HomeHealth & Fitnessनौतपा के बीच मौसम ने ली करवट, कई जिलों में आंधी और...

नौतपा के बीच मौसम ने ली करवट, कई जिलों में आंधी और बारिश का अलर्ट

जयपुर। राजस्थान में नौतपा के बीच मौसम ने अचानक करवट ले ली है। शनिवार को प्रदेश के कई जिलों में आए तेज बवंडर, धूलभरी आंधी और बारिश के बाद रविवार को भी मौसम विभाग ने राज्य के अधिकांश हिस्सों के लिए अलर्ट जारी किया है।

मौसम विभाग ने आठ जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट तथा चार जिलों को छोड़कर लगभग पूरे प्रदेश के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ और सक्रिय वेदर सिस्टम का असर तीन जून तक बना रह सकता है।

प्रदेश के कई हिस्सों में शनिवार को मौसम का रौद्र रूप देखने को मिला। बीकानेर, चूरू, सीकर, नागौर, डीडवाना-कुचामन, हनुमानगढ़, श्रीगंगानगर और अलवर में तेज धूलभरी आंधी के कारण दिन में ही रात जैसा अंधेरा छा गया।

कई जगहों पर आसमान लाल-पीले धूल के गुबार से ढंक गया। बीकानेर के लूणकरणसर और बज्जू तथा चूरू के सरदारशहर क्षेत्र में लोगों को कुछ मीटर दूर तक देखना मुश्किल हो गया।

किशनगढ़ हवाई अड्डे पर आंधी की रफ्तार सबसे अधिक 102 किलोमीटर प्रति घंटा मापी गई, जिसने मौसम विभाग को भी चौंका दिया।

जयपुर ग्रामीण के जोबनेर क्षेत्र में शाम को तेज बारिश के साथ करीब पांच मिनट तक ओलावृष्टि हुई। कई इलाकों में पेड़ गिरने और बिजली आपूर्ति प्रभावित होने की भी सूचनाएं आईं।

आंधी-बारिश और बादलों की वजह से प्रदेश के तापमान में बड़ी गिरावट आ गई है। पिछले तीन दिनों में कई शहरों का पारा 9 से 12 डिग्री सेल्सियस तक नीचे आ गया। श्रीगंगानगर में 27 मई को तापमान 48.2 डिग्री था, जो घटकर 36.4 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया।

जयपुर में तापमान 45.4 डिग्री से गिरकर 36.8 डिग्री सेल्सियस रहा। अलवर में पारा 46 डिग्री से गिरकर 34.5 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। हनुमानगढ़ में तापमान 43.9 डिग्री से गिरकर 33.1 डिग्री सेल्सियस मापा गया।

शनिवार को राज्य के 20 शहरों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहा। सबसे अधिक तापमान फलोदी में 42.6 डिग्री सेल्सियस मापा गया।

इसके अलावा जैसलमेर में 41.4, बाड़मेर में 40.7, चूरू में 40.4 तथा बीकानेर और कोटा में 40.2 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। मौसम विभाग ने रविवार को भी प्रदेश के कई जिलों में तेज आंधी, बारिश और कहीं-कहीं ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की है।

 

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments