प्रयागराज/सीतापुर। माध्यमिक शिक्षा परिषद, उत्तर प्रदेश (यूपी बोर्ड) ने हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा 2026 का परिणाम घोषित कर दिया है। इस वर्ष के परीक्षा परिणाम में एक बार फिर छात्राओं का दबदबा देखने को मिला, जबकि सीतापुर की बेटियों ने प्रदेश स्तर पर शीर्ष स्थान हासिल कर जनपद का नाम रोशन किया।
माध्यमिक शिक्षा निदेशक एवं सभापति डॉ. महेन्द्र देव और बोर्ड के सचिव भगवती सिंह ने गुरुवार को अपराह्न चार बजे बोर्ड मुख्यालय पर परिणाम घोषित किए। घोषित परिणाम के अनुसार हाईस्कूल में 90.42 प्रतिशत और इंटरमीडिएट में 80.38 प्रतिशत छात्र-छात्राएं उत्तीर्ण हुए हैं।
हाईस्कूल परीक्षा में सीतापुर के महमूदाबाद स्थित बाबूराम सावित्री देवी स्कूल की छात्रा कशिश वर्मा ने 97.83 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रदेश में संयुक्त रूप से पहला स्थान हासिल किया। इसी अंक के साथ बाराबंकी की अंशिका वर्मा भी टॉपर रहीं। हाईस्कूल में दूसरे स्थान पर अदिति (बाराबंकी) और तीसरे स्थान पर सीतापुर की अर्पिता, झांसी के ऋषभ साहू व बाराबंकी की परी वर्मा रहे।
इंटरमीडिएट परीक्षा में भी सीतापुर की शिखा वर्मा ने 97.60 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया। दूसरे स्थान पर बरेली की नंदिनी गुप्ता और बाराबंकी की श्रिया वर्मा रहीं, जबकि तीसरे स्थान पर बरेली की सुरभि यादव और बाराबंकी की पूजा पाल ने जगह बनाई।
परीक्षा 18 फरवरी से 12 मार्च के बीच प्रदेश के 8033 केंद्रों पर आयोजित की गई थी। इस वर्ष कुल 53 लाख 37 हजार 773 परीक्षार्थियों ने पंजीकरण कराया था, जिनमें से हाईस्कूल में 26 लाख से अधिक और इंटरमीडिएट में लगभग 24.86 लाख छात्र-छात्राएं परीक्षा में शामिल हुए।
मूल्यांकन प्रक्रिया 18 मार्च से 4 अप्रैल के बीच 254 केंद्रों पर पूरी की गई, जिसमें हाईस्कूल की कॉपियां 92 हजार से अधिक और इंटरमीडिएट की कॉपियां करीब 56 हजार परीक्षकों ने जांचीं। परिणामों में छात्राओं का प्रदर्शन बेहतर रहा। हाईस्कूल में 93.76 प्रतिशत बालिकाएं और 87.30 प्रतिशत बालक उत्तीर्ण हुए। वहीं इंटरमीडिएट में 86.32 प्रतिशत छात्राएं और 75.04 प्रतिशत छात्र सफल रहे।
कुल मिलाकर यूपी बोर्ड के इस वर्ष के परिणाम ने एक बार फिर साबित कर दिया कि बेटियां शिक्षा के क्षेत्र में लगातार नए कीर्तिमान स्थापित कर रही हैं और हर स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही हैं।












