HomeHealth & Fitnessबनारस रेलवे स्टेशन पर बारिश बनी मुसीबत, प्लेटफॉर्म की छत से टपका...

बनारस रेलवे स्टेशन पर बारिश बनी मुसीबत, प्लेटफॉर्म की छत से टपका पानी

वाराणसी: तेज बारिश के बीच बनारस रेलवे स्टेशन का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में प्लेटफॉर्म नंबर-8 के पीपी (PP) शेल्टर की छत से पानी टपकता दिखाई दे रहा है, जिससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। वीडियो सामने आने के बाद रेलवे स्टेशन के रखरखाव को लेकर सोशल मीडिया पर सवाल उठने लगे।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सोमवार को हुई भारी बारिश के दौरान प्लेटफॉर्म नंबर-8 पर छत से लगातार पानी गिरने लगा। कई यात्रियों को इससे बचने के लिए अपनी जगह बदलनी पड़ी। घटना का वीडियो किसी यात्री ने रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर साझा कर दिया, जो देखते ही देखते वायरल हो गया।

रेलवे ने बताई वजह

मामले पर रेलवे प्रशासन ने सफाई देते हुए कहा कि यह किसी निर्माण संबंधी खराबी के कारण नहीं हुआ। रेलवे के अनुसार, पीपी शेल्टर के ऊपर बने वैली गटर और डाउन पाइप के जोड़ पर तेज हवा के कारण पत्ते, कचरा और पतंग की डोर फंस गई थी। इससे बारिश का पानी सही तरीके से निकल नहीं पाया और कुछ देर के लिए रिसाव शुरू हो गया।

रेलवे ने बताया कि सूचना मिलते ही कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर गटर की सफाई कर दी, जिसके बाद समस्या दूर हो गई।

स्टेशन की व्यवस्था पर उठे सवाल

वीडियो वायरल होने के बाद कई लोगों ने स्टेशन की देखरेख और ड्रेनेज व्यवस्था पर सवाल उठाए। हालांकि रेलवे का कहना है कि बनारस स्टेशन पर नियमित रूप से सफाई और रखरखाव किया जाता है तथा मानसून के दौरान जल निकासी व्यवस्था की निगरानी और बढ़ाई जाएगी।

रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि स्टेशन पर किसी भी प्रकार की समस्या दिखने पर तुरंत अधिकारियों को सूचना दें, ताकि तत्काल कार्रवाई की जा सके।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments