Homeउत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh)नहरों में पानी नहीं, धान की फसल सूख रही:रामनगर सेमरा में किसान...

नहरों में पानी नहीं, धान की फसल सूख रही:रामनगर सेमरा में किसान परेशान, सिंचाई विभाग के चक्कर काट रहे


बहराइच जिले के रामनगर, सेमरा, नानपारा और नवाबगंज सहित कई क्षेत्रों में धान की फसल पानी के अभाव में सूख रही है। नहरों और रजवाहों में पानी न मिलने से किसान चिंतित हैं। वे चौधरी चरण सिंह सरयू पंप नहर योजना के कार्यालय के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन उनकी समस्याओं पर कोई सुनवाई नहीं हो रही है। नवाबगंज क्षेत्र के हरिहरपुर नंदा, बसऊ, उमरिया, मिर्जापुर तिलक, बक्सी, सद्दू, अवधूत और रामनगर जैसे गांवों में इस वर्ष कम बारिश हुई थी। किसानों ने किसी तरह धान की नर्सरी तैयार कर रोपाई तो कर दी थी और पंपिंग सेट से सिंचाई कर पौधों को जीवित रखा था। हालांकि, फसल तैयार होने के महत्वपूर्ण समय पर नहरों और रजवाहों में पानी नहीं छोड़ा गया। पानी की कमी के कारण खड़ी धान की फसल अब सूखने लगी है। जहां संपन्न किसान अपने निजी पंपिंग सेट से खेतों की सिंचाई कर रहे हैं, वहीं छोटे किसान आर्थिक तंगी का सामना कर रहे हैं। पुरैनी गांव के भुवन भास्कर वर्मा, भगतपुरवा के रुस्तम खां, नादिया के बाबूलाल, निम्निहारा के राजकरन यादव और हरिहरपुर के राम सरण जैसे किसानों का कहना है कि पंपिंग सेट से पानी सींचते-सींचते वे कर्ज में डूब गए हैं। किसानों का आरोप है कि सिंचाई विभाग उनकी समस्याओं की अनदेखी कर रहा है। क्षेत्र के पटना स्थित स्वर्गीय चौधरी चरण सिंह सरयू नहर पंप परियोजना से जुड़ी नहरों और रजवाहों में पानी न छोड़े जाने की शिकायत लेकर किसान लगातार सिंचाई विभाग के कार्यालय के चक्कर काट रहे हैं। इस संबंध में अवर अभियंता सेराज अहमद से संपर्क किया गया। उन्होंने बताया कि पानी इकट्ठा किया जा रहा है और जल्द ही नहर में छोड़ा जाएगा।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments