#बस्ती_न्यूज
बस्ती में मंगलवार को अधिवक्ताओं ने प्रयागराज की महिला अधिवक्ता जागृति शुक्ला की मृत्यु के मामले में प्रदर्शन किया। अधिवक्ताओं ने उपचार के दौरान चिकित्सकों के हमले के बाद हुई उनकी मौत के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। अधिवक्ताओं ने जिलाधिकारी के प्रशासनिक अधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को संबोधित एक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में मांग की गई कि महिला अधिवक्ता की मौत के लिए जिम्मेदार चिकित्सकों को तत्काल गिरफ्तार किया जाए। इसके साथ ही, मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कराने की भी मांग की गई, ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके। प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने कहा कि अधिवक्ता समाज न्याय व्यवस्था का एक महत्वपूर्ण स्तंभ है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि दोषियों के खिलाफ शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई, तो प्रदेशभर के अधिवक्ता आंदोलन को और तेज करने के लिए बाध्य होंगे। ज्ञापन सौंपने वालों में वरिष्ठ अधिवक्ता और जनपद बार के सदस्य प्रदीप कुमार पांडेय, रामप्रसाद चौरसिया, बामदेव मिश्रा और नीलम यादव प्रमुख रूप से शामिल थे। इनके नेतृत्व में बड़ी संख्या में अधिवक्ताओं ने प्रदर्शन में हिस्सा लिया। प्रदर्शन में विश्वनाथ चौरसिया, अवनीश मिश्रा, जगदीश चौधरी, गोविंद प्रसाद, शैलजा मिश्रा और अरविंद मिश्रा सहित कई अन्य अधिवक्ता भी उपस्थित थे। सभी ने एक स्वर में दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग दोहराई।
#बस्ती न्यूज़ टुडे
प्रयागराज की महिला अधिवक्ता की मौत पर वकीलों का प्रदर्शन:बस्ती में अधिवक्ताओं ने सौंपा ज्ञापन, कार्रवाई की मांग
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












