लखनऊ। वर्तमान में समूचा उत्तर भारत भीषण गर्मी की चपेट में हैं। ऐसे में विश्वविद्यालयों में सेमेस्टर परीक्षाएं आयोजित करायी जा रही है। इसे लेकर कांग्रेस कमेटी शिक्षक प्रकोष्ठ के चेयरमैन डॉ० अमित कुमार राय ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं राज्यपाल आंनदी बेन पटेल से फाइनल सेमेस्टर को छोड़कर अन्य सभी परीक्षाएं जून माह में आयोजित न कराने की मांग किया है।
डॉ० अमित कुमार राय ने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा प्रदेश के विश्वविद्यालयों में सेमेस्टर परीक्षाएं 15 मई तक संपन्न कराने के निर्देश पूर्व में दिये गए थे। किंतु अनेक विश्वविद्यालयों द्वारा इसका पालन नहीं किया जा रहा है। वर्तमान में प्रदेश भीषण गर्मी की चपेट में है तथा कई जनपदों में तापमान 48 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है। ऐसे में विश्वविद्यालयों एवं महाविद्यालयों में सेमेस्टर परीक्षाएं आयोजित कराना छात्र एवं शिक्षक हितों के साथ अन्याय है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के कई महाविद्यालयों में पंखे एवं अन्य बुनियादी सुविधाएं भी नही हैं। ऐसी स्थिति में भीषण गर्मी के बीच परीक्षा कराना छात्रों एवं शिक्षकों के स्वास्थ्य के लिए खतरा बन सकता है। इस समय परीक्षाएं आयोजित करना किसी भी दृष्टि से न्यायसंगत नहीं है।












