केंद्रीय जांच एजेंसी यानी CBI ने NEET-UG 2026 पेपर लीक मामले में एक्शन तेज कर दिया है। बुधवार को सीबीआई की टीम नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) के मुख्यालय पहुंची और यहां परीक्षा से जुड़े दस्तावेजों को कब्जे में लिया। कई संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है। शिक्षा मंत्रालय की शिकायत के आधार पर सीबीआई ने आपराधिक साजिश, धोखाधड़ी, चोरी, सबूतों को नष्ट करने और भ्रष्टाचार के आरोप में मामला दर्ज किया है। इस बीच राजस्थान एसओजी ने पेपर लीक मामले में दिनेश बिंवाल को गिरफ्तार किया है।
राजस्थान के पूर्व सीएम अशोक गहलोत ने दावा किया कि दिनेश बीजेपी से जुड़ा है। गहलोत ने एक्स पर लिखा, ‘नीट पेपर लीक में गिरफ्तार आरोपी दिनेश बिंवाल भारतीय जनता पार्टी का पदाधिकारी है। क्या यही वजह है कि राजस्थान की भाजपा सरकार ने NEET पेपर लीक को छिपाने का प्रयास किया एवं कोई एफआईआर दर्ज नहीं की? मैं 11 मई से ही कह रहा था कि भाजपा सरकार एफआईआर क्यों नहीं कर रही है? अब भाजपा की पोल खुल गई है। क्या अब भाजपा सरकार युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले पेपर लीक माफिया को संरक्षण दे रही हैं।’
यह भी पढ़ें: मणिपुर में चर्च से जुड़े 3 लोगों की हत्या, घात लगाकर उग्रवादियों ने किया हमला
कौन हैं दिनेश बिंवाल?
गहलोत ने एक फोटो शेयर किया। इसमें दिनेश बिंवाल को भाजयुमो का जिला मंत्री दिखाया गया है। हालांकि बीजेपी उपाध्यक्ष मुकेश दाधीच ने कहा कि बिंवाल पार्टी में किसी पद पर नहीं था। अभी तक की जानकारी के मुताबिक दिनेश बिंवाल जयपुर के जमवारामगढ़ से हैं। एसओजी ने सीकर, जयपुर ग्रामीण, अलवर और अन्य इलाकों से 150 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया है। 20 से अधिक आरोपियों को सीबीआई को सौंप दिया गया।
दिनेश के परिवार ने क्या कहा?
राजस्थान एसओजी ने दिनेश बिंवाल और उसके भाई मांगीलाल को हिरासत में लिया है। हालांकि उनके परिवार ने दिनेश को निर्दोष बताया। आरोप लगाया कि उन्हें झूठ फंसाया जा रहा है। दिनेश की मांग प्रभु देवी ने कहा कि दिनेश स्थानीय विधायक का अच्छा दोस्त है। मेरे बेटे बेगुनाह हैं। उन्हें झूठा फंसाया गया है। मैंने विधायक को फोन किया और उनसे पूछा कि उन्हें क्यों ले जाया गया? उधर, दिनेश की पत्नी ने कहा कि उनके पति बेटे के साथ सीकर नीट की तैयारी के लिए गए थे। वह ऐसे मामले में संलिप्त नहीं हो सकते हैं।
सीबीआई ने पांच को गिरफ्तार किया
उधर, राजस्थान पुलिस के अनुरोध पर महाराष्ट्र पुलिस ने नासिक जिले के नंदगांव से शुभम खैरनार को गिरफ्तार किया है। उसे स्थानीय मजिस्ट्रेट अदालत में पेश किया गया। जहां से उसे सीबीआई की हिरासत में भेज दिया गया है। बुधवार को सीबीआई की टीमों ने देशभर में दबिश दी और पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें से तीन आरोपियों को जयपुर, नासिक और गुरुग्राम से एक-एक को पकड़ा गया है।
यह भी पढ़ें: ‘फंसा रहे हैं, साजिश है’, NEET (UG) लीक के आरोपियों के घरवालों ने क्या कहा?
कब आयोजित की गई थी परीक्षा?
एनटीए ने देशभर के 551 शहरों और 14 विदेशी केंद्रों पर NEET-UG 2026 की परीक्षा आयोजित की थी। करीब 23 लाख छात्रों ने अपना पंजीकरण कराया था। तीन मई को परीक्षा आयोजित की गई। चार दिन बाद यानी 7 मई को पेपर लीक की जानकारी मिली।












