श्रावस्ती में एक जनपद एक उत्पाद (ओडीओपी) योजना के तहत स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए एक महत्वपूर्ण पहल की गई। वित्तीय वर्ष 2025-26 में प्रशिक्षित कुल 300 लाभार्थियों को टूलकिट वितरित की गईं। जिला पंचायत अध्यक्ष दद्दन मिश्रा ने मुख्य अतिथि के रूप में लाभार्थियों को ये टूलकिट सौंपकर आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया। इस कार्यक्रम के तहत पारंपरिक उत्पादों और जनजातीय शिल्प से जुड़ी गुडिया देवी (ग्राम-धरसवा), मीना देवी (ग्राम-परेवपुर), मुन्नी देवी व कुसमा देवी (ग्राम-पचदेवरी), आरती देवी (ग्राम-परेवपुर), मोहनी देवी (ग्राम-भयापुरवा) को टूलकिट प्रदान की गईं। फर्नीचर उत्पाद से जुड़े गोरखनाथ (ग्राम-खरगौरा बस्ती) और नन्दू (ग्राम-कटरा) सहित अन्य लाभार्थियों को भी टूलकिट मिली। जिला पंचायत अध्यक्ष दद्दन मिश्रा ने लाभार्थियों से अपनी प्राप्त टूलकिट का प्रभावी उपयोग कर स्वरोजगार स्थापित करने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि उद्यम स्थापित करने के लिए मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान और ओडीओपी वित्त पोषण योजना के माध्यम से वित्तीय सहायता प्राप्त की जा सकती है। अध्यक्ष ने जोर दिया कि इससे न केवल व्यक्तिगत आय में वृद्धि होगी, बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे, जिससे जनपद आत्मनिर्भरता की दिशा में सशक्त बनेगा। इस अवसर पर संजय कैराती, उदय प्रकाश त्रिपाठी, उपायुक्त उद्योग राजेश कुमार पाण्डेय, वरिष्ठ सहायक गौतम कुमार, सीएम युवा फेलो दिलीप कुमार तिवारी सहित कई अन्य अधिकारी और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
ओडीओपी से आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ा कदम:रोजगार को मिलेगा बढ़ावा, जिपं अध्यक्ष ने 300 प्रशिक्षित लाभार्थियों को टूलकिट बांटी
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












