सिद्धार्थनगर में राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-730 पर शोहरतगढ़ से उसका बाजार तक सड़क चौड़ीकरण और बाईपास निर्माण परियोजना अब तेजी से आगे बढ़ रही है। लोक निर्माण विभाग के राष्ट्रीय मार्ग खंड के अनुसार, परियोजना का लगभग 60 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है और शेष निर्माण कार्य अगले छह माह में पूर्ण होने की संभावना है। विभागीय अधिकारियों के मुताबिक, परियोजना का निर्माण कार्य मेरठ की मेसर्स कान्ती प्रसाद मित्तल द्वारा ईपीसी ठेकेदार के रूप में कराया जा रहा है। इस परियोजना के तहत करीब 23 किलोमीटर सड़क का चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण किया जा रहा है। साथ ही चिल्हिया और उसका बाजार क्षेत्र में लगभग 9 किलोमीटर लंबा ग्रीनफील्ड बाईपास भी बनाया जा रहा है। अधिकारियों ने बताया कि परियोजना के प्रारंभिक चरण में रेलवे, सिंचाई और वन विभाग सहित विभिन्न विभागों से आवश्यक स्वीकृतियां प्राप्त करने में देरी हुई थी। वैधानिक प्रक्रियाओं में अधिक समय लगने के कारण निर्माण कार्य निर्धारित गति से आगे नहीं बढ़ सका था। हालांकि, अब अधिकांश प्रशासनिक और तकनीकी बाधाएं दूर हो चुकी हैं, जिससे निर्माण कार्य में तेजी आई है। विभाग के अनुसार, 23 किलोमीटर सड़क चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण का कार्य डीबीएम (डेंस बिटुमिनस मैकाडम) स्तर तक पूरा किया जा चुका है। वहीं ग्रीनफील्ड बाईपास क्षेत्र में मिट्टी भराई और जीएसबी (ग्रेन्युलर सब बेस) का कार्य तेजी से चल रहा है। निर्धारित समय सीमा में परियोजना को पूरा करने के लिए ठेकेदार ने तीन अतिरिक्त उपठेकेदारों की भी नियुक्ति की है। वर्तमान में निर्माण स्थल पर दिन और रात दोनों पालियों में कार्य कराया जा रहा है, जिससे काम की गति में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि यदि मौसम और अन्य परिस्थितियां अनुकूल रहीं, तो अगले छह महीनों के भीतर यह महत्वपूर्ण परियोजना पूरी हो जाएगी। परियोजना के पूर्ण होने के बाद क्षेत्र के लोगों को बेहतर यातायात सुविधाएं मिलेंगी और चिल्हिया तथा उसका बाजार कस्बों में लगने वाले जाम से भी काफी हद तक राहत मिलने की उम्मीद है।
एनएच-730 चौड़ीकरण और बाईपास परियोजना ने पकड़ी रफ्तार:अगले छह माह में पूरा होने की उम्मीद, जाम की समस्या से मिलेगी राहत
RELATED ARTICLES












