श्रावस्ती जनपद के इकौना थाना क्षेत्र के खडैला गांव में 18 वर्षीय मोहम्मद आदम पुत्र ननकू आदम की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। बताया जा रहा है कि आदम गांव के बाहर खेत में बोई गई धान की नर्सरी देखने गया था। काफी देर तक जब वह वापस नहीं लौटा तो परिवार वालों ने उसे फोन किया, लेकिन कई बार कॉल करने के बावजूद उसने फोन नहीं उठाया। इसके बाद परिवार के लोग और ग्रामीण उसकी तलाश में जुट गए। इसी दौरान आदम की भाभी खेत की ओर जा रही थीं। जब वह खेत के पास बने एक छोटे मकान के करीब पहुंचीं तो अंदर का दृश्य देखकर चीख पड़ीं। मकान के भीतर आदम फंदे से लटका हुआ मिला, जबकि नीचे कुर्सी रखी हुई थी और वह उसी पर बैठा हुआ दिखाई दे रहा था। यह दृश्य देखते ही गांव में हड़कंप मच गया। घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। घटना के समय आदम के माता-पिता और परिवार के कुछ सदस्य घर पर मौजूद नहीं थे, वे किसी शादी समारोह में शामिल होने गए थे। सूचना मिलते ही परिवार वाले मौके पर पहुंचे, जहां बेटे की हालत देखकर उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया। परिजनों का आरोप है कि आदम को मारकर फंदे से लटकाया गया है। उनका कहना है कि आदम की किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी और वह शांत स्वभाव का लड़का था। घटना की जानकारी मिलते ही गिलौला थाना प्रभारी निरीक्षक आशीष कुमार वर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को बुलाकर घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच आने के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
खडैला में युवक ने की आत्महत्या:खेत में फंदे से लटका मिला शव, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












