श्रावस्ती के नासिरगंज स्थित हुसैनिया मस्जिद-इमामबाड़ा मार्ग पर शनिवार को हुई मूसलाधार बारिश के बाद जलभराव हो गया है। मुख्य मार्ग पर पानी और कीचड़ जमा होने से नमाजियों तथा राहगीरों को आवाजाही में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। यह मार्ग नासिरगंज कस्बे का मुख्य रास्ता है, जिसका उपयोग लोग हुसैनिया मस्जिद में नमाज अदा करने और हुसैनिया इमामबाड़े में मजलिस के लिए करते हैं। जलभराव के कारण सड़क पर फिसलन बढ़ गई है, जिससे दुर्घटना का खतरा बना हुआ है। जमा हुए गंदे पानी से बदबू भी आ रही है, जिससे बीमारियों के फैलने की आशंका जताई जा रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार, यह समस्या हर बारिश में उत्पन्न होती है। सड़क इंटरलॉकिंग की बनी है, लेकिन इसके किनारे बनी नाली पूरी तरह से टूट चुकी है और पट गई है। पानी की निकासी का कोई उचित इंतजाम न होने के कारण बारिश का पानी कई दिनों तक सड़क पर जमा रहता है। बाइक सवारों को गड्ढों से बचकर निकलने में काफी मशक्कत करनी पड़ रही है। इसी मार्ग से गुजरते हुए साइकिल पर अनाज लेकर आ रहा एक व्यक्ति पानी में गिर गया, जिससे उसकी परेशानी और बढ़ गई। स्थानीय निवासी शीबू, फैजी, कब्बन, मसर्रत और बन्ने सहित अन्य लोगों ने प्रशासन से जल्द से जल्द पानी की निकासी कराने और मार्ग को दुरुस्त करने की मांग की है। उनका कहना है कि इससे नमाजियों और आम लोगों को हो रही परेशानी दूर हो सकेगी।
श्रावस्ती के इमामबाड़ा मार्ग पर जलभराव, कीचड़:बारिश से नमाजियों और राहगीरों को आवाजाही में परेशानी
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












