Homeजिला / लोकल (Local News)पीएम मोदी ने गिनाईं सरकार की उपलब्धियां, बोले 12 साल में भारत...

पीएम मोदी ने गिनाईं सरकार की उपलब्धियां, बोले 12 साल में भारत ने देखे बड़े परिवर्तन


नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने केंद्र में अपनी सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के अवसर पर देश की विकास यात्रा और जनकल्याणकारी उपलब्धियों को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि इस पूरे कार्यकाल में सरकार का मुख्य उद्देश्य समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाना रहा है और इसी सोच ने नीति निर्माण की दिशा तय की है।
प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर साझा संदेशों में कहा कि उनकी सरकार ‘अंत्योदय’ के सिद्धांत से प्रेरित रही है, जिसके तहत लंबे समय से वंचित और हाशिए पर खड़े वर्गों को मुख्यधारा से जोड़ने का प्रयास किया गया। उन्होंने कहा कि विकास का लाभ अब सीधे जनता तक पहुंच रहा है और इसके परिणामस्वरूप सामाजिक-आर्थिक स्तर पर बड़े बदलाव देखने को मिले हैं।
उन्होंने जनधन योजना, प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी), स्वच्छ भारत मिशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, जल जीवन मिशन और आयुष्मान भारत जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इन कार्यक्रमों ने करोड़ों नागरिकों को सम्मानजनक जीवन, स्वास्थ्य सुरक्षा और बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई हैं।
प्रधानमंत्री ने कहा कि तकनीक ने शासन प्रणाली को अधिक पारदर्शी और प्रभावी बनाया है। डीबीटी और डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से सरकारी सहायता सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों तक पहुंच रही है, जिससे बिचौलियों की भूमिका समाप्त हुई है और भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने में मदद मिली है। इससे प्रशासनिक दक्षता भी बढ़ी है और जनता का विश्वास मजबूत हुआ है।
उन्होंने कहा कि गरीब कल्याण की यह यात्रा अब केवल सरकारी योजनाओं तक सीमित नहीं रह गई है, बल्कि यह एक व्यापक जनआंदोलन का रूप ले चुकी है, जिसका लक्ष्य विकसित भारत के निर्माण की दिशा में आगे बढ़ना है। प्रधानमंत्री ने कहा कि बीते 12 वर्षों में हुए सुधारों ने देश की विकास गति को नई ऊर्जा दी है और आने वाले वर्षों में यह प्रयास और तेज होंगे, जिससे भारत वैश्विक स्तर पर नई पहचान स्थापित करेगा।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments