तमिलनाडु में कांग्रेस के तमिलागा वेट्री कझगम (TVK) के साथ जाने का असर अब संसद में भी दिखने वाला है। तमिलनाडु में कांग्रेस की सहयोगी रही द्रविड़ मुनेत्र कझगम (DMK) ने लोकसभा स्पीकर से मांग की है कि अब उसके सांसदों को अलग बिठाया जाए। अभी तक INDIA गठबंधन का हिस्सा रही DMK का कहना है कि कांग्रेस से उसका गठबंधन खत्म हो गया है इसलिए उसके सांसदों को अब कांग्रेस के साथ नहीं बैठना है। माना जा रहा है कि इस तरह DMK ने कांग्रेस के साथ केंद्र में भी अपना गठबंधन खत्म करने का एलान कर दिया है।
इससे पहले, कांग्रेस ने एक लेटर जारी करके कहा था कि TVK ने उससे समर्थन मांगा है और वह उसके साथ जाने को तैयार है। इतना ही नहीं, कांग्रेस ने यह भी कह दिया था कि पेरियार और आंबेडकर के रास्ते पर चलते हुए दोनों दल तमिलनाडु में आगामी सभी चुनाव साथ में ही लड़ेंगे। रोचक बात है कि अब तक लोकसभा और विधानसभा के चुनाव में डीएमके और कांग्रेस साथ लड़ती आई हैं। हाल ही में हुए विधानसभा चुनाव में भी दोनों का गठबंधन था और इसी गठबंधन में कांग्रेस को कुल पांच सीटों पर जीत मिली है।
यह भी पढ़ें: तमिलनाडु में राष्ट्रपति शासन का डर…? TVK के पास नंबर नहीं, आज बनेगी बात?
DMK की चिट्ठी में क्या है?
लोकसभा में डीएमके की नेता और सांसद कनिमोई ने स्पीकर ओम बिरला को एक चिट्ठी लिखी है। इसमें लिखा गया है, ‘मैं आपसे डीएमके सांसदों के बैठने की व्यवस्था में बदलाव करने की मांग करती हूं। कांग्रेस से हमारा गठबंधन खत्म हो गया है, ऐसे में सदन में हमारे सांसदों का उनके (कांग्रेस के) सांसदों के बैठना उचित नहीं होगा। इसलिए मैं आपसे अनुरोध करती हूं कि आगामी सत्र से पहले हमारे सांसदों के बैठने की व्यवस्था बदल दी जाए और हमें कांग्रेस सांसदों के साथ न बिठाया जाए।’
इस खबर को अपडेट किया जा रहा है।











