सिद्धार्थनगर जिले के बांसी तहसील क्षेत्र के खेसरहा ब्लॉक स्थित ग्राम भलुहा में एक 71 वर्षीय विधवा महिला की जमीन का कथित तौर पर फर्जी बैनामा कराने का मामला सामने आया है। पीड़िता ने गांव के कुछ लोगों पर विश्वास में लेकर धोखाधड़ी करने का आरोप लगाया है। उन्होंने बांसी कोतवाली में तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। ग्राम भलुहा निवासी सुखना देवी, पत्नी स्वर्गीय दशरथ, ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उनके पति का निधन 10 फरवरी 2025 को हुआ था। उनके तीन पुत्र विनोद कुमार, राजकुमार और विजय कुमार रोजगार के लिए बाहर रहते हैं। पीड़िता के अनुसार, उनके पति के नाम गाटा संख्या 80 (रकबा 0.093 हेक्टेयर), गाटा संख्या 191 (रकबा 0.089 हेक्टेयर) और गाटा संख्या 81 (रकबा 0.902 हेक्टेयर) भूमि दर्ज है। पति की मृत्यु के बाद, उन्होंने राजस्व अभिलेखों में अपना और अपने पुत्रों का नाम दर्ज कराने के लिए गांव के कुछ परिचितों पर भरोसा किया था। महिला का आरोप है कि गांव के दो लोगों ने उन्हें विश्वास में लिया और कहा कि तहसील में नामांतरण की प्रक्रिया पूरी करनी है। आरोप है कि वे दोनों उन्हें मोटरसाइकिल से बांसी ले गए और लगातार यह बताते रहे कि जमीन पर उनका और उनके पुत्रों का नाम चढ़ाया जा रहा है। हालांकि, बाद में पता चला कि 14 मई 2026 को उनकी पूरी हिस्सेदारी का बैनामा कमलावती पत्नी रामचंद्र के नाम कर दिया गया था। सुखना देवी ने बताया कि उन्हें इस बात की जरा भी भनक नहीं लगी कि नामांतरण के बजाय जमीन का विक्रय पत्र तैयार किया जा रहा है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि विक्रय पत्र में उनके मोबाइल नंबर की जगह किसी दूसरे व्यक्ति का नंबर दर्ज कराया गया, ताकि उन्हें इस संबंध में कोई सूचना न मिल सके। महिला के अनुसार, गांव में इस मामले की चर्चा होने के बाद उन्हें शक हुआ। पीड़िता का कहना है कि जमीन के एवज में उन्हें कोई धनराशि नहीं दी गई और यह पूरी प्रक्रिया धोखे से की गई है। यह मामला फिलहाल क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।
सिद्धार्थनगर में विधवा की जमीन का फर्जी बैनामा:गांव के लोगों पर धोखाधड़ी का आरोप, FIR दर्ज करने की मांग
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












