HomeHealth & Fitnessवित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने जल जीवन मिशन कार्यों की समीक्षा की,...

वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने जल जीवन मिशन कार्यों की समीक्षा की, रेस्टोरेशन में लापरवाही पर जताई नाराजगी

शाहजहांपुर। उत्तर प्रदेश सरकार के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने मंगलवार को विकास भवन सभागार में आयोजित बैठक में जल जीवन मिशन के अंतर्गत चल रहे निर्माण कार्यों की समीक्षा की। बैठक के दौरान उन्होंने जल निगम ग्रामीण एवं शहरी द्वारा कराए जा रहे कार्यों की प्रगति का जायजा लिया और पेयजल पाइपलाइन बिछाने के बाद रेस्टोरेशन कार्य में लापरवाही तथा सभी घरों तक जलापूर्ति सुनिश्चित न होने पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की। मंत्री ने जल निगम ग्रामीण और संबंधित कार्यदायी संस्थाओं को निर्देश दिए कि रेस्टोरेशन कार्य और हर घर तक पेयजल पहुंचाने का कार्य सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ समयबद्ध ढंग से पूरा कराया जाए। उन्होंने कहा कि जनता को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए, नगर क्षेत्र में पाइपलाइन डालने के बाद रेस्टोरेशन कार्य में हो रही देरी पर भी मंत्री ने असंतोष जताते हुए कार्यदायी संस्था को 20 जुलाई तक सभी लंबित रेस्टोरेशन कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। बैठक में पार्षदों ने अपने-अपने वार्डों में पाइपलाइन बिछाने के बाद खराब सड़कों और अधूरे रेस्टोरेशन का मुद्दा उठाया, जिस पर मंत्री ने संबंधित संस्था को एक सप्ताह के भीतर सभी शिकायतों का समाधान करने का निर्देश दिया, उन्होंने स्पष्ट कहा कि भविष्य में जहां भी नई पेयजल पाइपलाइन डाली जाए, वहां उसी के साथ तत्काल रेस्टोरेशन कार्य भी कराया जाए, ताकि सड़कें पहले जैसी स्थिति में दिखाई दें और नागरिकों को परेशानी न हो। बैठक में जिलाधिकारी धर्मेन्द्र प्रताप सिंह ने जल निगम शहरी एवं ग्रामीण के अधिकारियों को निर्देश दिए कि शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल योजनाओं से जुड़ी सभी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित किया जाए। बैठक में नगर आयुक्त सौम्या गुरुरानी, मुख्य विकास अधिकारी उत्कर्ष द्विवेदी, डीएफओ सचिन कुमार, संबंधित विभागों के अधिकारी तथा जनप्रतिनिधि एवं पार्षद उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments