Homeउत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh)श्रावस्ती में रेडक्रास ने शुरू किए दो नि:शुल्क प्याऊ:विधायक-डीएम ने लोगों को...

श्रावस्ती में रेडक्रास ने शुरू किए दो नि:शुल्क प्याऊ:विधायक-डीएम ने लोगों को पिलाया ठंडा पानी, 43 डिग्री पहुंचा तापमान


श्रावस्ती में भीषण गर्मी और संभावित हीटवेव के मद्देनजर आमजन को राहत पहुंचाने के लिए रेडक्रास सोसाइटी ने पहल की है। रेडक्रास अध्यक्ष एवं जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग के नेतृत्व में जिले में नि:शुल्क प्याऊ स्थापित किए जा रहे हैं। शनिवार को तहसील परिसर इकौना तथा सीताद्वार मोड़ पर दो नए प्याऊ का शुभारंभ किया गया। इन प्याऊ का संयुक्त रूप से उद्घाटन श्रावस्ती के विधायक रामफेरन पांडेय और जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग ने किया। इस अवसर पर विधायक और जिलाधिकारी ने स्वयं लोगों को गुड़ और शीतल जल वितरित कर जलसेवा की।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, अधिवक्ता, वादकारी, श्रद्धालु और राहगीर मौजूद रहे। इन प्याऊ से उन्हें स्वच्छ और ठंडा पेयजल उपलब्ध कराया जाएगा। सीताद्वार मोड़ पर रेडक्रास सदस्य राजेश शुक्ला द्वारा वाटर कूलर की व्यवस्था कर प्याऊ संचालित किया जाएगा। वहीं, तहसील परिसर में सत्या द आर्यन स्कूल के सहयोग से नि:शुल्क पेयजल सेवा उपलब्ध कराई जाएगी। विधायक रामफेरन पांडेय ने बताया कि लगातार बढ़ रहे तापमान को देखते हुए आम नागरिकों, अधिवक्ताओं, वादकारियों, श्रद्धालुओं और राहगीरों को राहत पहुंचाने के लिए इन प्याऊ की स्थापना की गई है। उन्होंने कहा कि जनहित को सर्वोपरि रखते हुए जिले के अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर भी इसी प्रकार की व्यवस्था की जाएगी। जिलाधिकारी एवं रेडक्रास अध्यक्ष अन्नपूर्णा गर्ग ने कहा कि मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार जिले में हीटवेव की परिस्थितियां बन रही हैं और तापमान 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था, ऐसे में लोगों को गर्मी से बचाने और उन्हें राहत पहुंचाने के उद्देश्य से रेडक्रास द्वारा महत्वपूर्ण सार्वजनिक स्थलों पर नि:शुल्क प्याऊ संचालित किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और जरूरत के अनुसार जिले के विभिन्न क्षेत्रों में नए प्याऊ स्थापित किए जाएंगे। प्रशासन की इस पहल का स्थानीय लोगों ने स्वागत किया है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments