HomeHealth & Fitnessलखनऊ में दर्दनाक हादसा,बेकाबू डम्पर ने चार गाड़ियों को रौंदा,चालक फरार

लखनऊ में दर्दनाक हादसा,बेकाबू डम्पर ने चार गाड़ियों को रौंदा,चालक फरार

लखनऊ। बुधवार सुबह मड़ियांव इलाके में एक बेकाबू डंपर ने 4 गाड़ियों को रौंद दिया। सवारी बैठा रहे ई-ऑटो, सीएनजी ऑटो, एक कार और एक बाइक को कुचल दिया। सभी गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं। हादसे में इन गाड़ियों के ड्राइवर समेत 4 लोग बुरी तरह घायल हो गए। एक युवक का बायां पैर कटकर डिवाइडर पर चिपक गया। स्कूल जा रही एक सरकारी टीचर के दाहिने पैर में चोट आई है।

जानकारी के मुताबिक हादसा मड़ियांव थाने से करीब 200 मीटर दूरी पर चंद्राढाल पर हुआ। लखनऊ-सीतापुर रोड की सर्विस लेन पर फ्लाईओवर के नीचे कुछ ऑटो वाले सवारियां बैठा रहे थे। वहीं पर चाय-पानी के दुकानें हैं। सुबह करीब 7 बजे एक डंपर मेन रोड को छोड़कर सर्विस लेन में घुस गया। उसने एक ऑटो को टक्कर मारी। फिर ऑटो से एक महिला टकरा कर 10 फीट दूर गिरी। वहीं पर एक बाइक पर युवक भी खड़ा था। वह ट्रक और डिवाइडर के बीच में आ गया। इससे उसका बायां पैर कट गया। एक पैर कटने की वजह से वह उठ नहीं पा रहा था। इस पूरे घटनाक्रम के दौरान डंपर के चालक और खलासी उतरकर भाग गए। पुलिस ने स्थानीय लोगों और राहगीरों की मदद से गाड़ियों के नीचे दबे घायलों को बाहर निकाला। जहां पर हादसा हुआ, वहां हमेशा पैदल चलने वालों और ऑटो वालों की मौजूदगी रहती है। यह मुख्य रोड के किनारे पतली रोड है।

डंपर तेज स्पीड में मुख्य सड़क से इसी रोड पर घुस आया। हादसा जब हुआ तो किसी के पास बचने का कोई मौका नहीं था। हादसे के बाद सबसे पहले डंपर का खलासी उतरकर भाग गया। इसके बाद ड्राइवर भी खलासी की साइड से ही भागा। घटनास्थल पर जगह-जगह गाड़ियों के पुर्जे और खून पड़ा हुआ था। एक पूरा पैर कटकर डिवाइडर पर चिपका हुआ था। हादसे के बाद पुलिस के साथ सिविल डिफेंस के वॉलंटियर्स भी मौके पर पहुंचे। यहां पर सड़क पर लोग तड़प रहे थे, कराह रहे थे। रेस्क्यू अभियान चलाकर इन्हें एंबुलेंस से हॉस्पिटल भेजा जाने लगा। क्षतिग्रस्त गाड़ियों को सड़क से हटाया जाने लगा। 

पुलिस ने घायलों को ट्रॉमा सेंटर जानकीपुरम और ट्रॉमा सेंटर केजीएमयू भिजवाया। मड़ियांव के भरत नगर के रामखेलावन के बेटे आशु गौतम (26) का बायां पैर पूरा कट गया। कुशीनगर जिले के घोड़ादेउर पिपराइच के रहने वाले मोहन सिंह के बेटे (22) अभय कुमार सिंह की हालत नाजुक है। 

सरकारी टीचर निधि (28) दोनों ऑटो चालक पंकज (40) और श्याम सुंदर (49) भी घायल हुए हैं। ऑटो ड्राइवर पंकज को उसके घरवाले लेकर चले गए। क्षतिग्रस्त कार के मालिक विकुलजीत हादसे से थोड़ा पहले उतरकर थोड़ी दूर चले गए थे, जिससे वह बच गए। गंभीर रूप से घायल आशू (30) के छोटे भाई आनंद ने बताया कि वह उन्हें ड्यूटी के लिए छोड़ने आया था। 

जैसे ही बाइक से उतरकर ऑटो में बैठने के लिए मुड़े, पीछे से डंपर ने टक्कर मारी। भाई का पैर बाइक के नीचे आकर कटकर अलग हो गया। करीब 45 मिनट बाद पुलिस ने भाई के पैर को निकाला। मड़ियांव थाना शिवानंद मिश्रा ने बताया कि सुबह 7:15 बजे की सूचना है। गंभीर रूप से एक घायल को केजीएमयू ट्रॉमा सेंटर भेजा गया है। दूसरे को जानकीपुरम ट्रामा में भेजा है। कुल 4 लोग घायल हुए हैं, जिनमें से एक पंकज की डिटेल पुलिस निकाल रही है। डंपर यूपी 78 जेटी 3673 के ड्राइवर की तलाश की जा रही है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments