न्यूयॉर्क। अमेरिका के न्यूयॉर्क शहर के मैनहट्टन स्थित अपर वेस्ट साइड में गुरुवार को हुए चाकू हमले के बाद इज़राइल और न्यूयॉर्क के मेयर ज़ोरान मम्दानी के बीच राजनीतिक विवाद गहरा गया है।
इज़राइल के विदेश मंत्री गिदोन सार ने इस घटना को “भयानक यहूदी-विरोधी हमला” बताते हुए आरोप लगाया कि मेयर के बयानों ने ऐसा माहौल बनाया, जिसमें यहूदियों को निशाना बनाया जा रहा है।
रूस की अंतरराष्ट्रीय समाचार टेलीविजन नेटवर्क रशिया टुडे (आरटी)
के मुताबिक, न्यूयॉर्क पुलिस ने बताया कि हमले में एक यहूदी और एक एशियाई व्यक्ति घायल हुए हैं। दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
न्यूयॉर्क पुलिस विभाग (एनवाईपीडी) ने 51 वर्षीय राउल मोरालेस को हमले के सिलसिले में गिरफ्तार किया है। पुलिस आयुक्त जेसिका टिश ने बताया कि पीड़ितों और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हमलावर ने दोनों हमलों के दौरान कथित तौर पर “अल्लाहु अकबर” का नारा लगाया था।
पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या यह घटना नफरत से प्रेरित अपराध के दायरे में आती है। अधिकारियों ने कहा कि संदिग्ध की मानसिक स्थिति भी जांच का एक पहलू है।
न्यूयॉर्क के मेयर ज़ोरान मम्दानी ने भी घटना की निंदा करते हुए कहा कि गवाहों और पीड़ितों ने हमलावर को “अल्लाहु अकबर” चिल्लाते हुए सुना था। उन्होंने कहा कि “हमारे शहर में ऐसे नफरत भरे और घिनौने हमलों के लिए कोई जगह नहीं है।”
इज़राइल के विदेश मंत्री गिदोन सार ने सोशल मीडिया पर कहा कि यह हिंसा अचानक नहीं हुई, बल्कि इज़राइल के खिलाफ लंबे समय से की जा रही कथित भड़काऊ बयानबाजी का परिणाम है।
उन्होंने मेयर मम्दानी से यहूदी-विरोध के खिलाफ सख्ती से कार्रवाई करने और न्यूयॉर्क के यहूदी समुदाय की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की।
गाैरतलब है कि, डेमोक्रेटिक सोशलिस्ट नेता ज़ोरान मम्दानी पहले भी इज़राइल की गाज़ा नीति की तीखी आलोचना कर चुके हैं। उन्होंने इज़राइल पर गाज़ा में नरसंहार का आरोप लगाया था और अमेरिकन-इज़राइल पब्लिक अफेयर्स कमेटी (एआईपीएसी) की भी आलोचना की थी।
उनकी इन टिप्पणियों को लेकर कुछ यहूदी संगठनों ने उन्हें यहूदी-विरोधी करार दिया, हालांकि मम्दानी ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा है कि वह हर प्रकार के यहूदी-विरोध के खिलाफ हैं और न्यूयॉर्क के यहूदी समुदाय की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध हैं।
इस बीच, न्यूयॉर्क पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी है और हमले के पीछे के वास्तविक मकसद का पता लगाने का प्रयास कर रही है।












