प्रभारी मंत्री ने केंद्र सरकार के 12 वर्षो के कार्यकाल में हुए विकास पर आधारित प्रदर्शनी का किया उद्घाटन
श्रावस्ती। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर समेकित जनकल्याण एवं जन जागरूकता अभियान के क्रम में जनपद के प्रभारी मंत्री/माननीय मंत्री, कारागार विभाग, उ0प्र0 दारा सिंह चौहान जी की अध्यक्षता में विकास भवन के निकट जिला पंचायत रिसोर्स सेंटर में ’’मीडिया संवाद कार्यक्रम’’ आयोजित किया गया। इस दौरान प्रभारी मंत्री जी ने जनपद के पत्रकार बन्धुओं से संवाद करते हुए प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में देश एवं प्रदेश की प्रगति तथा विकास के हर क्षेत्र में किए गए ऐतिहासिक एवं सराहनीय कार्यों सहित आम जनमानस का जीवन स्तर ऊंचा उठाने हेतु सरकारी नीतियों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में विस्तार से अवगत कराया गया। इस अवसर पर विधायक श्रावस्ती रामफेरन पाण्डेय, जिलाध्यक्ष भाजपा डा0 मिश्री लाल वर्मा, जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग, पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी व मुख्य विकास अधिकारी शाहिद अहमद उपस्थित रहे।
मंत्री जी ने प्रेसवार्ता के दौरान कहा कि प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में केंद्र सरकार का विगत 12 वर्षों का कार्यकाल बेहद सराहनीय रहा है। इस अवधि में देश ने हर क्षेत्र में उन्नत विकास किया है। उन्होंने कहा कि सरकार का सबका साथ-सबका विकास-सबका विश्वास के लक्ष्य को प्राप्त करने में प्रधानमंत्री जी द्वारा कोई कमी नहीं छोड़ी गई है। विगत 12 वर्षों में देश को नई दिशा, नई ऊर्जा और नई पहचान मिली है। उन्होंने कहा कि भारत आज दुनिया की तेजी से बढ़ती हुई अर्थव्यवस्थाओं में से एक है तथा हम वैश्विक मंच पर मजबूत नेतृत्व के रूप में उभरे हैं। मंत्री जी ने कहा कि मा0 प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में हमेशा गरीबों, किसानों तथा उन सभी वर्गों के लिए कार्य किया है, जिनके बारे में आजादी के बाद से अब तक सोचा भी नहीं गया था। आज हम खाद्यान्न, रक्षा, चिकित्सा, आयुध उपकरणों के निर्माण में पहले से अधिक आत्मनिर्भर हैं, आज देश में शांति एवं कानून व्यवस्था का राज स्थापित है, हमारे नागरिक निडर होकर पहले से अधिक सम्मान से जीवन जी रहे हैं। मंत्री जी ने सरकार द्वारा चलाई गई महत्वपूर्ण योजनाओं जैसे प्रधानमंत्री जन-धन योजना, स्वच्छ भारत मिशन, मेक इन इंडिया कार्यक्रम, स्किल इंडिया कार्यक्रम, सांसद आदर्श ग्राम योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री मुद्रा योजना, अटल पेंशन योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, डिजिटल इंडिया कार्यक्रम, स्मार्ट सिटी मिशन, अमृत योजना, प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना, उज्ज्वला योजना, सुकन्या समृद्धि योजना, स्टार्टअप इंडिया योजना, स्टैंडअप इंडिया योजना, उजाला योजना, नमामि गंगे कार्यक्रम, सौभाग्य योजना, प्रधानमंत्री वंदन योजना, आयुष्मान भारत योजना, खेलो इंडिया कार्यक्रम, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना व मुद्रा योजना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी एवं लाभार्थीपरक योजनाओं पर विस्तृत प्रकाश डाला। उन्होंने प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व व मार्ग दर्शन में देश के चहुंमुखी विकास पर उनका हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि केन्द्र एवं राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से समाज के सभी वर्गों को लाभ मिल रहा है।
इस दौरान प्रभारी मंत्री जी ने केन्द्र सरकार के विगत 12 वर्षो के कार्यकाल में हुए अभूतपूर्व विकास कार्यो पर आधारित विकास प्रदर्शनी का फीता काटकर उद्घाटन किया तथा प्रदर्शनी का भ्रमण कर अवलोकन भी किया। इस दौरान मंत्री एवं अन्य जनप्रतिनिधियों ने केन्द्र सरकार के 12 वर्षो पर आधारित सेल्फी स्टैण्ड पर फोटो सेशन भी कराया।इस अवसर पर पूर्व जिलाध्यक्ष शंकर दयाल पाण्डेय, उदय प्रकाश त्रिपाठी, ब्लाक प्रमुख प्रतिनिधि हरिहरपुररानी सुभाष सत्या, ब्लाक प्रमुख प्रतिनिधि गिलौला प्रकाश चन्द्र सहित अन्य पार्टी पदाधिकारीगण, संबंधित अधिकारी आदि उपस्थित रहे।












