मोहनलालगंज , लखनऊ । मोहनलालगंज कोतवाली क्षेत्र के गौरा चौराहे के पास बुधवार सुबह हाईवे पर आवारा पशुओं को बचाने के प्रयास में फतेहपुर डिपो की सवारियों से भरी रोडवेज बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक शोरूम के बाहर लगे लोहे के एंगल से जा टकराई। हादसे में बस का शीशा टूट गया और दो सवारियां घायल हो गईं।
फतेहपुर डिपो की रोडवेज बस बुधवार सुबह करीब छह बजे बछरावां से सवारियां लेकर लखनऊ जा रही थी। बस जैसे ही गौरा चौराहे के पास पहुंची, तभी हाईवे पर अचानक आवारा पशुओं का झुंड सामने आ गया। पशुओं को बचाने के प्रयास में चालक ने बस को मोड़ दिया, जिससे बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित शोरूम के बाहर लगे लोहे के एंगल से टकरा गई।
टक्कर इतनी तेज थी कि बस का शीशा टूट गया। हादसे में बस में सवार दो यात्रियों को चोटें आईं। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने घायलों की मदद की। गनीमत रही कि हादसे में कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ। स्थानीय लोगों ने हाईवे पर घूम रहे आवारा पशुओं को हटवाने और हादसों की रोकथाम के लिए प्रभावी कार्रवाई की मांग की है।












