Homeउत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh)बकरीद को लेकर श्रावस्ती प्रशासन अलर्ट:शांतिपूर्ण त्यौहार बनाने व सौहार्द का संदेश,...

बकरीद को लेकर श्रावस्ती प्रशासन अलर्ट:शांतिपूर्ण त्यौहार बनाने व सौहार्द का संदेश, कहा- अफवाह पर होगी सख्त कार्रवाई


श्रावस्ती में आगामी ईदुज्जुहा (बकरीद) पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए कलेक्ट्रेट सभागार में केंद्रीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग और पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी ने संयुक्त रूप से बैठक की अध्यक्षता की। इसमें प्रशासनिक, पुलिस अधिकारियों और संभ्रांत नागरिकों ने भाग लिया। जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग ने जनपदवासियों से शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण तरीके से बकरीद मनाने की अपील की। उन्होंने स्पष्ट किया कि त्योहार के दौरान कोई नई परंपरा शुरू न की जाए, जिससे शांति भंग हो या किसी की धार्मिक भावनाएं आहत हों। उन्होंने चेतावनी दी कि शांति व्यवस्था में बाधा डालने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को बकरीद के अवसर पर विद्युत, पेयजल और साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में यह भी बताया गया कि बिना अनुमति कोई जुलूस नहीं निकाला जाएगा। प्रतिबंधित जानवरों की कुर्बानी पूर्णतया वर्जित रहेगी, साथ ही सामूहिक और खुले स्थानों पर कुर्बानी पर भी प्रतिबंध रहेगा। धार्मिक जुलूसों या यात्राओं में अस्त्र-शस्त्र का प्रदर्शन भी प्रतिबंधित रहेगा। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि जिन क्षेत्रों में अभी तक शांति समिति की बैठकें नहीं हुई हैं, वहां संबंधित उपजिलाधिकारी, पुलिस क्षेत्राधिकारी, तहसीलदार और थानाध्यक्ष आपसी समन्वय से शीघ्र बैठकें आयोजित करें। उन्होंने प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने पर जोर दिया, ताकि पर्व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके। पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी ने सभी से एक-दूसरे की भावनाओं का सम्मान करते हुए सौहार्दपूर्ण तरीके से बकरीद मनाने का आग्रह किया। उन्होंने चेतावनी दी कि किसी भी प्रकार की अफवाह फैलाने, उत्तेजक गतिविधि करने या शांति भंग करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ तत्काल कठोर कार्रवाई की जाएगी और उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा। बैठक में उपस्थित संभ्रांत नागरिकों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस वर्ष भी श्रावस्ती जनपद में बकरीद का पर्व शांति और भाईचारे के साथ मनाया जाएगा।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments