बहराइच जिले के हुजूरपुर विकासखंड स्थित ताजपुर विद्यालय ने इस वर्ष कक्षा 12वीं की परीक्षा में शत-प्रतिशत (100%) परिणाम हासिल किया है। विद्यालय के सभी छात्र उत्तीर्ण हुए, जिससे पूरे परिसर में खुशी का माहौल है। परीक्षा में मेधावी छात्र-छात्राओं ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। सूरज मिश्रा ने 364 अंक (72.8%) प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। बबलू साहू 379 अंक (75.8%) के साथ दूसरे स्थान पर रहे, जबकि सादिया ने 357 अंक (71.4%) प्राप्त कर तीसरा स्थान प्राप्त किया। अन्य सफल छात्रों में अरुणेश यादव (344 अंक, 68.8%), तैय्यबा खातून (342 अंक, 68.4%), जमील अहमद (340 अंक, 68%), मो. इमरान (332 अंक, 66.4%), अंजली (324 अंक, 65%), मोहम्मद फैजान (323 अंक, 64.6%) और मोहिनी (310 अंक, 62%) शामिल हैं। विद्यालय के प्रबंधक मुस्तकीम अहमद ने इस उपलब्धि पर गर्व व्यक्त किया। उन्होंने कहा, “विद्यालय का शत-प्रतिशत परिणाम हमारे लिए गर्व की बात है। यह बच्चों की मेहनत, शिक्षकों की लगन और अभिभावकों के सहयोग का परिणाम है। हम आगे भी शिक्षा के स्तर को ऊंचा बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध हैं।” प्रधानाध्यापक मस्तराम मौर्य ने छात्रों की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा, “हमारे सभी छात्रों ने पूरी मेहनत और अनुशासन के साथ परीक्षा दी, जिसका परिणाम आज सामने है। यह 100% रिजल्ट हमारे विद्यालय की गुणवत्ता को दर्शाता है। सभी विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं।” प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले सूरज मिश्रा ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता और शिक्षकों को दिया, जबकि द्वितीय स्थान पर रहे बबलू साहू ने समय के सही उपयोग और शिक्षकों के मार्गदर्शन को महत्वपूर्ण बताया। तृतीय स्थान पर रहीं सादिया ने लगातार अभ्यास और लक्ष्य पर फोकस बनाए रखने की बात कही। विद्यालय परिवार ने सभी सफल विद्यार्थियों को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
बहराइच के ताजपुर विद्यालय का 12वीं में 100% रिजल्ट:सभी छात्रों ने किया शानदार प्रदर्शन
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












