#बस्ती_न्यूज
बस्ती में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जन्मोत्सव पर पौराणिक तपसी धाम में एक त्रिदिवसीय महामहोत्सव का आयोजन किया गया। विश्व हिंदू महासंघ द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम के पहले दिन 289 युवाओं और समाजसेवियों ने स्वेच्छा से रक्तदान किया। इस पहल ने जन्मोत्सव को जनसेवा के महाअभियान में बदल दिया। यह कार्यक्रम विश्व हिंदू महासंघ के जिलाध्यक्ष अखिलेश सिंह की अध्यक्षता और तपसी धाम के महंत जय बक्स दास महाराज के संरक्षण में आयोजित हुआ। इसका शुभारंभ वरिष्ठ समाजसेवी राम नरेश सिंह ‘मंजुल’, महासंघ के प्रदेश महामंत्री दिग्विजय सिंह राना, विधायक अजय सिंह और संत समाज के प्रतिनिधियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। रक्तदान शिविर में युवाओं में भारी उत्साह देखा गया। जिला अस्पताल की चिकित्सकीय टीम की देखरेख में चले इस शिविर में रक्तदाताओं की लंबी कतारें लगी रहीं। निरीक्षण के लिए पहुंचे डीआईजी और पुलिस अधीक्षक ने रक्तदाताओं को प्रशस्ति पत्र दिए। उन्होंने इस पहल को अनुकरणीय बताते हुए कहा कि यह रक्त अनेक जरूरतमंदों का जीवन बचाने में सहायक होगा। महासंघ के प्रदेश महामंत्री दिग्विजय सिंह राना ने इस अवसर पर कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का जीवन राष्ट्र और सनातन संस्कृति को समर्पित है। उनके जन्मदिन पर रक्तदान से बड़ा कोई उपहार नहीं हो सकता। कार्यक्रम की व्यवस्थाओं में युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष सौरभ त्रिपाठी और सनातन रक्षा वाहिनी के जिलाध्यक्ष विवेक श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। महिलाओं ने भी इस रक्तदान अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपनी सक्रिय सामाजिक भागीदारी दर्ज कराई। आयोजकों ने बताया कि महोत्सव के आगामी दिनों में अखंड रामायण पाठ, सुंदरकांड, महाआरती और एक विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा, जिसमें जिले भर के श्रद्धालु शामिल होंगे।
#बस्ती न्यूज़ टुडे
सीएम योगी जन्मोत्सव पर 289 यूनिट रक्तदान:बस्ती में तपसी धाम में युवाओं ने किया सेवा का महायज्ञ
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












