ब्रिटेन की संसद ने एक ऐतिहासिक बिल पास कर दिया है, जिससे धूम्रपान के खिलाफ लड़ने वालों को बड़ी राहत मिली है। इस बिल का नाम Tobacco and Vapes Bill है। इसके तहत 31 दिसंबर 2008 के बाद पैदा हुए लोग कभी भी सिगरेट नहीं खरीद सकेंगे।
यह बिल अब राजा चार्ल्स तृतीय के पास जाएगा। माना जा रहा है कि राजा की मंजूरी सिर्फ औपचारिकता है और जल्द ही यह कानून बन जाएगा। एक्शन ऑन स्मोकिंग एंड हेल्थ संगठन की चीफ एक्जीक्यूटिव हेज़ल चीज़मैन ने कहा, ‘धूम्रपान का अंत अब अनिश्चित नहीं रहा। यह तय हो चुका है कि धूम्रपान और इससे होने वाला भयंकर नुकसान खत्म हो जाएगा।’ इस संगठन ने दशकों तक इस कानून के लिए लड़ाई लड़ी थी।
यह भी पढ़ें: ‘ये हमारी जंग नहीं’, ट्रंप के बयान के बाद ब्रिटेन के प्रधानमंत्री का साफ संदेश
क्या कहता है बिल?
-
अभी सिगरेट, तंबाकू खरीदने की उम्र 18 साल है।
-
अगले साल यह बढ़कर 19 साल हो जाएगी।
-
उसके अगले साल 20 साल हो जाएगी।
-
इस तरह हर साल उम्र सीमा बढ़ती रहेगी।
इसका मतलब है कि आज के ज्यादातर युवा अपनी पूरी जिंदगी में कभी सिगरेट खरीद ही नहीं पाएंगे। बिल में सरकार को तंबाकू, वेप और निकोटिन उत्पादों के स्वाद, पैकिंग आदि को नियंत्रित करने का भी अधिकार दिया गया है।
ब्रिटेन अब दुनिया के सबसे सख्त एंटी-स्मोकिंग कानून वाले देशों में शामिल हो गया है। न्यूजीलैंड ने 2022 में ऐसा ही कानून बनाया था लेकिन बाद में नई सरकार आने पर उसे वापस ले लिया गया।
ब्रिटेन में धूम्रपान की स्थिति
1970 के दशक के बाद से ब्रिटेन में धूम्रपान करने वालों की संख्या में दो-तिहाई की कमी आई है। फिर भी अभी भी करीब 64 लाख लोग (कुल आबादी का 13%) सिगरेट पीते हैं। सरकार का कहना है कि हर साल धूम्रपान से करीब 80,000 लोगों की मौत होती है। यह देश में मौत, विकलांगता और खराब स्वास्थ्य का नंबर एक रोकथाम योग्य कारण है।
यह भी पढ़ें: अब तो भारत आना तय! नीरव मोदी को बड़ा झटका, प्रत्यर्पण के खिलाफ याचिका खारिज
स्वास्थ्य मंत्री वेस स्ट्रीटिंग ने कहा, ‘यूके के बच्चे अब पहली स्मोक-फ्री जनरेशन का हिस्सा बनेंगे। उन्हें जीवन भर की लत और नुकसान से बचाया जाएगा।’ यह कानून भविष्य की पीढ़ियों को धूम्रपान की आदत से दूर रखने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।












