- रेलवे ट्रैक मेंटेनर्स की हर समस्या के लिये एआईआरएफ तत्पर: शिव गोपाल मिश्र
लखनऊ। ऑल इंडिया रेलवे मेन्स फेडरेशन (एआईआरएफ) के तत्वावधान में रेलवे की सबसे महत्वपूर्ण और दिन रात, चौबीस घंटे कार्य करने वाली कोटि, रेलवे ट्रैक मेंटेनरों से संबंधित महत्वपूर्ण मुद्दों पर विचार-विमर्श के लिये अखिल भारतीय ट्रैक मेन्टेनर्स सम्मेलन का आयोजन बुधवार को नयी दिल्ली के ताल कटोरा इन्डोर स्टेडियम मे आयोजित हुआ। देश के विभिन्न जोनों एवं मंडलों से आए तीन हजार से अधिक ट्रैक मेंटेनर्स प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
मुख्य अतिथि रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, सदस्य इन्फ्रास्ट्रक्चर विवेक कुमार गुप्ता, महाप्रबंधक उत्तर रेलवे राजेश कुमार पान्डेय इस दौरान मुख्यालय व दिल्ली मंडल के अन्य अधिकारी भी इस मौके पर उपस्थित रहे। सम्मेलन को संबोधित करते हुए रेल मंत्री ने ट्रैक मेंटेनरों की भूमिका को अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए उनकी सुरक्षा, कार्य परिस्थितियों और कल्याण को सर्वाेच्च प्राथमिकता देने का आश्वासन दिया। उन्होंने आधुनिक उपकरणों की उपलब्धता, कार्यस्थल पर बेहतर सुरक्षा उपायों तथा संसाधनों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने पर बल दिया। रेल मंत्री ने ट्रैक मेन्टेनर कैडर की पदोन्नति पर भी ध्यान दिये जाने का आश्वासन दिया।
रेलवे बोर्ड के सदस्य विवेक गुप्ता ने कार्यस्थल पर सुरक्षा मानकों के कड़ाई से पालन तथा नियमित निरीक्षण को सुनिश्चित करने पर जोर दिया। जीएम एनआर राजेश कुमार पान्डेय ने रेलवे ट्रैक मेंटेनरों से संबंधित मुद्दों पर कहा कि ट्रैक मेंटेनर सुरक्षित व सुचारु रेल परिचालन की रीढ़ हैं।
एआईआरएफ महामंत्री शिव गोपाल मिश्रा ने ट्रैक मेंटेनरों की कठिन एवं चुनौतीपूर्ण कार्य परिस्थितियों का उल्लेख करते हुए उनकी प्रमुख मांगों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। स्वास्थ्य एवं कल्याण से जुड़े मुद्दों,चिकित्सा सुविधाएं, विश्राम व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं को प्राथमिकता देने की आवश्यकता पर जोर दिया। सम्मेलन का संचालन दिल्ली मंडल के मंडल मंत्री अनूप शर्मा व धन्यवाद ज्ञापन नार्दर्न रेलवे मेन्स यूनियन के अध्यक्ष एस के त्यागी ने किया।












