श्रावस्ती। जिले के मल्हीपुर थाना क्षेत्र के मटखनवा गांव में शादी से महज 9 दिन पहले एक 19 वर्षीय युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से परिवार और गांव में शोक की लहर दौड़ गई। मृतका की पहचान मंजोत कुमारी पुत्री जिलेदार निवासी ग्राम मटखनवा के रूप में हुई है। उसकी शादी आगामी 21 जून को तय थी और 14 मई को तिलक समारोह भी संपन्न हो चुका था।
परिजनों के अनुसार, घर में शादी की तैयारियां अंतिम चरण में चल रही थीं। इसी बीच बीती रात युवती अपने कमरे में फंदे से लटकी हुई मिली। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची तथा जांच शुरू कर दी।
मामले को लेकर कई तरह की चर्चाएं सामने आ रही हैं। युवक पक्ष का दावा है कि घटना से पहले युवती का घर में किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। यह भी कहा जा रहा है कि युवती ने फोन पर युवक से मंदिर में विवाह करने और अपने साथ ले जाने की बात कही थी। वहीं युवती द्वारा अपने पिता से जान का खतरा होने की आशंका जताने का भी दावा किया जा रहा है। हालांकि इन दावों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
मल्हीपुर थाना प्रभारी महेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि मृतका मंजोत कुमारी (19 वर्ष) ने बीती रात लगभग 10 बजे फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिनगा स्थित मर्चरी हाउस भेजा गया है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
शादी की खुशियों के बीच हुई इस घटना से पूरे परिवार की खुशियां मातम में बदल गई हैं और गांव में भी शोक का माहौल है।
श्रावस्ती – शादी से 9 दिन पहले युवती की संदिग्ध मौत, परिवार में मचा कोहराम
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












