HomeHealth & Fitnessलोहिया संस्थान में "रुको, रोको, टोको" अभियान का आयोजन

लोहिया संस्थान में “रुको, रोको, टोको” अभियान का आयोजन

लखनऊ।विश्व तम्बाकू निषेध दिवस के पूर्व आयोजित जन-जागरूकता कार्यक्रमों की श्रृंखला में डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान के दंत चिकित्सा विभाग द्वारा निदेशक प्रो. डॉ. सी.एम. सिंह के नेतृत्व में ग्रीन ओपीडी परिसर में “रुको, रोको, टोको” अभियान के अंतर्गत सार्वजनिक स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
निदेशक प्रो. डॉ. सी. एम. सिंह ने कहा, “तम्बाकू छोड़ना केवल एक व्यक्तिगत निर्णय नहीं, बल्कि परिवार, समाज और राष्ट्र के स्वास्थ्य की रक्षा का संकल्प है।” चिकित्सा अधीक्षक प्रो. डॉ. अरविन्द सिंह ने तम्बाकू को मुख एवं ओरल कैंसर,दंत रोगों, हृदय एवं फेफड़ों की गंभीर बीमारियों का प्रमुख कारण बताते हुए जागरूकता एवं रोकथाम पर बल दिया।
दंत चिकित्सा विभाग की अध्यक्ष प्रो. डॉ. शैली महाजन ने उपस्थित जनसमूह को “नो टोबैको प्रतिज्ञा” दिलाई तथा कहा, “यदि प्रत्येक नागरिक केवल एक व्यक्ति को तम्बाकू छोड़ने के लिए प्रेरित करे, तो तम्बाकू मुक्त भारत का सपना शीघ्र ही साकार हो सकता है।” उन्होंने “रुको–स्वयं रुकें, रोको–अपनों को रोकें, टोको–समाज को जागरूक करें” का संदेश दिया।
कार्यक्रम में डॉ. स्मिथ यादव ने युवाओं को तम्बाकू मुक्त जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान प्रो. डॉ. शैली महाजन द्वारा लिखित पुस्तकों “दंत बत्तीसी” एवं “मुस्कुराती परछाइयाँ” का निःशुल्क वितरण किया गया तथा टूथब्रश, टूथपेस्ट एवं अन्य ओरल हाइजीन सामग्री भी प्रदान की गई। विभाग के रेजिडेंट चिकित्सकों डॉ. प्रियम अवस्थी, डॉ. ऋषि भुजवाल, डॉ. विकास जयंत, डॉ. ज्योति, डॉ. प्रगति, डॉ. अतीशा एवं डॉ. तांशी तथा समस्त स्टाफ की सक्रिय सहभागिता रही। कार्यक्रम का समापन तम्बाकू मुक्त भारत एवं ओरल कैंसर मुक्त समाज के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ।

 
 
 
 
 
 
 
RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments