#बस्ती_न्यूज
बस्ती जिले की जीवनदायिनी कुआनों नदी के जीर्णोद्धार और स्वच्छता अभियान की औपचारिक शुरुआत बुधवार को की गई। जिला प्रशासन के तत्वावधान में जनसहभागिता से शुरू हुए इस अभियान का उद्घाटन उत्तर प्रदेश गोसेवा आयोग के उपाध्यक्ष महेश शुक्ला, जिला पंचायत अध्यक्ष संजय चौधरी, हर्रैया विधायक प्रतिनिधि सरोज मिश्रा और कप्तानगंज विधायक प्रतिनिधि गुलाब चन्द्र सोनकर ने संयुक्त रूप से किया। इस दौरान नदी किनारे सफाई अभियान चलाया गया, साथ ही वन विभाग द्वारा तटों पर वृक्षारोपण भी किया गया। प्रशासन ने बताया कि नदी के संरक्षण और पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के उद्देश्य से यह अभियान जनसहयोग से आगे बढ़ाया जाएगा। डीसी मनरेगा संजय शर्मा ने जानकारी दी कि कुआनों नदी जनपद में विकास खंड रामनगर की ग्राम पंचायत चन्दोखा से प्रवेश करती है और विकास खंड कुदरहा के लालगंज स्थित संगम घाट पर मनोरमा नदी में मिलती है। वर्तमान में नदी कई स्थानों पर जलकुंभी और गंदगी के कारण प्रदूषित हो चुकी है, जिससे जल प्रवाह भी प्रभावित हो रहा है। उन्होंने बताया कि प्रशासन ने ऐसे प्रदूषित स्थलों को चिन्हित कर लिया है, जहां क्रमबद्ध तरीके से सफाई कार्य कराया जाएगा। जनपद में कुल 14 स्थानों पर अभियान चलाकर नदी को स्वच्छ और अविरल बनाने का लक्ष्य रखा गया है। इस अभियान में जनप्रतिनिधियों, विभिन्न विभागों के अधिकारियों, कर्मचारियों और स्थानीय नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।
#बस्ती न्यूज़ टुडे
बस्ती में कुआनों नदी का कायाकल्प अभियान शुरू:जनसहभागिता से 14 स्थानों पर होगी सफाई और वृक्षारोपण
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












