*
*”एक मुकदमा दर्ज करूंगा, जिंदगी और नौकरी सब खराब हो जाएगी”: निचलौल थानाध्यक्ष की धमकी का वीडियो वायरल।*
रिपोर्ट:हेमन्त कुमार दुबे।
निचलौल/महराजगंज।निचलौल थाना क्षेत्र अंतर्गत दर्जनों गांवों को तहसील मुख्यालय से जोड़ने वाला प्रमुख निचलौल-बहुवार मार्ग बदहाली के आंसू रो रहा है। गड्ढों में तब्दील हो चुकी इस सड़क से तंग आकर शनिवार सुबह स्कूली छात्र-छात्राओं और स्थानीय ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित लोगों ने सड़क पर उतरकर चक्का जाम कर दिया, जिससे देखते ही देखते दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और आवागमन पूरी तरह ठप्प हो गया। प्रदर्शन की सूचना मिलते ही निचलौल थानाध्यक्ष अंकित सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। हालांकि, जनसमस्या को सुनने और हल निकालने के बजाय थानाध्यक्ष का ‘पुलिसिया रौब’ देखने को मिला। आरोप है कि उन्होंने प्रदर्शन कर रहे मासूम छात्रों को सख्त लहजे में सरेआम धमकी दे डाली।
थानाध्यक्ष ने रौब गालिब करते हुए कहा:
> “बच्चे हो, राजनीति के चक्कर में मत पड़ो। एक मुकदमा दर्ज करूंगा तो जिंदगी, नौकरी और करियर सब खराब हो जाएगा… दो मिनट का समय भी नहीं लगेगा।”
थानाध्यक्ष का यह धमकी भरा बयान और रवैया अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे लेकर आम जनता और प्रबुद्ध वर्ग में भारी रोष व्याप्त है। स्थानीय ग्रामीणों और छात्रों का कहना है कि सड़क पूरी तरह जर्जर हो चुकी है। विशेषकर बरसात के मौसम में यह मार्ग जानलेवा गड्ढों और जलभराव के कारण दलदल में तब्दील हो जाता है। आए दिन छात्र और राहगीर गिरकर चुटिल हो रहे हैं।












