प्रेमी के सिर पर हथौड़े से हमला कर दिया। वह जब अचेत हो गया तो चाकू से ताबड़तोड़ वार किए और गला काट डाला। जब प्रेमी की मौत हो गई तो महिला चीखने-चिल्लाने लगी। कहने लगी- ‘मैंने उसे मार डाला…मैंने उसे मार डाला।’ ये वारदात इटौरा थाना क्षेत्र के एक होटल की है। दोनों सुबह ही होटल पहुंचे थे और अपने लिए एक कमरा बुक किया था। पढ़ें पूरी खबर…
#बस्ती न्यूज़ टुडे

वैश्विक चुनौतियों से दबाव में भारत का मैन्युफैक्चरिंग निर्यात क्षेत्र,सप्लाई चेन हुई बाधित

  • इनपुट लागत 10-15% बढ़ी, कंपनियों की प्रतिस्पर्धा पर असर
  • शिपिंग महंगी और निर्यात में गिरावट आशंका

नई दिल्ली। वैश्विक और घरेलू चुनौतियों के बीच भारत का मैन्युफैक्चरिंग निर्यात क्षेत्र इन दिनों दबाव में है। पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष, बढ़ती इनपुट लागत और लॉजिस्टिक्स से जुड़ी समस्याओं ने उद्योग की लागत संरचना को प्रभावित किया है, जिसका असर निर्यात पर पड़ता दिखाई दे रहा है।

उद्योग प्रतिनिधियों के अनुसार, कच्चे माल और ईंधन की कीमतों में हाल के हफ्तों में उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की गई है। कुछ कंपनियों का कहना है कि मार्च में उनकी इनपुट लागत में 10 से 15 प्रतिशत तक इजाफा हुआ है। इससे उत्पादन महंगा हुआ है और अंतरराष्ट्रीय बाजार में प्रतिस्पर्धा प्रभावित हुई है। खासतौर पर उन कंपनियों पर दबाव ज्यादा है, जिनका निर्यात अमेरिका और यूरोप जैसे बाजारों में होता है, जहां पहले से ही टैरिफ और मांग की अनिश्चितता बनी हुई है।

पश्चिम एशिया में तनाव का असर सिर्फ कीमतों तक सीमित नहीं है, बल्कि सप्लाई चेन पर भी पड़ा है। इस क्षेत्र के कई देशों के साथ भारत का महत्वपूर्ण व्यापारिक संबंध है। ऐसे में शिपिंग रूट प्रभावित होने, कंटेनरों की सीमित उपलब्धता और माल ढुलाई महंगी होने से निर्यातकों की मुश्किलें बढ़ी हैं। निर्यातकों का कहना है कि भुगतान निपटान और समय पर डिलीवरी भी चुनौती बनती जा रही है। फेडरेशन ऑफ इंडियन एक्सपोर्ट ऑर्गेनाइजेशन के अनुमान के मुताबिक, मार्च महीने में मर्चेंडाइज निर्यात में 7 से 10 प्रतिशत तक गिरावट देखी जा सकती है। पूरे वित्त वर्ष 2025-26 के लिए भी वस्तु निर्यात में 2 से 3 प्रतिशत की हल्की गिरावट का अनुमान जताया गया है।

हालांकि, सेवा निर्यात के बेहतर प्रदर्शन के चलते कुल निर्यात में सीमित वृद्धि संभव मानी जा रही है। आधिकारिक आंकड़े भी संकेत देते हैं कि निर्यात वृद्धि की रफ्तार धीमी हुई है। वित्त वर्ष 2025-26 के पहले 11 महीनों में कुल निर्यात करीब 790 अरब डॉलर रहा, जो पिछले वर्ष के मुकाबले कुछ कम है। इससे यह स्पष्ट होता है कि वैश्विक परिस्थितियों का असर भारतीय निर्यात पर पड़ा है, हालांकि स्थिति अभी व्यापक संकट जैसी नहीं है।

इसी बीच, कुछ उद्योगों ने श्रमिकों की उपलब्धता को लेकर भी चिंता जताई है। त्योहारों के दौरान गांव लौटे कई मजदूरों के समय पर वापस न आने से उत्पादन प्रभावित हुआ है। हालांकि विशेषज्ञों का मानना है कि यह समस्या अधिकतर मौसमी और क्षेत्र विशेष तक सीमित हो सकती है, न कि पूरे देश में व्यापक श्रमिक संकट का संकेत।इसके अलावा, कुछ क्षेत्रों में औद्योगिक एलपीजी की आपूर्ति को लेकर भी दिक्कतें सामने आई हैं, जिससे उत्पादन लागत और बढ़ी है। निर्यातकों का कहना है कि यदि ये बाधाएं लंबे समय तक बनी रहती हैं, तो प्रतिस्पर्धात्मकता पर असर पड़ सकता है।

फिलहाल, उद्योग जगत को उम्मीद है कि पश्चिम एशिया में हालात स्थिर होने और वैश्विक सप्लाई चेन सामान्य होने पर स्थिति में सुधार आएगा। तब तक, लागत और लॉजिस्टिक्स का दबाव मैन्युफैक्चरिंग निर्यात क्षेत्र के लिए चुनौती बना रह सकता है।

बस्ती में कार-ऑटो टक्कर में एक की मौत:ऑटो चालक सहित चार से पांच लोग गंभीर रूप से घायल, जांच में जुटी पुलिस

#बस्ती_न्यूज

लालगंज थाना क्षेत्र के बस्ती-महुली मार्ग पर शुक्रवार को दसकोलवा पेट्रोल पंप के पास एक भीषण सड़क हादसा हुआ। एक तेज रफ्तार कार ने ऑटो रिक्शा को टक्कर मार दी, जिसमें ऑटो चालक सहित चार से पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इस दुर्घटना में 38 वर्षीय अखिलानंद की मौत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो रिक्शा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आसपास के लोगों ने तुरंत घटनास्थल पर पहुंचकर घायलों की मदद की और तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही लालगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने एंबुलेंस की सहायता से सभी घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने 38 वर्षीय अखिलानंद को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को मौके से हटवाकर यातायात सामान्य कराया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
#बस्ती न्यूज़ टुडे

बस्ती में बेटे सहित जिला पंचायत सदस्य पर लगे आरोप:सीएसपी पर ग्राहकों के पैसे गबन का आरोप, जांच शुरू

#बस्ती_न्यूज

बस्ती जनपद के पैकोलिया थाना क्षेत्र में एक ग्राहक सेवा केंद्र (सीएसपी) संचालक और वर्तमान जिला पंचायत सदस्य पर गंभीर आरोप लगे हैं। उपभोक्ताओं ने उनके खातों से धनराशि निकाले जाने का आरोप लगाया है, जिसके बाद वे न्याय के लिए भटक रहे हैं। इस बीच, संबंधित जिला पंचायत सदस्य और उनका पुत्र दोनों ही अचानक घर से लापता हो गए हैं। परिजनों की तहरीर पर पैकोलिया थाने में गुमशुदगी का मामला दर्ज कर पुलिस जांच में जुट गई है। थानाध्यक्ष पैकोलिया कृष्ण कुमार साहू ने बताया कि पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। उधर, कई उपभोक्ताओं ने एसबीआई शाखा केशवपुर पहुंचकर शाखा प्रबंधक से शिकायत दर्ज कराई है। उपभोक्ताओं का कहना है कि उनके खातों से बिना जानकारी के पैसे निकाले गए हैं। एसबीआई बैंक मैनेजर केशवपुर संजीव वर्मा ने बताया कि संबंधित सीएसपी को बंद करवा दिया गया है और उच्चाधिकारी मामले की जांच कर रहे हैं। इस प्रकरण में एक कथित सुसाइड नोट भी सामने आया है। इसमें जिला पंचायत सदस्य ने कुछ लोगों द्वारा प्रताड़ित किए जाने और कर्ज के दबाव का जिक्र किया है। हालांकि, पुलिस ने अभी तक इस नोट की पुष्टि नहीं की है और इसकी सत्यता की जांच जारी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि संबंधित सीएसपी संचालक मुलायमगंज बाजार में केंद्र संचालित करता था और पहले भी इस तरह के मामलों की चर्चा हो चुकी है। फिलहाल, पुलिस और बैंक प्रशासन पूरे प्रकरण की गहनता से जांच कर रहे हैं।
#बस्ती न्यूज़ टुडे

अमावस्या पर हुआ जलपान भंडारा:बाबूपुरवा में भाजपा नेता कृष्णा गुप्ता भी रहे मौजूद


अमावस्या के अवसर पर बुद्धेश्वर नाथ मंदिर पर शंकर जी के मेला में जलपान भंडारे का सफल आयोजन किया गया। यह आयोजन हर साल की तरह इस वर्ष भी शांतिपूर्वक संपन्न हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में भक्तों ने हिस्सा लिया। इस भंडारे का आयोजन बाबूपुरवा निवासी जाने-माने वकील नरेंद्र वर्मा द्वारा किया गया, जिन्हें ‘बाहुबली’ के नाम से भी जाना जाता है। कार्यक्रम में दौलतपुर निवासी भाजपा नेता और जिला पंचायत के भावी प्रत्याशी कृष्णा गुप्ता भी अपने कार्यकर्ताओं के साथ मौजूद रहे। उपस्थित भक्तों ने शंकर भगवान का आशीर्वाद प्राप्त करने के उद्देश्य से जलपान ग्रहण किया। इस दौरान धार्मिक सद्भाव और भक्ति का माहौल देखा गया।

बदायूं की विवाहिता की आंवला में संदिग्ध मौत, मायके वालों ने लगाया हत्या का आरोप, पति हिरासत में

 

बदायूं। गुरुवार को बरेली के आंवला की नई बस्ती, तेली मोहल्ला में बदायूं की रहने वाली 25 वर्षीय विवाहिता शबाना की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका की मां नसीम पत्नी जहीर अहमद निवासी मोहल्ला कबूलपुरा, कोतवाली, बदायूं ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने पति अशफाक को हिरासत में ले लिया है।

क्या है मामला

प्राप्त जानकारी के अनुसार, नसीम ने बताया कि उन्होंने अपनी बेटी शबाना का निकाह करीब 4 साल पहले अशफाक पुत्र कमरुद्दीन निवासी आंवला, जिला बरेली के साथ मुस्लिम रीति-रिवाज से किया था। आरोप है कि शादी के बाद से ही पति अशफाक, ननद शहनाज़, ननदोई अकरम व अन्य ससुराल वाले दहेज व घरेलू बातों को लेकर शबाना को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करते थे।

पंचायतें भी हुईं, पर नहीं रुकी प्रताड़ना

मृतका की मां का कहना है कि शबाना ने कई बार फोन पर और मायके आने पर मारपीट व जान से मारने की धमकी की बात बताई थी। इसको लेकर कई बार रिश्तेदारों ने पंचायत भी कराई। हर बार ससुराल पक्ष भविष्य में ऐसा न करने का वादा करता, लेकिन कुछ दिन बाद फिर प्रताड़ना शुरू हो जाती। शबाना के दो छोटे बच्चे हैं जिनकी उम्र लगभग 1 वर्ष और 3 वर्ष है।

16 अप्रैल की शाम मिली मौत की सूचना

नसीम ने बताया कि दिनांक 16 अप्रैल 2026 को शाम करीब 7 बजे मायके वालों को ससुराल से सूचना मिली कि शबाना की मौत हो गई है। जब परिजन अधिवक्ता अनम खान के साथ आंवला पहुंचे तो शव पड़ा मिला और शरीर पर नीले निशान थे। 

मायके वालों का आरोप

मृतका की मां नसीम का आरोप है कि उनकी बेटी की हत्या पति व ससुराल के अन्य लोगों ने मिलकर की है। उनका कहना है कि शबाना हमेशा अपने भाइयों अनस, समीर व अन्य परिजनों से कहती थी कि ससुराल वाले उसकी हत्या कर देंगे। आरोप है कि पैसे व अन्य चीजों की मांग पूरी न होने पर 16 अप्रैल को बेटी की हत्या कर दी गई।

पुलिस की कार्रवाई

आंवला के सीओ नितिन कुमार ने घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतका की मां ने हत्या व दहेज प्रताड़ना की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस ने पति अशफाक को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच जारी है। शबाना की मौत से परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। 

बस्ती में जागरूकता कार्यक्रम:महिलाओं-बालिकाओं की सुरक्षा, हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई

#बस्ती_न्यूज

बस्ती में उत्तर प्रदेश सरकार के ‘मिशन शक्ति 5.0’ (द्वितीय चरण) अभियान के तहत एक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसका उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान तथा सशक्तिकरण को बढ़ावा देना था। यह कार्यक्रम भारत रत्न पं. अटल बिहारी वाजपेयी प्रेक्षागृह में संपन्न हुआ, जिसमें पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) बस्ती परिक्षेत्र और पुलिस अधीक्षक (एसपी) बस्ती उपस्थित रहे। इसमें लगभग 700 महिलाओं और बालिकाओं ने भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान, महिला थाना टीम और पुलिस की विशेष इकाइयों ने प्रतिभागियों को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों और विभिन्न कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी। इसमें POCSO एक्ट, दहेज निषेध अधिनियम और घरेलू हिंसा अधिनियम जैसे महत्वपूर्ण कानूनों पर विस्तार से चर्चा की गई। इसके अतिरिक्त, साइबर सुरक्षा पर भी विशेष ध्यान दिया गया। प्रतिभागियों को ऑनलाइन ठगी, फर्जी प्रोफाइल और साइबर स्टॉकिंग जैसे अपराधों से बचाव के तरीकों के बारे में जागरूक किया गया। अधिकारियों ने आपात स्थिति में तत्काल सहायता प्राप्त करने के लिए विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी। इनमें महिला हेल्पलाइन 181, साइबर हेल्पलाइन 1930, पुलिस कंट्रोल रूम 112 और वन स्टॉप सेंटर शामिल थे। कार्यक्रम में आत्मरक्षा की बुनियादी तकनीकों पर भी प्रकाश डाला गया, ताकि महिलाएं किसी भी संकट में अपनी सुरक्षा कर सकें। डीआईजी बस्ती ने अपने संबोधन में कहा कि ‘मिशन शक्ति’ केवल सुरक्षा का माध्यम नहीं है, बल्कि यह महिलाओं को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने का एक प्रभावी मंच भी है। पुलिस अधीक्षक बस्ती ने बताया कि यह आयोजन ‘बहू-बेटी सम्मेलन’ के रूप में किया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि पुलिस विभाग महिलाओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रहा है। कार्यक्रम में एक इंटरैक्टिव सत्र भी आयोजित किया गया, जहाँ प्रतिभागियों ने अपने प्रश्न पूछे और अधिकारियों ने उदाहरणों के साथ उनके समाधान प्रस्तुत किए। इस पहल का मुख्य उद्देश्य जनपद को महिलाओं और बालिकाओं के लिए और अधिक सुरक्षित बनाना है।
#बस्ती न्यूज़ टुडे

राजकीय महाविद्यालय में नारी शक्ति वंदन अधिनियम पर संगोष्ठी:रूधौली में महिलाओं की वर्तमान स्थिति पर चर्चा, छात्रों ने भी लिया भाग

#बस्ती_न्यूज

बस्ती के राजकीय महाविद्यालय, रूधौली में शुक्रवार को नारी शक्ति वंदन अधिनियम 2023 के तहत एक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इस संगोष्ठी का विषय “महिलाओं की वर्तमान स्थिति” था। कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय की छात्रा रम्भावती द्वारा माँ सरस्वती की वंदना के साथ हुआ। मुख्य वक्ता डॉ. शिवा त्रिपाठी ने संगोष्ठी को संबोधित करते हुए महिलाओं की सामाजिक, शैक्षिक और आर्थिक स्थिति पर अपने विचार रखे। उन्होंने नारी सशक्तिकरण के विभिन्न पहलुओं पर प्रकाश डाला और बताया कि आज हर क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी बढ़ रही है, लेकिन चुनौतियाँ अब भी मौजूद हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह अधिनियम महिलाओं की स्थिति को बेहतर बनाने में सहायक होगा। प्रो. राजेश कुमार शर्मा ने अपने वक्तव्य में कहा कि भारत में महिलाओं की स्थिति हमेशा गौरवपूर्ण रही है। उन्होंने महिलाओं से अपने गौरवशाली इतिहास का अनुसरण करने का आग्रह किया और कहा कि यह अधिनियम निश्चित रूप से इसमें महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। डॉ. शैलजा ने बताया कि यह अधिनियम संसद और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं को उचित प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करने का मार्ग प्रशस्त करता है। इससे नीति-निर्माण में उनकी भागीदारी बढ़ेगी। डॉ. देवानंद ने कहा कि इस अधिनियम के माध्यम से महिलाओं को निर्णय लेने की प्रक्रिया में शामिल होने का अवसर मिलेगा। इससे समाज के विकास में संतुलन और समावेशिता आएगी। इस कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने भी सक्रिय रूप से भाग लिया और विषय से संबंधित अपने विचार व प्रश्न प्रस्तुत किए। संगोष्ठी का संचालन डॉ. शैलजा और डॉ. देवानंद के निर्देशन में हुआ। अंत में, प्राचार्य ने सभी प्रतिभागियों को बधाई दी।
#बस्ती न्यूज़ टुडे

भारत-नेपाल सीमा पर दो युवक 57 लीटर पेट्रोल संग गिरफ्तार:अवैध तस्करी रोकने के लिए SSB-पुलिस की संयुक्त कार्रवाई


भारत-नेपाल सीमा पर अवैध तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की 43वीं वाहिनी और उत्तर प्रदेश पुलिस की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता मिली है। टीम ने सीमा चौकी बजहा पोखरभीटवा क्षेत्र में गश्त के दौरान 57 लीटर पेट्रोल के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार, संयुक्त गश्ती दल को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ लोग अवैध रूप से पेट्रोल नेपाल ले जाने की कोशिश कर रहे हैं। इस सूचना के आधार पर एसएसबी और पुलिस की टीम ने सीमा स्तंभ संख्या 552 के पास निगरानी बढ़ा दी। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध व्यक्तियों को रोका गया। तलाशी लेने पर दोनों के पास से 6 जरीकेन में कुल 57 लीटर पेट्रोल बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपियों ने अपनी पहचान मनोज कुमार पुत्र वीरेंद्र और दिपेन्द्र कुमार पाण्डेय पुत्र वीरेंद्र, निवासी ग्राम भरवांलिया, पोस्ट बजहा बाजार, थाना क्षेत्र कपिलवस्तु, जिला सिद्धार्थनगर के रूप में बताई। उन्होंने स्वीकार किया कि वे इस पेट्रोल को भारत से नेपाल में अवैध रूप से बेचने के उद्देश्य से ले जा रहे थे। संयुक्त टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए बरामद पेट्रोल और मोटरसाइकिल को जब्त कर लिया। सभी बरामद सामान को विधिवत जब्ती प्रक्रिया पूरी करने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए कस्टम ककरहा को सौंप दिया गया है। एसएसबी अधिकारियों ने बताया कि भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी, मानव तस्करी, नशीले पदार्थों की आवाजाही, अवैध मुद्रा और वन्यजीव तस्करी जैसे अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए बल लगातार अभियान चला रहा है। नियमित गश्त और सतर्कता के कारण ही इस तरह की कार्रवाई संभव हो पाती है। उन्होंने यह भी कहा कि सीमा क्षेत्र में सुरक्षा को और मजबूत करने तथा अवैध गतिविधियों पर पूरी तरह से अंकुश लगाने के लिए ऐसे अभियान भविष्य में भी लगातार जारी रहेंगे।

श्रावस्ती में जमीन विवाद को लेकर मारपीट:महिला से अभद्रता का आरोप, पुलिस जांच में जुटी


श्रावस्ती जिले के सोनवा थाना क्षेत्र के एक गांव में जमीन विवाद को लेकर मारपीट और महिला से अभद्रता का मामला सामने आया है। पीड़िता शीला देवी ने थाने में तहरीर देकर गांव के कुछ लोगों पर घर में घुसकर हंगामा करने और गंभीर मारपीट का आरोप लगाया है। पीड़िता के अनुसार, उनके पति को ग्राम सभा से आवासीय पट्टा मिला था, जिस पर उन्होंने मकान और टीन शेड का निर्माण कराया था। आरोप है कि 16 अप्रैल की शाम करीब 4 बजे विपक्षी पक्ष के लोग ट्रैक्टर लेकर उनके घर पहुंचे और जबरन फेंसिंग हटाने लगे। जब शीला देवी ने इसका विरोध किया, तो आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। पीड़िता ने बताया कि इस दौरान उनके कपड़े भी फट गए और उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया। बीच-बचाव करने आए उनके बेटे को भी पीटा गया, जिससे परिवार के कई सदस्य घायल हो गए। घटना के बाद पीड़िता ने डायल 112 पर सूचना दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची, लेकिन आरोप है कि आरोपी तब तक वहां से फरार हो चुके थे। बाद में आरोपियों द्वारा दोबारा आकर धमकी देने की बात भी सामने आई है। पीड़िता ने प्रशासन से इस मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की है। सोनवा थाना अध्यक्ष विष्णु देव पांडे ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।