सिद्धार्थनगर में ढेबरुआ थानाक्षेत्र के सोनबरसा घाट पर गुरुवार शाम एक अनियंत्रित चारपहिया वाहन की चपेट में आने से मोटरसाइकिल सवार एक युवक की मौत हो गई। ग्रामीणों ने वाहन चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। मृतक की पहचान ढेबरुआ थानाक्षेत्र के खैरी उर्फ झुंगहवां के तिरछहवा टोले निवासी 22 वर्षीय कुद्दूश शाह पुत्र स्व. मो. रफीक के रूप में हुई है। कुद्दूश बकरीद के अवसर पर कठेला समय माता थाना क्षेत्र के चेचराफ में अपने रिश्तेदार के यहां दावत खाने गया था। लौटते समय सोनबरसा घाट पर वह एक पेड़ की छांव में रुका था, तभी कठेला बाजार की ओर से आ रहे एक तेज रफ्तार चारपहिया वाहन ने मोड़ पर अनियंत्रित होकर उसे टक्कर मार दी। इस हादसे में कुद्दूश की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर मारने के बाद चालक वाहन लेकर भागने लगा, लेकिन ग्रामीणों ने झुंगहवां के इटहिया मोड़ पर उसे पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी। सूचना मिलने पर ढेबरुआ एसएचओ दुर्गा प्रसाद और कठेला समय माता एसएचओ अरुण कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने चालक गंगाराम (निवासी खैरा बाजार, थाना कठेला) को हिरासत में लिया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कुद्दूश की शादी 9 मई को ही नेहलवा गांव के स्व. नूर मोहम्मद शाह की बेटी सहरुन्निशा के साथ हुई थी। बकरीद के त्योहार के दिन हुई इस घटना से परिवार में शोक का माहौल है। ढेबरुआ थानाध्यक्ष दुर्गा प्रसाद ने बताया कि शव और वाहन चालक को कब्जे में ले लिया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। उन्होंने बताया कि तहरीर मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
चार पहिया वाहन की टक्कर से युवक की मौत:सिद्धार्थनगर में सोनबरसा घाट पर हुआ हादसा, चालक गिरफ्तार
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












