बहराइच के तीन युवकों पर नेपाल में एक पानी टैंकर चढ़ गया, जिसमें से दो की मौत हो गई और एक गंभीर रूप से घायल हो गया। यह घटना रविवार देर रात नेपाल के धनगढ़ी स्थित एक ईंट भट्टे के पास हुई, जहां तीनों युवक सो रहे थे। यह हादसा देर रात उस समय हुआ जब एक अनियंत्रित पानी टैंकर उनकी झोपड़ी में घुस गया। टैंकर की चपेट में आने से बहराइच निवासी अजय, पवन और घूरे गंभीर रूप से घायल हो गए। इनमें से अजय की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 9 वर्षीय पवन ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। तीसरा युवक घूरे गंभीर रूप से घायल है और उसका इलाज चल रहा है। ये तीनों युवक बहराइच जनपद के सुजौली थाना क्षेत्र के बड़खड़िया ग्राम सभा के गुप्ता पुरवा गांव के निवासी थे। घाघरा नदी की कटान के कारण इनके घर कट गए थे, जिसके बाद ये नहर के किनारे रहकर जीवन यापन कर रहे थे। रोजगार की तलाश में ही ये नेपाल राष्ट्र के धनगढ़ी स्थित एक ईंट भट्टे पर काम करने गए थे। नेपाल पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम के बाद शवों को बहराइच के सुजौली थाना क्षेत्र में उनके परिजनों को सौंप दिया गया है। सुजौली थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत कारीकोट के लेखपाल अरुण ने मौके का मुआयना किया है और इसकी रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेज दी है। इस दुखद घटना से मृतकों के परिजनों में गहरा कोहराम मचा हुआ है। परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।
नेपाल में पानी के टैंकर ने 3 युवकों को कुचला:बहराइच के 9 साल के मासूम समेत दो की मौत, शव गांव पहुंचते ही परिजनों में कोहराम
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












