HomeHealth & Fitnessडीजल के दाम बढ़ते ही बस से यात्रा करना हुआ महंगा

डीजल के दाम बढ़ते ही बस से यात्रा करना हुआ महंगा

ओडिशा : ओडिशा में निजी बस यात्रियों के लिए सफर अब थोड़ा महंगा हो गया है। राज्य सरकार ने शुक्रवार को अलग अलग श्रेणी की निजी बसों के किराए में बढ़ोतरी का ऐलान किया है। यह फैसला डीजल की बढ़ती कीमतों और परिवहन खर्च में लगातार हो रही वृद्धि को देखते हुए लिया गया है। नए किराए का असर राज्यभर में रोजाना यात्रा करने वाले यात्रियों से लेकर लंबी दूरी तय करने वाले लोगों तक पर पड़ेगा।

अब इतना देना पड़ेगा किराया

सरकार द्वारा जारी नई किराया सूची के अनुसार, ऑर्डिनरी बसों का किराया 88 पैसे प्रति किलोमीटर से बढ़ाकर 90 पैसे प्रति किलोमीटर कर दिया गया है। वहीं एक्सप्रेस बसों का किराया 92 पैसे से बढ़ाकर 94 पैसे प्रति किलोमीटर कर दिया गया है। डीलक्स बसों में सफर करने वाले यात्रियों को अब पहले से ज्यादा किराया देना होगा। डीलक्स बस का किराया 1 रुपये 27 पैसे प्रति किलोमीटर से बढ़ाकर 1 रुपये 31 पैसे प्रति किलोमीटर कर दिया गया है। इसी तरह एसी डीलक्स बसों का किराया 1 रुपये 55 पैसे से बढ़ाकर 1 रुपये 59 पैसे प्रति किलोमीटर कर दिया गया है। सबसे ज्यादा बढ़ोतरी सुपर डीलक्स बसों के किराए में की गई है। इस श्रेणी में किराया 6 पैसे प्रति किलोमीटर बढ़ाया गया है और अब यात्रियों को 2 रुपये 47 पैसे प्रति किलोमीटर की दर से भुगतान करना होगा।

डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी के बाद बढ़ा किराया

पिछले कुछ समय से निजी बस मालिक और परिवहन संचालक लगातार किराया बढ़ाने की मांग कर रहे थे। उनका कहना था कि डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी, वाहन रखरखाव खर्च, स्पेयर पार्ट्स की महंगाई और अन्य संचालन खर्च लगातार बढ़ रहे हैं, जिसके कारण पुराने किराए पर बस सेवा चलाना मुश्किल हो रहा था। राज्य में हाल ही में ईंधन संकट और तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव को लेकर भी काफी चर्चा रही है। ऐसे माहौल में सरकार ने परिवहन सेवाओं को चालू और आर्थिक रूप से संतुलित बनाए रखने के लिए किराया बढ़ाने का फैसला लिया है।

अगर डीजल महंगा हो रहा है तो बस मालिकों की परेशानी भी समझी जा सकती है। वहीं लगातार बढ़ती महंगाई के बीच किराया बढ़ने से रोजाना बस से यात्रा करने वाले यात्रियों के  मासिक खर्च पर अतिरिक्त बोझ पड़ेगा। खासकर नौकरीपेशा लोग, छात्र और रोजाना एक जिले से दूसरे जिले जाने वाले यात्रियों पर इसका सीधा असर देखने को मिल सकता है। लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों को अब पहले की तुलना में ज्यादा किराया चुकाना होगा।

परिवहन विभाग ने दी ये जानकारी

परिवहन विभाग के अनुसार निजी बस सेवाओं को सुचारू रूप से जारी रखने और बस ऑपरेटरों को राहत देने के लिए यह कदम जरूरी था। नई किराया दरें लागू होने के बाद आने वाले दिनों में राज्यभर के विभिन्न रूटों पर बस टिकट की कीमतों में बदलाव दिखाई देगा।

 

 

 

 

 

 

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments