बिजनौर। जिलाधिकारी जसजीत कौर के निर्देशों के अनुपालन में मुख्य विकास अधिकारी रणविजय सिंह की अध्यक्षता में सोमवार अपराह्न कलेक्ट्रेट सभागार में राज्य कर विभाग एवं उद्योग विभाग के संयुक्त तत्वावधान में दानवीर भामाशाह के जन्मदिवस को व्यापारी कल्याण दिवस के रूप में भव्यता के साथ मनाया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य विकास अधिकारी रणविजय सिंह ने कहा कि राज्य सरकार के निर्देशानुसार दानवीर भामाशाह के जन्मदिवस पर व्यापारी कल्याण दिवस मनाना व्यापारियों के सम्मान और कल्याण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि भामाशाह एक महान दानी थे, जिनका राष्ट्र निर्माण में ऐतिहासिक योगदान रहा है।
उन्होंने व्यापारियों से अपील करते हुए कहा कि सभी व्यापारी समय पर अपने करों का भुगतान सुनिश्चित करें। टैक्स भुगतान में ईमानदारी और पारदर्शिता देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान करती है, जिससे विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं को गति मिलती है। उन्होंने कहा कि व्यापारियों की भूमिका देश की उन्नति और समृद्धि में अत्यंत महत्वपूर्ण है।
कार्यक्रम के दौरान राज्य कर विभाग की ओर से जिले के सर्वाधिक कर भुगतान करने वाले 10 व्यापारियों को भामाशाह स्मृति चिन्ह एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। साथ ही मुख्यमंत्री व्यापारी दुर्घटना बीमा योजना के अंतर्गत लाभार्थियों को 10 लाख रुपये का चेक भी प्रदान किया गया।
इस अवसर पर व्यापार मंडल के प्रतिनिधियों ने अपनी समस्याएं और सुझाव मुख्य विकास अधिकारी के समक्ष रखे, जिन्हें गंभीरता से सुनते हुए उन्होंने आश्वासन दिया कि जिला प्रशासन व्यापारियों की समस्याओं के समाधान के लिए सदैव प्रतिबद्ध रहेगा।
कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) अंशिका दीक्षित, राज्य कर विभाग के उपायुक्त (प्रशासन) संजय सिंह, उपायुक्त उद्योग अमित कुमार सहित विकास कुमार अग्रवाल, जुल्फुकार आलम, मुनीश त्यागी, नितिन अग्रवाल एवं जिले के अनेक उद्योग बंधु और व्यापारी बंधु उपस्थित रहे।












