लखनऊ। राजधानी के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर सुरक्षा जांच के दौरान एक बड़ा मामला सामने आया है। थाना सरोजनीनगर पुलिस ने एक युवक को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया है, जो दुबई जाने की तैयारी में था।
क्या है पूरा मामला?
दिनांक 01 मई 2026 को सुबह करीब 4 बजे एयरपोर्ट पर बैग स्क्रीनिंग के दौरान सुरक्षा कर्मियों को एक संदिग्ध बैग मिला। जांच में उस बैग से 12 बोर का एक नाजायज देशी तमंचा बरामद हुआ। यह बैग महेश कुमार चौहान (22 वर्ष) का था, जो दुबई जाने के लिए एयरपोर्ट पहुंचा था।
तुरंत हुई कार्रवाई
एयरपोर्ट प्रशासन की सूचना पर लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट की सरोजनीनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया। उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया।
पूछताछ में नहीं दे पाया जवाब
पुलिस पूछताछ में आरोपी अपने पास तमंचा होने का कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। फिलहाल उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है और मामले की जांच जारी है।












