श्रावस्ती में 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को जनपद भर में विभिन्न स्थानों पर योग शिविरों और सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। मुख्य कार्यक्रम स्पोर्ट्स स्टेडियम भिनगा में आयोजित हुआ, जहां जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग, मुख्य विकास अधिकारी शाहिद अहमद सहित बड़ी संख्या में अधिकारियों, कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने योगाभ्यास किया। इस वर्ष योग दिवस की थीम “स्वस्थ शरीर के लिए योग जरूरी” रही। कार्यक्रम में योगाचार्य जितेंद्र कुमार मिश्रा और अरुण कुमार ने प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान की विधियों का अभ्यास कराया। उन्होंने बताया कि नियमित योगाभ्यास से शरीर स्वस्थ और निरोग रहता है, मानसिक तनाव कम होता है तथा व्यक्ति ऊर्जावान और सकारात्मक बना रहता है। योगाचार्यों ने योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि योग को केवल एक दिवस तक सीमित न रखकर दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए। उन्होंने बताया कि योग शारीरिक स्वास्थ्य के साथ-साथ मानसिक और आध्यात्मिक विकास का भी प्रभावी माध्यम है। इसी क्रम में जगतजीत इंटर कॉलेज, इकौना में भी अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन किया गया। यहां भाजपा विधायक राम फेरन पाण्डेय की अगुवाई में छात्र-छात्राओं एवं स्थानीय नागरिकों ने सामूहिक योगाभ्यास किया। कार्यक्रम में विभिन्न योगासन और प्राणायाम का अभ्यास कराया गया तथा योग के लाभों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। वक्ताओं ने कहा कि नियमित योगाभ्यास से शरीर में लचीलापन और शक्ति बढ़ती है, साथ ही तनाव, चिंता और अवसाद जैसी समस्याओं से भी राहत मिलती है। योग हृदय और श्वसन तंत्र को मजबूत बनाने, रक्त संचार को बेहतर करने तथा रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने में भी सहायक है। उन्होंने बताया कि योग पीठ दर्द, गठिया जैसी समस्याओं में राहत प्रदान करता है और वजन नियंत्रण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया। योग दिवस के अवसर पर आयोजित इन कार्यक्रमों ने लोगों को स्वस्थ, संतुलित और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।
श्रावस्ती में 12वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर सामूहिक योगाभ्यास:‘स्वस्थ शरीर के लिए योग जरूरी’ थीम पर कार्यक्रम आयोजित
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












